बलिया: जिले की सियासत को बड़ा झटका देने वाली खबर सामने आ रही है. मतदाता सूची के ताजा अपडेट ने आंकड़ों का पूरा गणित बदलकर रख दिया है. लाखों नामों की कटनी और हजारों नए वोटरों की एंट्री ने चुनावी तस्वीर को नया रंग दिया है. बिल्कुल सही सुना आपने, विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद जारी अंतिम सूची ने साफ कर दिया कि अब मुकाबला पहले जैसा नहीं रहेगा. बलिया जनपद के किस क्षेत्र में कितने वोटर बढ़ें, कहां बड़ी कटौती हुई और इसका असर किस पर पड़ेगा, यह अपडेट न केवल एक आंकड़ा है, बल्कि आने वाले चुनाव के फिल्म की शुरुआत है.
बलिया जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के बाद जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है, जिसने आंकड़ों में बड़ा बदलाव दिखाया है. जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि अब जिले की सातों विधानसभा सीटों में कुल 21,68,819 मतदाता दर्ज किए गए हैं. पहले 28 अक्टूबर 2025 को पुनरीक्षण प्रक्रिया में मतदाताओं की संख्या 25,10,596 हुई थी, लेकिन जांच-पड़ताल के बाद यह घटकर 20,54,620 रह गई थी. इसके बाद 6 जनवरी 2026 से दोबारा प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें 6 मार्च तक दावे और आपत्तियां ली गईं थी.
पूरी प्रक्रिया पारदर्शी
इस दौरान 24,390 नाम सूची से हटाए गए, वहीं 1,14,199 नए मतदाता जोड़े गए. अंतिम प्रकाशन के बाद अब आंकड़ा संतुलित होकर 21.68 लाख पर पहुंच गया है. इस पूरे अपडेट में एक तरफ जहां बड़ी संख्या में नाम हटाए गए, वहीं नए मतदाताओं की अच्छी खासी एंट्री भी हुई है, जो लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है. प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बताया है और लोगों से अपील की है कि वे अपना नाम सूची में जरूर जांच लें. अगर कोई गलती दिखे, तो समय रहते संबंधित अधिकारी से जरूर संपर्क कर लें.
कई सीटों पर बदलाव
अगर विधानसभा वार नजर डाला जाए, तो हर सीट पर बदलाव साफ दिख रहा है. बेलथरारोड में 3,25,938 मतदाता दर्ज हुए और 43,783 नाम कटे. रसड़ा में 3,29,517 मतदाता रहे, जहां 36,874 नाम हटाए गए. सिकंदरपुर में 2,81,825 मतदाता पाए गए और 29,145 नाम सूची से बाहर हुए हैं. फेफना में 2,88,956 मतदाता दर्ज हुए, यहां 40,886 नाम कटे हैं. बलिया नगर में 3,00,238 मतदाता हैं और 63,868 नाम हटाए गए हैं. बांसडीह में 3,43,579 मतदाता दर्ज हुए, जहां 62,661 नाम कम हुए हैं. वहीं बैरिया में 2,98,796 मतदाता पाए गए और 64,560 नाम सूची से हटे हैं.


