Last Updated:
UP Encounter News: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन लगातार तेज होता जा रहा है. प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पुलिस एनकाउंटर में इनामी बदमाश समेत दुष्कर्म के अपराधी गिरफ्तार किये गए है. जिनके पास से लाखों के जेवर-हथियार बरामद किये गये है. पुलिस का दावा है कि ज्यादातर मामलों में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की. जिसके जवाब में कार्रवाई की गई.
यूपी एनकाउंटर न्यूज
UP Encounter: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है. हरदोई, सीतापुर, आजमगढ़, प्रतापगढ़ और मेरठ में पुलिस और बदमाशों के बीच अलग-अलग मुठभेड़ हुई. जिसमें कई शातिर अपराधी पकड़े गए. इस दौरान इनामी बदमाशों से लेकर चोरी और फायरिंग की वारदातों में शामिल आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े. मुठभेड़ में कई बदमाश गोली लगने से घायल हुए, जबकि उनके पास से अवैध हथियार, चोरी के जेवरात और वाहन बरामद किए गए.
हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई. जिसमें दो शातिर चोर गिरफ्तार किए गए. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में वांछित थे. उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, लाखों रुपये के आभूषण और अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए गए. मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र में नहर कोठी के पास एसओजी और अटरिया पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हुई. जिसमें कई राउंड फायरिंग हुई. इस कार्रवाई में 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहम्मद फरीद और बैजनाथ घायल हो गए. दोनों पर चोरी के कई मामलों में मुकदमे दर्ज है और वे लंबे समय से वांछित चल रहे थे. पुलिस ने उनके पास से लगभग 7 लाख रुपये के पीली धातु के जेवर, बाइक, 2 तमंचे, 4 खोखा, 3 जिंदा कारतूस और नगदी बरामद की. दोनों आरोपी सिधौली और संदना थाना क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे है.
इधर मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी के पास भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की गोली लगने से कुख्यात अमन ओबेरॉय घायल हो गया, जबकि उसका साथी नवीन उपाध्याय गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों पर सड़क पर फायरिंग कर दहशत फैलाने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज है. पुलिस के मुताबिक जवाबी फायरिंग के दौरान घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोचा गया.
आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस दुष्कर्म के आरोपी नखड़ू उर्फ साहब की तलाश में दबिश दे रही थी. इसी दौरान खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
वहीं प्रतापगढ़ में दिलीपपुर थाना और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में एटीएम बदलकर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया. शिवसत पुल के पास हुई इस मुठभेड़ में मो. आफताब और नौशाद के पैर में गोली लगी. दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में एटीएम बदलकर लोगों के खाते से रुपए उड़ाते थे. गिरफ्तार मो. आफताब पर लूट, चोरी और हत्या के प्रयास सहित चार मुकदमे दर्ज है, जबकि नौशाद पर एक मुकदमा दर्ज है. दोनों आरोपी लीलापुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे है. पुलिस ने बदमाशों के पास से 11 हजार रुपए नगद, छह एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, तमंचा और कारतूस बरामद किए है.
About the Author

काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की…और पढ़ें


