नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स को प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखने के लिए रविवार को आईपीएल का अहम मैच हर हाल में जीतना जरूरी है और सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि वैभव सूर्यवंशी सीम और स्विंग के माहिर मिचेल स्टार्क का सामना कैसे करते हैं. दिल्ली ने 12 मैचों में 10 अंक हासिल किए हैं और उसकी प्लेऑफ में जगह बनाने की संभावना बहुत कम है. अगर दिल्ली इस मैच में हार जाती है तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. वहीं रॉयल्स ने 11 मैचों में 12 अंक लिए हैं और एक हफ्ते के ब्रेक के बाद टीम तरोताजा होकर मैदान में उतरेगी. उनकी पूरी कोशिश होगी कि दिल्ली उनकी जीत में बाधा न बने.
सचिन तेंदुलकर के बाद कोई युवा खिलाड़ी देश में इतना लोकप्रिय नहीं हुआ है जितना बिहार के समस्तीपुर का सूर्यवंशी बन चुका है. वह फिरोजशाह कोटला पर पहली बार खेलेगा और उसे बल्लेबाजी करते देखने का इतना क्रेज है कि फ्री पास मांगने वालों की भीड़ लगी हुई है. आईपीएल के 19 साल में दिल्ली कैपिटल्स के फैंस ज्यादा वफादार नहीं रहे हैं. जब कोटला पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर खेलती है तो दर्शक ‘कोहली कोहली’ चिल्लाते हैं और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच में पूरा कोटला पीले रंग में रंग जाता है और धोनी की सात नंबर की जर्सी हर जगह दिखती है. इतने सालों में दिल्ली की टीम अपने फैंस का बेस नहीं बना सकी है, तो रविवार को अगर दर्शक सूर्यवंशी की हौसला अफजाई करें तो इसमें कोई हैरानी नहीं होगी.
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.
पिछले 11 मैचों में 40 छक्के लगा चुके और 236.55 की स्ट्राइक रेट से 440 रन बना चुके सूर्यवंशी जबरदस्त फॉर्म में हैं और अब देखना होगा कि स्टार्क उन्हें कैसे रोकते हैं. स्टार्क का आईपीएल में प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. आईपीएल 2024 के फाइनल में उन्होंने शानदार पहला स्पैल डालकर केकेआर की जीत की नींव रखी थी. अगर स्टार्क टेस्ट क्रिकेट वाला फॉर्म लेकर आते हैं तो सूर्यवंशी के लिए मुश्किलें हो सकती हैं. अब तक 400 से ज्यादा टेस्ट विकेट ले चुके स्टार्क को अगर शुरू में स्विंग और सीम मिल जाती है तो सूर्यवंशी की तकनीक की असली परीक्षा होगी.
दिल्ली की टीम ने पिछले कुछ मैच सपाट पिचों पर खेले हैं. उसके लिए कप्तान अक्षर पटेल (12 मैचों में 10 विकेट) और कुलदीप यादव (11 मैचों में 7 विकेट) का खराब फॉर्म चिंता का कारण रहा है. लुंगी एंगिडी को छोड़कर तेज गेंदबाज भी अच्छा नहीं कर सके हैं. के एल राहुल अकेले बल्लेबाज रहे हैं जिन्होंने दिल्ली के लिए लगातार रन बनाए हैं. नीतिश राणा और समीर रिजवी को बड़ी पारियां खेलनी होंगी. रॉयल्स के लिए चिंता की बात कप्तान रियान पराग (10 मैचों में 207 रन) का खराब फॉर्म है. रॉयल्स के गेंदबाजों ने जोफ्रा आर्चर की अगुवाई में अच्छा प्रदर्शन किया है.
टीमें:
दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, डेविड मिलर, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारख, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, अजय जादव मंडल, करुण नायर, टी नटराजन.
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), अमन राव, शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, ब्रिजेश शर्मा, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, एडम मिल्ने, सुशांत मिश्रा, विग्नेश पुथुर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा, कुलदीप सेन, यशराज पुंजा, युद्धवीर सिंह.


