Last Updated:
When Shahid Afridi caught with girls in hotel: शाहिद अफरीदी का करियर जितना शानदार रहा, उतने ही उनके विवाद भी चर्चित रहे. साल 2000 में कराची के एक होटल में लड़कियों के साथ पकड़े जाने पर उन्हें बैन का सामना करना पड़ा था. इस विवाद से नाराज होकर उनके पिता ने अनुशासन सिखाने के लिए महज 20 साल की उम्र में उनका निकाह ममेरी बहन नादिया से करा दिया.
शाहिद अफरीदी साल 2000 में कराची के होटल में लड़कियों के साथ पकड़े गए थे.
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट के ‘बूम-बूम’ कहे जाने वाले शाहिद अफरीदी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जितने मशहूर रहे, उससे कहीं ज्यादा सुर्खियां उन्होंने अपने विवादों से बटोरीं. करियर के शुरुआती दौर में साल 2000 के दौरान कराची के एक होटल में लड़कियों के साथ पकड़े जाने के वाकये ने पूरे क्रिकेट जगत को हिला दिया था. इस’शर्मनाक’ स्कैंडल ने न सिर्फ उन पर बैन लगवाया, बल्कि उनके निजी जीवन की दिशा भी बदल दी. अनुशासन सिखाने के लिए उनके परिवार ने महज 20 साल की उम्र में उनका निकाह उनकी ममेरी बहन नादिया से करा दिया.
यह किस्सा है साल 2000 का, जब शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) के करियर का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा था, लेकिन एक ‘शर्मनाक’ वाकये ने उनकी साख पर बट्टा लगा दिया. पाकिस्तान की टीम को सिंगापुर में एक ट्राई सीरीज खेलने जाना था, जिसमें तीसरी टीम दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड थी. टीम रवानगी की तैयारी में थी, लेकिन उड़ान भरने से ठीक एक रात पहले कराची के एक होटल में जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया. शाहिद अफरीदी, अपने दो साथी खिलाड़ियों अतीक उज जमान और हसन रजा के साथ कराची के एक होटल में ठहरे हुए थे. तभी खबर आई कि इन तीनों खिलाड़ियों को होटल के एक कमरे में कुछ लड़कियों के साथ पाया गया है. यह खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते यह एक नेशनल स्कैंडल बन गया. अनुशासन के मामले में सख्त पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के लिए यह एक बड़ा झटका था.
शाहिद अफरीदी साल 2000 में कराची के होटल में लड़कियों के साथ पकड़े गए थे.
ऑटोग्राफ का बहाना और PCB का हंटर
जब मामला बोर्ड के पास पहुंचा, तो तीनों खिलाड़ियों की पेशी हुई. अफरीदी ने सफाई देते हुए कहा कि वह बेगुनाह हैं और उन्हें फंसाया जा रहा है. उनका तर्क था कि लड़कियां हमारे कमरे में केवल ऑटोग्राफ लेने आई थीं और हमारा उनसे कोई गलत संबंध नहीं था. हालांकि, पीसीबी उनकी इस दलील से संतुष्ट नहीं हुआ. मामले की गंभीरता और अनुशासनहीनता को देखते हुए बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया. शाहिद अफरीदी पर भारी जुर्माना लगाया गया और उन्हें आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से बैन कर दिया गया. साथ ही, उन पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी ठोंका गया. अतीक उज जमान और हसन रजा का करियर तो इस घटना के बाद पटरी से ही उतर गया, लेकिन अफरीदी अपनी लोकप्रियता की वजह से वापसी करने में सफल रहे.
पिता की डांट और शादी का फैसला
मैदान पर गेंदबाजों की धुनाई करने वाले शाहिद अफरीदी अपने घर में काफी डरे हुए थे. इस घटना के बाद उनके परिवार को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी थी. अफरीदी ने खुद बाद में एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि उनके पिता इस घटना से बेहद नाराज थे. घर के बुजुर्गों ने फैसला किया कि अब इस ‘बिगड़ैल’ छोरे को सुधारने का एक ही रास्ता है शादी. उनके परिवार ने बिना वक्त गंवाए अफरीदी के लिए रिश्ता तय कर दिया. दिलचस्प बात यह है कि यह रिश्ता कहीं और नहीं, बल्कि उनके सगे मामा की बेटी नादिया से तय हुआ.
20 साल की उम्र में ममेरी बहन से निकाह
महज 20 साल की उम्र में, जब क्रिकेटर्स अपने करियर की ऊंचाइयों को छूने का सपना देखते हैं, अफरीदी को निकाह के बंधन में बंधना पड़ा. घर वालों की फटकार और समाज की बातों से बचने के लिए परिवार ने जल्दबाजी में यह कदम उठाया. 21 अक्टूबर 2000 को अफरीदी और नादिया का निकाह हुआ. शाहिद अफरीदी ने बाद में बताया था कि उन्होंने अपनी पत्नी को निकाह से पहले कभी नहीं देखा था, जबकि वह उनके मामा की ही लड़की थीं. यह पूरी तरह से एक अरेंज मैरिज थी, जिसे एक विवाद के ‘डैमेज कंट्रोल’ के तौर पर देखा गया. अफरीदी पांच बेटियों के पिता हैं. बड़ी वाली लड़की की शादी उन्होंने शाहीन अफरीदी से की है.
विवादों से वापसी तक का सफर
हालांकि इस घटना ने अफरीदी की छवि पर गहरा असर डाला था, लेकिन उन्होंने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. निकाह के बाद उनकी जिंदगी में ठहराव आया और उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर फिर से वही आक्रामकता दिखाई. अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए 398 वनडे मैच खेले और 8,000 से ज्यादा रन बनाने के साथ-साथ 395 विकेट भी चटकाए.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


