Last Updated:
पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कोलकाता नाइट राइडर्स के उप कप्तान रिंकू सिंह की तीखी आलोचना की है. उन्होंने साफ कहा कि यह खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं. अब भी आईपीएल में पांच लगातार छक्के मारने की वजह से मिली लोकप्रियता के सहारे चल रहे हैं.
रिंकू सिंह पर बरसे पूर्व भारतीय क्रिकेटर के श्रीकांत
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का खराब प्रदर्शन सबको आलोचना करने का मौका दे रहा है. टीम लगातार 4 मैच हार चुकी है. इस सीजन केकेआर के उप कप्तान बनाए गए रिंकू सिंह का प्रदर्शन भी बेहद खराब रहा है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने उनको लगातार समर्थन देने पर सवाल उठाए हैं. श्रीकांत ने साफ कहा कि रिंकू सिंह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं. अब भी आईपीएल में पांच लगातार छक्के मारने की वजह से मिली लोकप्रियता के सहारे चल रहे हैं.
श्रीकांत ने रिंकू सिंह के नंबर 5 पर खेलने को लेकर भी संदेह जताया. उनकी लंबी पारी खेलने की क्षमता पर सवाल उठाया. पूर्व चयन समिति अध्यक्ष ने केकेआर की बल्लेबाजी को लीग की सबसे कमजोर बल्लेबाजी लाइन-अप बताया. श्रीकांत ने मंगलवार को अपने यूट्यूब शो में कहा, “रिंकू सिंह विस्फोटक बल्लेबाज नहीं हैं. उन्होंने बहुत समय पहले पांच गेंद में पांच छक्के मारे थे और हम अब भी उसी की चर्चा करते हैं. वह स्ट्राइक रोटेट करने में माहिर हैं, लेकिन जब रन रेट 10 या 12 से ऊपर चला जाता है तो उन्हें दिक्कत होती है. वह ऐसा नहीं कर सकते,”
उन्होंने आगे कहा, “वह नंबर 7 पर फिनिशर के तौर पर ज्यादा उपयुक्त हैं. जब 5 ओवर में 50 रन चाहिए होते हैं, तब वह अच्छा कर सकते हैं. रिंकू को नंबर 5 पर बल्लेबाजी कर पारी बनाने की जिम्मेदारी नहीं देनी चाहिए. यह काम नहीं करेगा,”
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मंगलवार के मैच में रिंकू सिंह तब बल्लेबाजी करने आए जब केकेआर का स्कोर 10वें ओवर में 79 पर 3 था. अंगकृष रघुवंशी के 27 रन पर आउट होने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे को एक तेज बल्लेबाज की जरूरत थी. रिंकू संघर्ष करते रहे और 12 गेंद में सिर्फ 6 रन बनाकर नूर अहमद का शिकार बने. केकेआर की पारी 90 पर 6 तक लड़खड़ा गई. इसके बाद रोवमैन पॉवेल (31) और रामनदीप सिंह (35) ने पारी को संभालने की कोशिश की. उनकी 63 रन की साझेदारी हार का अंतर ही कम कर सकी.
रिंकू सिंह ने साल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ यश दयाल के एक ओवर में पांच छक्के मारकर सनसनी मचा दी थी. वह उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए हैं. 2023 सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 474 रन बनाए थे, लेकिन उसके बाद से वह 220 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके हैं. मौजूदा आईपीएल 2026 में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पांच मैचों में सिर्फ 78 रन बनाए हैं.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें


