Last Updated:
कानपुर में मेट्रो विस्तार को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की बर्रा से नौबस्ता तक 2200 करोड़ रुपये की परियोजना को वित्त विभाग से मंजूरी मिल गई है. जल्द ही सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन शुरू होने की उम्मीद है, जिससे दक्षिण कानपुर के लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा.
कानपुर. शहर के लोगों के लिए मेट्रो को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है. खासतौर पर दक्षिण कानपुर के उन लोगों के लिए जो लंबे समय से बर्रा से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे थे. अब यह इंतजार जल्द खत्म होने वाला है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने बर्रा से नौबस्ता तक मेट्रो चलाने की तैयारी पूरी कर ली है. जानकारी के मुताबिक, इस परियोजना की 2200 करोड़ रुपये की डीपीआर को प्रदेश सरकार के वित्त विभाग ने मंजूरी दे दी है. अब इस प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट के पास भेजा जाएगा. वहां से स्वीकृति मिलने के बाद फाइल पीआईबी और फिर केंद्रीय कैबिनेट के पास जाएगी. अंतिम मंजूरी मिलते ही बर्रा से नौबस्ता तक मेट्रो का रास्ता साफ हो जाएगा. यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि इस परियोजना के तहत करीब 8 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर मेट्रो चलाई जाएगी. इसके लिए छह नई ट्रेनें भी खरीदी जाएंगी. यह पूरी योजना डीपीआर में शामिल है.
दो माह में सेंट्रल से नौबस्ता तक दौड़ेगी मेट्रो
कानपुरवासियों के लिए राहत की एक और खबर है. यूपीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार अगले दो माह के अंदर कानपुर सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन शुरू करने की तैयारी है. नौबस्ता तक नए स्टेशन तैयार हो चुके हैं और अंतिम काम तेजी से चल रहा है. इसके शुरू होते ही दक्षिण कानपुर की करीब 20 लाख आबादी को सीधा फायदा मिलेगा. रोजाना नौकरी, व्यापार, पढ़ाई और दूसरे कामों के लिए सफर करने वाले लोगों का समय बचेगा और ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी.
साल के अंत तक बर्रा तक पहुंचेगी मेट्रो
अधिकारियों का कहना है कि इसी साल के अंत तक सीएसए विश्वविद्यालय से बर्रा तक भी मेट्रो ट्रैक पर उतरने की योजना है. यानी आने वाले महीनों में शहर के बड़े हिस्से को मेट्रो सेवा मिलने लगेगी. फिलहाल कानपुर में आईआईटी कानपुर से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो का संचालन जारी है. इस रूट पर रोजाना हजारों यात्री सफर कर रहे हैं. मेट्रो को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जिसके बाद अब बाकी इलाकों में भी विस्तार तेजी से किया जा रहा है. माना जा रहा है कि बर्रा से नौबस्ता तक मेट्रो शुरू होने के बाद कानपुर के विकास को नई रफ्तार मिलेगी. साथ ही लोगों को सुरक्षित, तेज और आरामदायक सफर का बेहतर विकल्प मिलेगा.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें


