Last Updated:
Tariff on EU : ट्रंप ने टैरिफ को लेकर नया दांव खेल दिया है. उन्होंने यूरोपीय संघ से आयात की जाने वाली कारों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की बात कही है. यह फैसला तब किया गया है, जबकि अमेरिकी सु्प्रीम कोर्ट ने पिछले दिनों ट्रंप के लगाए सभी टैरिफ को अवैध करार देते हुए खारिज कर दिया था.
ट्रंप ने यूरोपीय यूनियन से आयातित कारों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया है.
नई दिल्ली. ईरान के साथ युद्ध में बार-बार अमेरिका की अनदेखी करना यूरोपीय संघ को भारी पड़ गया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ पर 25 फीसदी टैरिफ लगा दिया है. वैसे तो अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि ट्रंप को ऐसा टैरिफ लगाने का अधिकार ही नहीं है और उनके पिछले सभी टैरिफ कैंसिल भी कर दिए हैं. बावजूद इसके अमेरिकी राष्ट्रपति ने कानून के लूप होल का फायदा उठाते हुए बैक डोर से नया आयात शुल्क ठोक दिया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह अगले सप्ताह यूरोपीय संघ (ईयू) से आयातित कारों एवं ट्रकों पर शुल्क बढ़ाकर 25 फीसदी कर देंगे. इस कदम से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यूरोपीय संघ हमारे सहमत व्यापार समझौते का पालन नहीं कर रहा है. हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों का विस्तार से विवरण नहीं दिया.
तय हुआ था 15 फीसदी तक टैरिफ
अमेरिकी राष्ट्रपति और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेएन के बीच पिछले साल जुलाई में एक व्यापार समझौता हुआ था, जिसके तहत अधिकांश वस्तुओं पर 15 फीसदी शुल्क की सीमा तय की गई थी. यह शुल्क ढांचा ‘टर्नबेरी समझौता’ के नाम से जाना जाता है जिसका नाम स्कॉटलैंड में ट्रंप के गोल्फ कोर्स पर रखा गया था. दोनों पक्षों ने पहले इस समझौते को बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी जताई थी.
10 फीसदी से आगे कैसे बढ़े ट्रंप
इस साल की शुरुआत में अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के एक फैसले के बाद इस समझौते को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है. शीर्ष अदालत ने कहा था कि ट्रंप के पास आर्थिक आपातकाल घोषित कर यूरोपीय संघ के उत्पादों पर शुल्क लगाने का कानूनी अधिकार नहीं है. इस फैसले के बाद शुल्क सीमा प्रभावी रूप से 10 फीसदी तक सीमित हो गई. हालांकि, ट्रंप प्रशासन व्यापार असंतुलन और राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों की जांच कर रहा है, ताकि नया शुल्क ढांचा लागू किया जा सके.
समझौते से 60 करोड़ यूरो बचत की थी अनुमति
यूरोपीय संघ का कहना है कि ट्रंप के ताजा ऐलान की वजह से यूरोपीय संघ के साथ समझौते के उल्लंघन का खतरा पैदा हो सकता है. यूरोपीय संघ का कहना है कि इस द्विपक्षीय समझौते से यूरोपीय वाहन विनिर्माताओं को हर महीने 50 से 60 करोड़ यूरो की बचत हो सकती थी. आंकड़ों के अनुसार,साल 2024 में अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं का व्यापार 1.7 लाख करोड़ यूरो (करीब दो लाख करोड़ डॉलर) रहा, जो औसतन प्रतिदिन 4.6 अरब यूरो के बराबर है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें


