Last Updated:
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को एक और तोहफा दिया है. चौड़ी सड़कों के बाद अब शहर की प्रमुख शहरों के डिवाइडर को थिमेटिक लुक मिलेगा. अब डिवाइडर पर योग मुद्राओं के साथ वाद्य यंत्रो की प्रतिमाओं को लगाया जाएगा.
गोरखपुर की सड़कों को मिलेगा थिमेटिक लुक
गोरखपुर. स्मार्ट सिटी गोरखपुर में सड़कों को चौड़ा करने के बाद योगी सरकार उनके सौंदर्य को निखारने की पहल कर रही है. गोरखपुर के मुख्य मार्ग अब नई आभा से निखर उठेंगे. इसके लिए मुख्य मार्गों के डिवाइडर पर थिमेटिक प्रतिमाओं की स्थापना कर उनका कलात्मक विकास किया जाएगा. इस नए प्रोजेक्ट का उद्देश्य राहगीरों और सैलानियों के मन में गोरखपुर की छवि को अविस्मरणीय बनाना है.
मुख्य मार्गों के डिवाइडर के कलात्मक विकास की परियोजना को पीपीपी मॉडल पर मूर्त रूप दिया जाएगा. इस प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने किया जा चुका है. नगर निगम बोर्ड में इस संबंध में प्रस्ताव पारित होने के बाद अब काम शुरू होने जा रहा है. एक माह में परियोजना आकार लेने लगेगी. महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने बताया कि गोरखपुर के मार्गों पर बने डिवाइडर का सौंदर्य अब केवल हरियाली तक सीमित नहीं रहेगा. अब उन्हें कलात्मक और सांस्कृतिक पहचान भी मिलेगी. डिवाइडर को थिमेटिक सांस्कृतिक रूप देने के लिए कहीं राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह और वाद्य यंत्रों की आकृतियां दिखाई देंगी, तो कहीं योग मुद्राओं की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनेंगी. इसके जरिये गोरखपुर शहर को आधुनिकता के साथ भारतीय संस्कृति और परंपरा से जोड़ा जाएगा. महापौर का मानना है कि आने वाले समय में गोरखपुर की सड़कें केवल यातायात का माध्यम नहीं बल्कि कला, संस्कृति और आधुनिक विकास का प्रतीक बनकर लोगों को आकर्षित करेंगी.
थिमेटिक प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी
परियोजना के अंतर्गत प्रमुख चौराहों व मार्गों पर थिमेटिक प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी. इन प्रतिमाओं में संगीत, योग, अध्यात्म और भारतीय जीवनशैली की झलक देखने को मिलेगी. इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के मन में विकसित और व्यवस्थित गोरखपुर की सकारात्मक छवि भी बनेगी. सड़क किनारे आकर्षक लाइटिंग पहले से है. अब डिवाइडर पर हरियाली के बीच कलात्मक संरचनाओं के माध्यम से शहर को नया रूप दिया जाएगा. नगर के प्रवेश मार्गों और प्रमुख यातायात मार्गों को विशेष रूप से चिन्हित कर उनका सौंदर्यीकरण कराया जाएगा ताकि शहर में प्रवेश करते ही लोगों को आधुनिक और स्वच्छ गोरखपुर का अनुभव हो.
विभिन्न विभागों से मिला NOC
प्रमुख मार्गों के डिवाइडर का थिमेटिक विकास करने के लिए चयनित संस्था इंडियन आर्ट एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक कृष्ण मोहन बताते हैं कि काम शुरू करने से पहले विभिन्न विभागों की तरफ से जरूरी एनओसी हासिल कर लिया गया है. एक माह में काम शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि डिवाइडर पर थिमेटिक प्रतिमाओं के साथ ही उसके आसपास बड़े पैमाने पर फूलों के पौधों को लगाकर खूबसूरती को और बढ़ाया जाएगा. संस्था परियोजना कार्य का कुल मिलाकर 30 वर्ष तक अनुरक्षण कार्य भी करेगी.
कहां-कहां लगेंगी प्रतिमाएं
पैडलेगंज से नौका विहार मार्ग के डिवाइडर पर वाद्य यंत्रों की थीम की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी.
असुरन चौराहा से लेकर गुलरिहा तक अध्यात्म और योग मुद्राओं की थीम वाली प्रतिमाओं को लगाया जाएगा.
यातायात तिराहा से बरगदवा तक के डिवाइडर पर अध्यात्म थीम पर प्रतिमाओं से सजाया जाएगा.
देवरिया बाईपास मार्ग (चिड़ियाघर मुख्य मार्ग) के डिवाइडर को एनिमल थीम पर विकसित किया जाएगा.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें


