Last Updated:
indian batsman to score century on odi debut KL Rahul: भारत के लिए वनडे डेब्यू पर शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज केएल राहुल हैं. उन्होंने 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे डेब्यू किया और इस मुकाबले में 100 रन की नाबाद पारी खेली. अब तक वनडे डेब्यू पर 19 बल्लेबाज शतक लगाने में कामयाब रहे हैं. साउथ अफ्रीका के मैथ्यू ब्रिट्जके ने वनडे डेब्यू पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रन बनाए थे.
केएल राहुल ने वनडे डेब्यू पर जमाया था शतक.
नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में जब भी रिकॉर्ड्स की बात होती है, तो फैंस के जेहन में सबसे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली या रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के नाम आते हैं. लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि वनडे क्रिकेट के इतिहास में सिवाय एक क्रिकेटर के, भारत के दिग्गज से दिग्गज बल्लेबाज भी अपने पहले मैच में शतक नहीं जड़ सके हैं. क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर अपने पहले वनडे में शून्य पर आउट हुए थे, तो वहीं किंग कोहली ने अपने डेब्यू मैच में महज 12 रन बनाए थे. भारतीय क्रिकेट में जिसने अपने वनडे सफर की शुरुआत ही एक धमाके के साथ की, वो नाम कोई और नहीं, बल्कि स्टाइलिश बल्लेबाज केएल राहुल हैं.
हरारे को वो मैदान जहां रचा गया इतिहास
यह कहानी साल 2016 की है. 11 जून का दिन था और भारतीय टीम जिम्बाब्वे के दौरे पर हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर उतरी थी. केएल राहुल के लिए यह बेहद खास दिन था क्योंकि उन्हें नीली जर्सी में पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला. भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को महज 168 रनों पर समेट दिया था. जीत का लक्ष्य छोटा था, लेकिन डेब्यू मैच का दबाव हमेशा अलग होता है. भारत ने पारी की शुरुआत की, लेकिन महज 11 रन के स्कोर पर करुण नायर के रूप में पहला विकेट गिर गया. इसके बाद मैदान पर केएल राहुल ने जो धैर्य और क्लास दिखाई, उसने हरारे में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया. राहुल ने जल्दबाजी न दिखाते हुए 115 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 1 गगनचुंबी छक्का शामिल था.
जिम्बाब्वे के खिलाफ केएल राहुल ने खेली थी नाबाद 100 रन की पारी.
यादगार सेंचुरी और जीत का जश्न
जब भारत जीत से सिर्फ 2 रन दूर था, तब राहुल 94 रन पर खेल रहे थे. उन्होंने हैमिल्टन मसाकाद्जा की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर न सिर्फ भारत को मैच जिताया, बल्कि नाबाद 100* रन बनाकर इतिहास की किताबों में अपना नाम अमर कर लिया. उन्होंने वनडे डेब्यू पर शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया. उसके बाद से अब तक कोई यह करिश्मा भारतीय क्रिकेट में दोहरा नहीं सका है.
क्रिकेट इतिहास के वो 19 ‘सिकंदर’
वर्ल्ड क्रिकेट के इतिहास में अब तक कुल 19 बल्लेबाजों ने वनडे डेब्यू पर शतक लगाने का करिश्मा किया है. इस सफर की शुरुआत आज से करीब पांच दशक पहले साल 1972 में हुई थी, जब इंग्लैंड के डेनिस एमिस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैनचेस्टर में 103 रनों की पारी खेलकर इस अनोखे क्लब की नींव रखी थी. इसके बाद वेस्टइंडीज के दिग्गज डेसमंड हेन्स (148 रन) और जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर (115* रन) जैसी महान हस्तियों ने भी अपने पहले ही मैच में दुनिया को अपनी ताकत दिखाई. पाकिस्तान के सलीम इलाही, न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल और दक्षिण अफ्रीका के कॉलिन इनग्राम जैसे बल्लेबाजों ने भी अपने पहले ही मैच में शतकीय पारी खेलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में धमाकेदार एंट्री ली थी.
मैथ्यू ब्रिट्जके ने तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड
अगर इस स्पेशल क्लब में सबसे बड़ी पारी की बात की जाए, तो वह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के मैथ्यू ब्रिट्जके के नाम दर्ज है. 10 फरवरी 2025 को लाहौर के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए ब्रिट्जके ने तबाही मचा दी थी. उन्होंने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 148 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 150 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. यह वनडे इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा डेब्यू में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है. उनसे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के डेसमंड हेन्स के नाम था, जिन्होंने 1978 में 148 रन बनाए थे.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


