Last Updated:
Mosquitoes Desi Remedies: श हरियाणा के फरीदाबाद के गांवों में मच्छरों से बचने के लिए आज भी देसी नुस्खा अपनाया जा रहा है. ग्रामीण प्याज को काटकर कमरे या दरवाजे पर लटकाते हैं जिससे उसकी तेज गंध मच्छरों को दूर रखती है. लोगों का दावा है कि यह तरीका सस्ता सुरक्षित और असरदार है जिसमें बिजली या केमिकल का इस्तेमाल नहीं होता.
फरीदाबाद. गर्मी आते ही मच्छरों का आतंक बहुत ज्यादा देखने को मिलता है. अक्सर शहरों में प्रशासन फॉगिंग भी करवाता है, ताकि डेंगू ना फेले. लेकिन एक देसी नुस्खा भी है, जिससे आप मच्छरों को भगा सकते हैं.
दरअसल, शहरों में लोग मच्छर भगाने के लिए कॉइल, अगरबत्ती, लिक्विड मशीन और स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन हरियाणा के फरीदाबाद के गांवों में आज भी लोग पुराने देसी नुस्खों पर भरोसा करते हैं. यहां कई ग्रामीण मच्छरों से बचने के लिए घर के बाहर या कमरे में प्याज लटकाते हैं. उनका दावा है कि इससे मच्छर घर के अंदर नहीं आते. खास बात यह है कि इस उपाय में न बिजली का खर्च होता है और न ही किसी कैमिकल का इस्तेमाल करना पड़ता है.
फरीदाबाद के रहने वाले महेंद्र सैनी ने Local18 से बातचीत में बताया यह तरीका मेरे परिवार में कई सालों से अपनाया जा रहा है. सूखी प्याज को बीच से काटकर उसके दो टुकड़े कर लिए जाते हैं. इसके बाद किसी धागे की मदद से उसे बल्ब के पास कमरे के दरवाजे पर लटका दिया जाता है. प्याज की तेज गंध से मच्छर दूर रहते हैं और घर के अंदर नहीं आते.
महेंद्र ने बताया मेरा कमरा करीब 10 बाई 15 फुट का है और एक प्याज पूरे कमरे के लिए काफी होती है. प्याज छोटी हो या बड़ी इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता. महेन्द्र सैनी ने बताया मैं खेतों के बीच में रहता हूं जहां मच्छरों की संख्या काफी ज्यादा रहती है. इसके बावजूद एक प्याज लटकाने से मच्छरों से राहत मिलती है. यह तरीका हमारे बुजुर्ग भी अपनाते थे और आज भी गांव में कई लोग इसे इस्तेमाल करते हैं.
महेन्द्र सैनी ने बताया एक प्याज का असर करीब एक दिन तक रहता है. इसलिए रोज नई प्याज लगानी पड़ती है महेंद्र ने बताया मैं मच्छर भगाने के लिए न तो अगरबत्ती जलाता हूं और न ही आल आउट का इस्तेमाल करता हूं. प्याज की गंध से सिर्फ मच्छर ही नहीं बल्कि छिपकली और दूसरे छोटे कीड़े भी दूर रहते हैं.
मच्छर भगाने के लिए नीम के पत्ते जलाने का तरीका भी अपनाते हैं लेकिन प्याज ज्यादा बेस्ट है और मैं इसीलिए यह पूरी तरह देसी उपाय करता हूं. जिसमें किसी तरह का नुकसान नहीं है. आज जब लोग केमिकल वाले उत्पादों से बचना चाहते हैं ऐसे में यह पुराना नुस्खा एक बार फिर लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है. गांव की यही खासियत है कि यहां आज भी पुराने और कारगर घरेलू उपाय जिंदा हैं.
क्यों भागते हैं मच्छर
दरअसल, प्याज में मौजूद सल्फर के कंपाउंड्स होते हैं और इसकी तेज गंध के कारण मच्छर भाग जाते हैं. विशेष रूप से लाल प्याज की गंध अधिक प्रभावी होती है. इसके अलावा, मच्छर नीम, कपूर, लहसुन, सिट्रोनेला और लैवेंडर, पुदीना और तेजपत्ते की तेज़ गंध से भी दूर भागते हैं. क्योंकि इस गंध से मच्छरों की सूंघने की क्षमता कम हो जाती है.


