Last Updated:
UP Yogi Cabinet Portfolios: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के नए मंत्रियों को आखिरकार विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी को MSME और सपा से आए मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद मंत्रालय जैसी बड़ी जिम्मेदारी मिली है. इसके साथ ही प्रमोट हुए मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को भी विभाग सौंप दिए गए हैं. सीएम योगी की सिफारिश पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंत्रियों के मंत्रालयों की सूची को मंजूरी दे दी है. इस फैसले के बाद सचिवालय से लेकर सियासी गलियारों तक चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है.
Yogi Cabinet Portfolios: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आखिरकार वो घड़ी आ ही गई जिसका सबको बेसब्री से इंतजार था. शपथ ग्रहण के पूरे 6 दिन बाद नए और प्रमोट हुए मंत्रियों को उनके विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सिफारिश पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंत्रियों के मंत्रालयों की सूची को मंजूरी दे दी है. इस फैसले के बाद सचिवालय से लेकर सियासी गलियारों तक चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है.
भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को मिली बड़ी जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्रियों की बात करें तो संगठन से सरकार में वापसी करने वाले सीनियर नेता भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है. वहीं, समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले और कद्दावर नेता मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्रालय का जिम्मा मिला है, जो सीधे तौर पर जनता से जुड़ा हुआ बड़ा विभाग माना जाता है.
| मंत्री का नाम | पद | आवंटित विभाग |
| भूपेन्द्र चौधरी | कैबिनेट मंत्री | सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग |
| मनोज पाण्डेय | कैबिनेट मंत्री | खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग |
| अजीत सिंह पाल | राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) | खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग |
| सोमेन्द्र तोमर | राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) | राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग |
| कृष्णा पासवान | राज्य मंत्री | पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग |
| कैलाश सिंह राजपूत | राज्य मंत्री | ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग |
| सुरेन्द्र दिलेर | राज्य मंत्री | आय विभाग |
| हंस राज विश्वकर्मा | राज्य मंत्री | सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग |
10 मई को हुआ था योगी कैबिनेट का विस्तार
बीते रविवार (10 मई) को लखनऊ के जन भवन में योगी सरकार-2.0 का अहम मंत्रिमंडल विस्तार हुआ था. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कुल 6 नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई थी, जिनमें भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, सुरेंद्र दिलेर, कैलाश राजपूत, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा शामिल थे. इसके अलावा, पहले से मौजूद दो राज्य मंत्रियों सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल के अच्छे कामकाज को देखते हुए उनका प्रमोशन कर उन्हें स्वतंत्र प्रभार का मंत्री बनाया गया था.
2027 विधानसभा चुनाव के लिए जातीय समीकरण साधा
भारतीय जनता पार्टी ने इस मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के बंटवारे के जरिए सोशल इंजीनियरिंग का बड़ा दांव खेला है. साल 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए इस विस्तार को बेहद रणनीतिक माना जा रहा है. पार्टी ने इसके जरिए अगड़े, पिछड़े और दलित समाज के नेताओं को कैबिनेट में जगह देकर जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाने की पूरी कोशिश की है. इसके साथ ही नाराज चल रहे सहयोगियों और संगठन के समर्पित नेताओं को भी सरकार में एड्जस्ट कर आगामी बड़ी चुनावी जंग के लिए किलेबंदी मजबूत कर ली है.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें


