नई दिल्ली. आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है. लेकिन बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें आमने-सामने हुईं, तो सबकी निगाहें स्कोरबोर्ड से ज्यादा टीम शीट पर टिकी थीं. दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली, जो सीजन की शुरुआत से ही शानदार फॉर्म में थे, मेजबान टीम की शुरुआती इलेवन का हिस्सा नहीं थे. हालांकि, मैनेजमेंट ने उन्हें ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ की लिस्ट में शामिल कर फैंस की उम्मीदों को जिंदा रखा है.
विराट कोहली की गैरमौजूदगी का कारण पिछले मैच में लगी टखने की चोट (Ankle Injury) है. मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली 18 रनों की शानदार जीत के दौरान कोहली अपना टखना चोटिल कर बैठे थे. इस सीजन में कोहली और फिलिप साल्ट की सलामी जोड़ी ने आरसीबी को कई मजबूत शुरुआत दिलाई हैं, ऐसे में कोहली का मैदान पर न होना टीम के संतुलन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है.
कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पाटीदार का मानना था कि चिन्नास्वामी की पिच शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों की मदद करेगी. टॉस के समय के पाटीदाी ने कहा,’ हम पहले गेंदबाजी करेंगे. यह काफी स्पष्ट है कि विकेट अच्छी दिख रही है. हम पहली पारी का फायदा उठाकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाना चाहते हैं. पिछले मैच की तुलना में इस बार पिच पर घास कम है, इसलिए यह एक अच्छा ट्रैक साबित होगा.’
जोश हेजलवुड की वापसी से गेंदबाजी को मिली धार
आरसीबी ने इस अहम मुकाबले के लिए अपनी टीम में एक बड़ा बदलाव किया. तेज गेंदबाज डफी की जगह अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज जोश हेजलवुड को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. पाटीदार ने हेजलवुड की वापसी पर भरोसा जताते हुए कहा कि टीम के बाकी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन हेजलवुड का अनुभव डेथ ओवरों में टीम के काम आएगा.
ऋषभ पंत और लखनऊ का आत्मविश्वास
दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत अपनी टीम के उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बावजूद काफी आश्वस्त नजर आए. पंत ने टॉस के दौरान साफ किया कि पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतरीन है और वे किसी भी स्थिति में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं.
पंत ने अपनी टीम के दृष्टिकोण पर बात करते हुए कहा, ‘ हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं. चाहे हम पहले बल्लेबाजी करें या बाद में, हमें बस अच्छा खेल दिखाना है. हम बहुत अधिक आत्मनिरीक्षण नहीं करना चाहते, बस अपनी टीम पर भरोसा रखें और मैदान पर उतरें. हमारी टीम में कई लीडर्स हैं, जो अपनी जिम्मेदारी समझते हैं.’ दिलचस्प बात यह है कि लखनऊ ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया और उसी विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ उतरने का फैसला किया.
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट विकल्प
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG): लखनऊ की बल्लेबाजी की कमान एडेन मार्कराम, मिशेल मार्श और खुद ऋषभ पंत के हाथों में है. मध्यक्रम में निकोलस पूरन और आयुष बदोनी जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं. गेंदबाजी का नेतृत्व अनुभवी मोहम्मद शमी और आवेश खान कर रहे हैं.
प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्कराम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, दिगवेश सिंह राठी, प्रिंस यादव.
इम्पैक्ट सब: मणिमरण सिद्धार्थ, जॉर्ज लिंडे, मैथ्यू ब्रीत्जके, हिम्मत सिंह, मयंक यादव.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB):प्लेइंग इलेवन: फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिक सलाम डार.
इम्पैक्ट सब: विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, जॉर्डन कॉक्स, कनिष्क चौहान, मंगेश यादव.
क्या कोहली आएंगे बल्लेबाजी करने?
मैच का सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या आरसीबी लक्ष्य का पीछा करते समय या पारी के दौरान विराट कोहली को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतारेगी. नियमों के अनुसार, यदि आरसीबी को बल्लेबाजी के दौरान किसी अतिरिक्त मजबूती की जरूरत महसूस होती है, तो वे कोहली को टखने की चोट के बावजूद क्रीज पर भेज सकते हैं.


