Last Updated:
vaibhav sooryavanshi misses half century: वैभव सूर्यवंशी डक के बाद अगले मैच में 46 रन बनाकर आउट हुए. वह आईपीएल 2026 में अपने तीसरे अर्धशतक से चूके गए. उन्हें स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने आउट कर टी20 में अपना 200वां शिकार बनाया.
वैभव सूर्यवंशी 4 रन से अपना तीसरा अर्धशतक चूक गए.
नई दिल्ली. ईडन गार्डन्स का मैदान गूंज रहा था और क्रीज पर मौजूद थे युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी. इस सीजन में वैभव का बल्ला आग उगल रहा है. उन्होंने चेन्नई के खिलाफ मात्र 17 गेंदों में 52 रन ठोककर अपने इरादे साफ कर दिए थे, तो वहीं मुंबई और बैंगलोर जैसी टीमों के गेंदबाजों की भी जमकर खबर ली थी. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ भी वैभव उसी मूड में नजर आ रहे थे. उन्होंने अपनी 46 रनों की पारी के दौरान 6 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के जड़े. ऐसा लग रहा था कि वह इस सीजन का अपना तीसरा अर्धशतक आसानी से पूरा कर लेंगे. लेकिन तभी गेंद थामी ‘मिस्ट्री स्पिनर’ वरुण चक्रवर्ती ने.
पारी का 9वां ओवर चल रहा था. वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) अपनी फिरकी से वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) को बांधने की कोशिश कर रहे थे. ओवर की चौथी गेंद (8.4) पर वरुण ने चालाकी दिखाई और गेंद को थोड़ा हवा में उछालकर मिडिल स्टंप की लाइन पर रखा. वैभव सूर्यवंशी, जो उस समय 28 गेंदों पर 46 रन बनाकर खेल रहे थे, ने स्लॉग स्वीप लगाने की कोशिश की. गेंद बल्ले के बीचों-बीच नहीं आई और हवा में ऊंची उठ गई. डीप मिडविकेट पर खड़े रमनदीप सिंह ने हवा में तैरती उस गेंद को अपनी चीते जैसी फुर्ती से लपक लिया. वैभव महज 4 रन से अपने अर्धशतक से चूक गए, लेकिन इस विकेट ने इतिहास रच दिया.
वैभव सूर्यवंशी 4 रन से अपना तीसरा अर्धशतक चूक गए.
वरुण चक्रवर्ती ने टी20 क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे कर लिए
वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेते ही वरुण चक्रवर्ती ने टी20 क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे कर लिए. वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले 20वें भारतीय गेंदबाज और 10वें भारतीय स्पिनर बन गए हैं. एक तरफ जहां वैभव की तूफानी पारी का अंत हुआ, वहीं दूसरी तरफ वरुण ने अपनी जादुई गेंदबाजी से खुद को दिग्गजों की श्रेणी में खड़ा कर लिया.
वैभव आईपीएल के इस सीजन 2 अर्धशतक जड़ चुके हैं
आईपीएल 2026 में बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक चमकते सितारे बनकर उभरे हैं. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से उन्होंने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है. इस सीजन में उनकी निरंतरता का अंदाजा उनके आंकड़ों से लगाया जा सकता है, जहां उन्होंने चेन्नई (CSK) के खिलाफ मात्र 17 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली. इसके अलावा बैंगलोर (RCB) के विरुद्ध 78 (26) और मुंबई (MI) के खिलाफ 39 (14) रन बनाकर अपनी काबिलियत साबित की. गुजरात (GT) के खिलाफ 31 और कोलकाता (KKR) के खिलाफ सूझबूझ भरी 46 रनों की पारी खेलकर उन्होंने दिखाया कि वे बड़े मंच के खिलाड़ी हैं. वैभव की यह निर्भीक शैली उन्हें भविष्य का सुपरस्टार बनाती है.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


