15.4 C
Munich

रिकॉर्ड ब्रेकिंग जोड़ी…शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने रचा इतिहास, आईपीएल में यह कारनामा करने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी

Must read


होमखेलक्रिकेट

रिकॉर्ड ब्रेकिंग जोड़ी…शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने रचा इतिहास

Last Updated:

Shubman Gill Sai Sudharsan scripted history: शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने आईपीएल में 2,500 साझेदारी रन पूरे कर इतिहास रच दिया है. वे यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय जोड़ी बन गई है. महज 43 पारियों में यह मील का पत्थर छूकर उन्होंने विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. 62.56 के शानदार औसत और 9 शतकीय साझेदारियों के साथ यह जोड़ी वर्तमान में विश्व क्रिकेट की सबसे घातक और भरोसेमंद टी20 पार्टनरशिप बनकर उभरी है.

Zoom

शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने रचा इतिहास.

नई दिल्ली. यह एक ऐतिहासिक शनिवार की शाम थी. जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम एक ऐसी साझेदारी का गवाह बना, जिसने न केवल गुजरात टाइटंस के लिए मैच की नींव रखी, बल्कि आईपीएल के इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया. शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 2,500 रनों की पार्टनरशिप का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. 9 मई 2026 की यह तारीख क्रिकेट प्रेमियों को लंबे समय तक याद रहेगी. गिल और सुदर्शन अब आईपीएल इतिहास की पहली ऐसी भारतीय जोड़ी बन गई है. जिसने 2,500 रनों का आंकड़ा छुआ है. इससे पहले यह कारनामा केवल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की दो दिग्गज जोड़ियों विराट कोहली और एबी डिविलियर्स (3123 रन) व विराट कोहली और क्रिस गेल (2787 रन) के नाम दर्ज था. लेकिन गिल और सुदर्शन की खासियत यह है कि उन्होंने विदेशी सितारों के बिना, दो भारतीय बल्लेबाजों के रूप में इस एलीट क्लब में अपनी जगह बनाई है.

आईपीएल में ओपनिंग साझेदारी की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद का दबदबा साफ नजर आता है, लेकिन अब गुजरात टाइटंस की नई जोड़ी उन्हें कड़ी टक्कर दे रही है.आईपीएल इतिहास में बतौर ओपनर्स सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां करने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से तीन जोड़ियों के नाम दर्ज है. शिखर धवन और डेविड वॉर्नर की पुरानी दिग्गज जोड़ी, अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की विस्फोटक जोड़ी, और अब गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल व साई सुदर्शन ये तीनों ही जोड़ियां 6-6 बार शतकीय स्टैंड बना चुकी हैं. गिल और सुदर्शन बतौर भारतीय यह कारनामा करने वाले पहले ओपनर बन गए. इनके ठीक पीछे सनराइजर्स की ही डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो (5 बार) तथा आरसीबी के फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली (5 बार) की जोड़ी का नाम आता है. गिल और सुदर्शन की युवा जोड़ी जिस तरह से खेल रही है, उसे देखते हुए यह रिकॉर्ड जल्द ही पूरी तरह उनके नाम होने की उम्मीद है.’

शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने रचा इतिहास.

इन दोनों की जुगलबंदी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी रफ्तार है. गिल और सुदर्शन ने अपनी 43वीं पारी में ही इस मील के पत्थर को हासिल कर लिया. इसके साथ ही वे आईपीएल में सबसे तेजी से 2,500 रन बनाने वाली जोड़ी बन गए हैं. अगर विश्व स्तर पर टी20 क्रिकेट की बात करें, तो वे इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. उनसे आगे केवल इंग्लैंड की घरेलू क्रिकेट जोड़ी डेनियल बेल-ड्रमंड और जो डेनली हैं, जिन्होंने 41 पारियों में यह मुकाम पाया था. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने इस मामले में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान (53 पारी) और विराट कोहली-क्रिस गेल (55 पारी) जैसी महान जोड़ियों को काफी पीछे छोड़ दिया है. यहां तक कि डिविलियर्स और कोहली की जोड़ी को भी यहां तक पहुंचने में 61 पारियां लगी थीं।

आंकड़े गवाह हैं कि यह जोड़ी केवल रन नहीं बना रही, बल्कि बेहद निरंतरता के साथ बना रही है. 2,500 से अधिक रन बनाने वाली सभी जोड़ियों में गिल और सुदर्शन का औसत सबसे शानदार है. वे फिलहाल 62.56 के औसत से रन जोड़ रहे हैं, जो उनकी तकनीकी श्रेष्ठता और आपसी समझ को दर्शाता है.

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में इन दोनों ने 118 रनों की शतकीय साझेदारी की। यह इन दोनों के बीच नौवीं बार 100 या उससे अधिक रनों की साझेदारी थी. अब वे टी20 इतिहास में सर्वाधिक शतकीय साझेदारियों के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनसे आगे केवल कोहली-गेल, कोहली-डिविलियर्स और बाबर-रिजवान की जोड़ियां हैं, जिनके नाम 10-10 शतकीय साझेदारियां दर्ज हैं. जिस लय में गिल और सुदर्शन खेल रहे हैं, यह कहना गलत नहीं होगा कि वे जल्द ही दुनिया की सबसे सफल टी20 जोड़ी बन जाएंगे.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article