Last Updated:
Vaibhav Suryavanshi paused interview for Justin Langer: मैच के बाद जब वैभव सूर्यवंशी टीवी पर इंटरव्यू दे रहे थे, तभी लखनऊ सुपर जायंट्स के कोच और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज जस्टिन लैंगर इस युवा खिलाड़ी के खेल से प्रभावित होकर उनके पास आए और साथ में एक फोटो खिंचवाने की गुजारिश की. जवाब में वैभव ने भी बड़े सम्मान के साथ इंटरव्यूअर से थोड़ी देर रुकने को कहा और लैंगर के साथ फोटो खिंचवाई. इसके बाद दोनों ने हाथ मिलाया और लैंगर ने कहा, ‘मैं इस फोटो को हमेशा संभाल कर रखूंगा.’
मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी से मिले जस्टिन लैंगर.
नई दिल्ली. 15 साल के ‘वंडर किड’ वैभव सूर्यवंशी सिर्फ बैटिंग से ही नहीं, बल्कि अपने संस्कारों से भी हर किसी का दिल जीत रहे हैं. बीते दिन लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए मुकाबले में वैभव ने 93 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को अहम जीत दिलाई. मैच के बाद वैभव एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका से उनके पैर छूकर मिले. उनके इस जेस्चर की तो चारों तरफ तारीफ हुई ही, साथ ही वैभव ने जिस तरह जस्टिन लैंगर से मिलने के लिए बीच में इंटरव्यू रोक दिया, उनके इस कदम की भी काफी सराहना हो रही है. यह पहली बार नहीं है, जब वैभव को इस तरह से बड़ों का सम्मान करते देखा गया है.
बैटिंग तो बैटिंग, संस्कारी भी हैं वैभव
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर और लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज से खासा प्रभावित हुए. मैच के बाद जब वैभव टीवी पर इंटरव्यू दे रहे थे, तभी जस्टिन लैंगर इस युवा खिलाड़ी के पास आए और साथ में एक फोटो खिंचवाने को कहा. जवाब में वैभव ने भी बड़े सम्मान के साथ इंटरव्यूअर से थोड़ी देर रुकने बोला और लैंगर के साथ फोटो खिंचवाई. जैसे ही लैंगर उनकी तरफ बढ़े, सूर्यवंशी ने ब्रॉडकास्टर से कहा, ‘जरा एक सेकंड रुकिए.’ और लैंगर से बातचीत करने लगे. लैंगर ने उनसे पूछा, ‘क्या मुझे एक फोटो मिल सकती है?’ सूर्यवंशी ने बड़े सम्मान से जवाब दिया, ‘जी सर, बिल्कुल.’ लैंगर ने वैभव से हाथ मिलाया और जाते-जाते कहा, ‘मैं इस फोटो को हमेशा संभाल कर रखूंगा.’
वैभव सूर्यवंशी और लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर.
वैभव की जमकर की तारीफ
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी लैंगर ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की और उनकी पारी को ‘अदभुत’ बताया. लैंगर ने कहा, ‘वह अभी कितना छोटा है. वह एक बेहद शानदार खिलाड़ी है और सच कहूं तो उसे बल्लेबाजी करते हुए देखना मेरे लिए एक सौभाग्य की बात है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हमने पूरे सीजन में यह देखा है. वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. मैंने अपने 35 साल के क्रिकेट करियर में कई शानदार खिलाड़ी देखे हैं. लेकिन एक इतने छोटे लड़के को न केवल आज रात, बल्कि पूरे सीजन में इस तरह बल्लेबाजी करते देखना वाकई हैरान कर देने वाला है.’
अभी ऐसी बैटिंग है तो आगे क्या होगा
लैंगर का मानना है कि जैसे-जैसे इस भारतीय खिलाड़ी को अनुभव मिलेगा, वह और बेहतर होता जाएगा, क्योंकि वह अभी से ही दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाजों को अपने शॉट्स से हैरान कर रहा है. लैंगर ने पुराना मैच याद करते हुए कहा, ‘पिछले मैच में जब मिचेल स्टार्क गेंदबाजी कर रहे थे, तब उनके चेहरे के हाव-भाव देखने लायक थे. वहीं एनरिक नोर्खिया जैसे वर्ल्ड क्लास इंटरनेशनल गेंदबाज को भी वैभव ने आसानी से मारा. इन गेंदबाजों के चेहरे के भाव ऐसे थे जैसे वो पूछ रहे हों- ‘आखिर यहां हो क्या रहा है?’ सबसे डरावनी बात तो यह है कि अगर आज मिचेल स्टार्क और नोर्खिया जैसे गेंदबाजों के चेहरे उड़ रहे हैं, तो सोचिए तब क्या होगा जब यह लड़का पूरी तरह से बैटिंग सीख जाएगा?’
विस्फोटक पारी खेल राजस्थान को जिताया
टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम के लिए मैच निराशाजनक रहा, जहां उन्हें 13 मैचों में अपनी 9वीं हार का सामना करना पड़ा. पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में 220/5 का मजबूत स्कोर बनाया था, लेकिन राजस्थान ने 7 विकेट और 5 गेंद शेष रहते इसे आसानी से हासिल कर लिया. इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेलकर राजस्थान को एक यादगार जीत दिलाई. वैभव ने इस पारी के दौरान 7 चौके और 10 छक्के लगाए.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


