Last Updated:
SL Akshay Dies: कर्नाटक के 39 वर्षीय पूर्व तेज गेंदबाज एसएल अक्षय का रविवार को मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. 2014-15 की रणजी विजेता टीम के सदस्य रहे अक्षय ने कर्नाटक के लिए कई मैच खेले थे. संन्यास के बाद वह राज्य की अंडर-19 टीम के समर्पित कोच के रूप में जुड़े हुए थे.
कर्नाटक के पूर्व तेज गेंदबाज का दिल का दौरा पड़ने से निधन.
नई दिल्ली. कर्नाटक के पूर्व तेज गेंदबाज एसएल अक्षय का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. वह 39 साल के थे. अक्षय उस टीम का हिस्सा थे जिसने 2014-15 में रणजी ट्रॉफी जीती थी. वह रविवार को केएससीए तीसरे डिवीजन मैच में सैफायर सीसी की तरफ से खेल रहे थे. मैच के दौरान चार ओवर गेंदबाजी करने के बाद अक्षय ने असहज महसूस किया और मैदान से बाहर चले गए. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के बयान के मुताबिक, ‘अक्षय ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कर्नाटक का शानदार प्रतिनिधित्व किया. अपने खेल करियर के बाद भी उन्होंने पूरे समर्पण और जुनून के साथ क्रिकेट की सेवा जारी रखी.’
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कर्नाटक के खिलाड़ी डोड्डा गणेश ने ‘X’ पर दुख जताते हुए लिखा, ‘क्रिकेट जगत के लिए यह बेहद बुरी खबर है. 39 साल के तेज गेंदबाज एसएल अक्षय, जिन्हें मैंने उनके अंडर-19 के दिनों से बहुत करीब से देखा था, आज एक डिवीजन मैच खेलने के दौरान हमारे बीच नहीं रहे. अपना दुख बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं. बहुत ही शांत स्वभाव के अक्षय, जिन्होंने 2011/12 में कर्नाटक के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था, अब इस दुनिया में नहीं हैं. भगवान अक्षय की आत्मा को शांति दे.’
Terrible terrible news for the cricket community. SL Akshay, 39, a fast bowler, whom I saw from close quarters from his U19 days has passed away today while playing a division match.
Just don’t have words to express my grief. A soft spoken guy who played for Karnataka in 2011/12… pic.twitter.com/AgX34j4GPw— Dodda Ganesh | ದೊಡ್ಡ ಗಣೇಶ್ (@doddaganesha) May 24, 2026


