1.5 C
Munich

1 मैच में बनाए 7 बड़े रिकॉर्ड…रोहित को पीछे छोड़ कोहली की कर ली बराबरी, दिग्गज ने बताया मैच का टर्निंग पॉइंट

Must read


नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में जब भी किसी युवा खिलाड़ी के उदय की बात होती है, तो अक्सर उम्मीद और उत्साह का माहौल होता है. लेकिन अभिषेक शर्मा जिस तरह से आईपीएल 2026 में बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह केवल उत्साह नहीं बल्कि विपक्षी गेंदबाजों के लिए एक खौफनाक सपना बन चुका है. सनराइजर्स हैदराबाद के इस सलामी बल्लेबाज ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जो पारी खेली, उसने न केवल उनकी टीम को 47 रनों से जीत दिलाई, बल्कि क्रिकेट इतिहास के कई बड़े कीर्तिमान भी ध्वस्त कर दिए.  इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह और टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा ने उनकी जमकर तारीफ की है.

दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुए इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा (Abhishek Shama) ने 68 गेंदों में नाबाद 135 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के जड़े। हालांकि, इस आतिशी पारी के बीच एक ऐसा पल भी आया जिसने मैच का रुख बदल दिया.

दिग्गज हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने इस मैच का विश्लेषण करते हुए एक महत्वपूर्ण बात कही. उन्होंने माना कि अभिषेक की किस्मत ने उनका साथ दिया और वही मैच का सबसे बड़ा निर्णायक मोड़ साबित हुआ. हरभजन के मुताबिक जब अभिषेक शर्मा 50 रन पर खेल रहे थे, तब विकेट के पीछे केएल राहुल ने उन्हें एक ‘जीवनदान’ दिया. वह एक रन-आउट का मौका था जिसे राहुल भुना नहीं पाए.

हरभजन सिंह ने कहा कि अभिषेक को जीवनदान देना दिल्ली पर भारी पड़ गया.

हरभजन ने कहा,  ‘वह छूटा हुआ रन आउट मैच का सबसे अहम पल था. अगर अभिषेक शर्मा उस समय आउट हो गए होते, तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था.’ भज्जी यहीं नहीं रुके, उन्होंने भारतीय गेंदबाजों को एक सख्त चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि बढ़ते स्कोर वाले मुकाबलों में गेंदबाजों को अपनी ‘लाइन और लेंथ’ पर और अधिक अनुशासन बनाए रखने की जरूरत है, वरना अभिषेक जैसे बल्लेबाज उन्हें सेट होने का कोई मौका नहीं देंगे.

पुजारा ने बताया ‘खास प्रतिभा’, विराट-रोहित के रिकॉर्ड्स ध्वस्त
अभिषेक शर्मा की इस पारी ने चेतेश्वर पुजारा जैसे तकनीक के धनी बल्लेबाज को भी उनका मुरीद बना दिया. पुजारा ने अभिषेक को एक ‘स्पेशल टैलेंट’ करार देते हुए कहा कि वह शतक बनाना बहुत आसान कर देते हैं. पुजारा के शब्दों में, ‘जब अभिषेक इस तरह का प्रदर्शन करते हैं, तो उनका स्तर हर किसी को साफ दिखाई देता है. बहुत कम बल्लेबाजों में उनके जैसी प्रतिभा और क्लास होती है.’ अभिषेक के आंकड़े अब उनकी प्रतिभा की गवाही दे रहे हैं. इस पारी के दम पर उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए हैं.

टी20 शतकों में किंग कोहली की बराबरी: अभिषेक शर्मा अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने महज 184 पारियों में 9 शतक जड़ दिए हैं. उन्होंने रन-मशीन विराट कोहली (9 शतक, 403 पारी) की बराबरी कर ली है, लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि अभिषेक ने इसके लिए आधे से भी कम पारियां ली हैं. इस लिस्ट में उन्होंने रोहित शर्मा (8 शतक) और इशान किशन (7 शतक) को भी पीछे छोड़ दिया है.

विश्व स्तर पर सबसे तेज 9 शतक: दुनिया में सबसे तेज 9 टी20 शतक लगाने के मामले में अभिषेक शर्मा अब तीसरे स्थान पर आ गए हैं. इस लिस्ट में क्रिस गेल (124 पारी) पहले और साहिबजादा फरहान (160 पारी) दूसरे नंबर पर हैं। अभिषेक ने 184 पारियों में यह मुकाम हासिल किया है.

 छक्कों का साढ़े तीन सौ का आंकड़ा: अपनी 135 रनों की पारी के दौरान जैसे ही अभिषेक ने नौवां छक्का लगाया, उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 350 छक्के पूरे कर लिए. मैच खत्म होने तक उनके नाम अब 351 छक्के दर्ज हो चुके हैं.

आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी पारियां और अभिषेक का दबदबा
अभिषेक शर्मा ने आईपीएल के इतिहास में भी अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. आईपीएल में अब तक की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड क्रिस गेल (नाबाद 175 रन) के नाम है, जिसके बाद ब्रेंडन मैकुलम (नाबाद 158 रन ) आते हैं. लेकिन अभिषेक शर्मा अब इस लिस्ट में मजबूती से पैर जमा चुके हैं. साल 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 141 रनों की पारी खेलने वाले अभिषेक ने अब दिल्ली के खिलाफ नाबाद 135 रन बनाकर इतिहास रच दिया.

अगर आईपीएल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीयों की बात करें, तो टॉप-2 पायदानों पर सिर्फ अभिषेक शर्मा का कब्जा है.  अभिषेक शर्मा ने साल 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 141 रन रन की पारी खेली वहीं
इस साल उन्होंने दिल्ली के खिलाफ नाबाद 135 रन की पारी खेली जबकिह 2020 में आरसीबी के खिलाफ केएल राहुल ने 132 रन की पारी खेली थी.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article