Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ का समीकरण पूरी तरह से उलझ गया है. मुंबई इंडियंस को लखनऊ सुपर जायंट्स पर मिली जीत ने उसकी उण्मीदों को जिंदा रखा है. टीम ने 10 मैच में से सिर्फ 3 जीता है और उसके अभी चार मुकाबले बाकी हैं. यहां से अगर सारे मैच में जीत मिली तो टीम 14 अंकों तक पहुंच सकती है.
मुंबई इंडियंस के IPL 2026 प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार
नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस ने लगातार तीन मैच हारने के बाद जीत की राह पर वापसी की है. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में एमआई ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की. यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए शर्मनाक स्थिति से बचने के लिए था, क्योंकि हारने वाली टीम अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच सकती थी. पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने छह विकेट से मैच जीत लिया और आठ गेंद रहते बड़े लक्ष्य को हासिल किया. रोहित शर्मा ने चोट से वापसी करते हुए 44 बॉल पर 84 रन की पारी खेल जीत की नींव रखी. 228 रन के विशाल लक्ष्य को हासिल कर टीम ने प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है.
यह मुंबई इंडियंस की सीजन की सिर्फ तीसरी जीत है और घरेलू मैदान पर दूसरी जीत है. इससे पहले उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया था. इस सीजन में मुंबई की एकमात्र बाहर की जीत गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 99 रन से मिली थी. जीत के बावजूद मुंबई इंडियंस अंक तालिका में नौवें स्थान पर बनी हुई है. केकेआर आठवें स्थान पर है और उसके सात अंक हैं. मुंबई के छह अंक हैं और वह चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स से दो अंक पीछे है, जिनके आठ-आठ अंक हैं.
मुंबई इंडियंस कैसे पहुंचेगी प्लेऑफ में ?
इस जीत से मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ की दौड़ में गणितीय रूप से उम्मीदें जिंदा हैं, लेकिन हकीकत यह है कि उन्हें क्वालीफाई करने के लिए चमत्कार की जरूरत है. हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम अगर अपने बचे हुए सभी मैच जीत भी जाती है, तो उसके अधिकतम 14 अंक ही हो सकते हैं. जानकारी के लिए बता दें कि 2022 में टूर्नामेंट के 10 टीमों के आने के बाद से सिर्फ एक बार ऐसा हुआ है जब किसी टीम ने 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बनाई हो. वह टीम थी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) जिन्होंने 2024 में यह कारनामा किया था.


