आगरा में रफ्तार का कहर, बाइक-स्कूटी की भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा गंभीर
आगरा के थाना बसौनी क्षेत्र के अभ्यपुरा चौराहे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां बाइक और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं घायल को अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है.
ज्ञानवापी मस्जिद की दीवारों पर मधुबनी पेंटिंग से विवाद, कार्रवाई की उठी मांग
वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद की दीवारों पर बनी मधुबनी पेंटिंग को लेकर विवाद गहरा गया है. वायरल वीडियो सामने आने के बाद अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी और मुस्लिम समाज ने इस पर कड़ा आक्रोश जताया है. जुमे की नमाज़ के दौरान भी इस मुद्दे को लेकर नाराज़गी सामने आई थी. अब कमेटी ने मंडलायुक्त को पत्र लिखकर पेंटिंग हटाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि यह पत्र 2 मई को भेजा गया, जिसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है.
अयोध्या में भू-माफिया का बड़ा खेल: 35 गरीबों से ठगी, सरकारी जमीन बेचकर वसूले लाखों
अयोध्या में ताज मोहम्मद नामक भू-माफिया ने 35 गरीब मजदूरों और ठेला चालकों को नजूल (सरकारी) जमीन बेचकर करीब 10-10 लाख रुपये प्रति व्यक्ति वसूले. लोगों ने कर्ज लेकर घर बनाना शुरू किया, लेकिन राजस्व विभाग ने निर्माण रोकते हुए बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी कर दी. विरोध के दौरान एक व्यक्ति घायल हो गया. सवाल उठ रहा है कि जब जमीन बेची जा रही थी तब कार्रवाई क्यों नहीं हुई. अब पीड़ितों की मेहनत की कमाई दांव पर लग गई है.
प्रयागराज के यमुनानगर जोन अंतर्गत कौंधियारा थाना क्षेत्र के गढ़वा लाला का पूरा गांव में रविवार सुबह करीब 7 बजे घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया. पति अनिल तिवारी ने कथित तौर पर पत्नी पूर्णिमा की हत्या कर दी, जिसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है.
सुल्तानपुर में देसी बम से बड़ा हादसा: धमाके में कई बच्चे घायल, इलाके में मचा हड़कंप
सुल्तानपुर के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के नरायणपुर गांव में देसी बम दगने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. अचानक हुए तेज धमाके की चपेट में आकर कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
एटा में दर्दनाक सड़क हादसा: कैंटर की टक्कर से मजदूर की मौत, दो गंभीर घायल
एटा के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में ककहरा बाइपास के पास तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में ट्रैक्टर सवार एक मजदूर सुखबीर (गांव लहरा) की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जो समदपुरा गांव के निवासी बताए गए हैं. सभी मजदूरी के लिए मलावन क्षेत्र के टोल प्लाजा जा रहे थे. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
NEET UG 2026 आज, 22 लाख स्टूडेंट्स देंगे परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
लखनऊ समेत देशभर में आज NEET UG 2026 की परीक्षा आयोजित हो रही है. यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में होगी. मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली इस अहम परीक्षा में करीब 22 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके. दिव्यांग अभ्यर्थियों को एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया है.
प्यार में धोखा और ब्लैकमेलिंग से तंग इंजीनियर ने दी जान, वीडियो से खुला राज
प्रयागराज में एक युवा इंजीनियर विवेक सिंह ने कथित प्रेम संबंध में धोखा और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर 26 अप्रैल को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. 27 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार हुआ, लेकिन मौत से पहले बनाए गए वीडियो सामने आने पर मामला खुला. पिता श्याम सिंह की तहरीर पर फाफामऊ थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कथित प्रेमिका के खिलाफ जांच शुरू की है. युवक ने इंस्टाग्राम वीडियो और सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि प्यार, भरोसा और शादी के नाम पर उसे फंसाकर जिंदगी बर्बाद कर दी गई.
पूर्व SHO हत्याकांड में फैसला: जीशान खान को 10 साल कैद, CBI कोर्ट ने सुनाई सज़ा
लखनऊ की CBI स्पेशल कोर्ट ने प्रतापगढ़ कोतवाली के पूर्व इंस्पेक्टर अनिल कुमार की हत्या के मामले में आरोपी जीशान खान को 10 साल की सजा और 9 हजार रुपये जुर्माना सुनाया है. 9 नवंबर 2015 को होटल वैष्णवी की मॉडल शॉप में गोली मारकर हत्या की गई थी. हाईकोर्ट के आदेश पर 2018 में जांच CBI को सौंपी गई थी. जांच में जीशान खान और राजू सोनी उर्फ बोचा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई. ट्रायल के दौरान जीशान ने अपना अपराध कबूल किया, जिसके आधार पर कोर्ट ने सजा सुनाई.
गंगा स्नान बना हादसा: दोस्त को बचाने कूदा छात्र, दोनों डूबे; रातभर चला सर्च ऑपरेशन
प्रयागराज की संगम नगरी में शनिवार देर शाम गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. शिवकुटी के कोटेश्वर महादेव मंदिर घाट पर नहाने गए पांच छात्रों में से दो छात्र डूब गए. बताया गया कि 17 वर्षीय अधीर विक्रम गहरे पानी में चला गया, उसे बचाने के लिए 24 वर्षीय हिमांशु पांडेय कूद पड़ा, लेकिन दोनों ही डूब गए. तीन छात्र सुरक्षित बाहर निकल आए. सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली. आज सुबह से फिर तलाश जारी है.
लखनऊ के लालबाग सुपर मार्केट में देर रात आग, 3 दुकानों में मचा हड़कंप
लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित लालबाग सुपर मार्केट में देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि एक रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते पास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
होमगार्ड भर्ती में फर्जी पेपर गैंग का पर्दाफाश, टेलीग्राम से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ में यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है. यूपी एसटीएफ ने बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी निखिल ठाकुर को गिरफ्तार किया है, जो टेलीग्राम चैनल के जरिए फर्जी पेपर बेचने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से पैसे वसूलता था. 25, 26 और 27 को हुई परीक्षा से पहले आरोपियों ने यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड जारी कर रकम ली. जांच में सामने आया कि निखिल के साथी सिद्धार्थ ने वर्चुअल नंबर के जरिए टेलीग्राम चैनल बनाकर इस ठगी को अंजाम दिया.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज आएंगे प्रयागराज
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन मई को प्रयागराज आएंगे. वह शाम को अरैल में भारतीय सेना की ओर से आयोजित कल्चरल इवेंट में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. चार मई को न्यू कैंट के कोबरा ऑडीटोरियम में आयोजित नॉर्थ टेक सिम्पोजियम का इनॉगुरेशन करेंगे. यह आयोजन 4 से 6 मई तक चलेगा.
आगरा में AC कंप्रेशर पाइप फटा, घर में लगी भीषण आग; सामान जलकर राख
आगरा के लोहामंडी थाना क्षेत्र में AC के कंप्रेशर का पाइप फटने से अचानक घर में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घर में मौजूद लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. हालांकि आग की चपेट में आकर घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया. सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
आगरा में रेप आरोपी से पुलिस मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोपी कासिम उर्फ मिर्ची से पुलिस की मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में SN अस्पताल में भर्ती कराया गया. आरोपी ने शनिवार को बीए की छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था, जबकि उसका साथी निगरानी करता रहा. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
मेरठ में घर के बाहर खड़े 18 वर्षीय अमन को मारी गोली
मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के सद्दीकनगर में बाइक सवार बदमाशों का आतंक देखने को मिला. घर के बाहर खड़े 18 वर्षीय अमन को दो हमलावरों ने गोली मार दी. बताया जा रहा है कि पहले बहस और मारपीट हुई, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया. सूचना मिलते ही एसपी सिटी, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
नाबालिग से कराई हर्ष फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही एक्शन में पुलिस
प्रयागराज के यमुनानगर जोन के औद्योगिक थाना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल 15 सेकंड के वीडियो में एक शख्स नाबालिग बच्ची को गन पकड़ाकर फायरिंग कराता दिख रहा है. वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रील बनाने का शौक पड़ा भारी: टंकी पर फंसे दो बच्चे, 6 घंटे से रेस्क्यू जारी
सिद्धार्थनगर में रील बनाने के चक्कर में 5 युवक पुरानी पानी की टंकी पर चढ़ गए, जहां सीढ़ी टूटने से बड़ा हादसा हो गया. तीन बच्चे नीचे गिर गए, जिनमें एक की मौत हो गई और दो घायल हैं. वहीं दो बच्चे अब भी टंकी पर फंसे हुए हैं. उन्हें सुरक्षित उतारने के लिए पिछले 6 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. एनडीआरएफ की टीम को मौके तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक सड़क बनाई जा रही है. मौके पर विद्युत विभाग, नगर पालिका और जिला प्रशासन की टीमें मौजूद हैं.
टंकी पर चढ़ी पल्लवी का हाई वोल्टेज ड्रामा, FIR के आश्वासन पर उतरी नीचे
प्रयागराज में पति से विवाद के बाद पल्लवी सिंह उर्फ चीकू पानी की टंकी पर चढ़ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. शनिवार दोपहर फाफामऊ थाना क्षेत्र में शुरू हुआ यह ड्रामा कई घंटों तक चला. पल्लवी का आरोप है कि पति के साथियों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया. देर शाम एसीपी थरवई अरुण पाराशर के आश्वासन पर पुलिस ने समझा-बुझाकर उसे नीचे उतारा, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली.


