Last Updated:
Pakistan names 2026 women’s T20 World Cup squad: पाकिस्तान ने आगामी महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. टीम की कमान फातिमा सना के हाथों में हैं जिन्होंने 24 घंटे पहले महिला टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे तेज अर्धशतक जड़कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया. टी20 वर्ल्ड कप में भारत पाकिस्तान की टक्कर 14 को बर्मिंघम में होगी.
टी20 महिला वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान की टक्कर 14 जून को होगी.
लाहौर. पाकिस्तान ने इंग्लैंड और वेल्स में अगले महीने होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए फातिमा सना की कप्तानी में 15 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है. इस टीम में पांच खिलाड़ी पहली बार इस टूर्नामेंट में खेलेंगी. चयनकर्ताओं ने शनिवार को टीम का ऐलान किया. यह टीम वर्ल्ड कप से पहले आयरलैंड में होने वाली त्रिकोणीय टी20 सीरीज में भी खेलेगी, जिसमें वेस्टइंडीज भी शामिल है. एमान फातिमा, नतालिया परवेज, रमीं शमीम, साइरा जबीन और तस्मिया रुबाब पहली बार महिला टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगी. पाकिस्तान अपना वर्ल्ड कप अभियान 14 जून को बर्मिंघम में भारत के खिलाफ मैच से शुरू करेगा.
फातिमा सना (Fatima Sana) ने 24 घंटे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ कराची में खेले गए तीसरे और अंतिम T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इतिहास रच दिया था. नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने उतरीं सना ने मैदान पर आते ही चौकों-छक्कों की बरसात कर दी और महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. इसके साथ ही वह महिला T20I इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं.
टी20 महिला वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान की टक्कर 14 जून को होगी.
फातिमा सना ने इस पारी के साथ कई दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया. इससे पहले महिला T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का संयुक्त रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन, ऑस्ट्रेलिया की फीबी लिचफील्ड और भारत की ऋचा घोष के नाम दर्ज था, जिन्होंने 18-18 गेंदों में हाफ सेंचुरी बनाई थी. सोफी डिवाइन ने 11 साल पहले (2015 में) बेंगलुरु में भारत के खिलाफ, फीबी लिचफील्ड ने 2023 में सिडनी में वेस्टइंडीज के खिलाफ और ऋचा घोष ने 2024 में नवी मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ यह कारनामा किया था.
फातिमा का यह रिकॉर्ड सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक ही सीमित नहीं है. 15 गेंदों में बनाए गए इस अर्धशतक के साथ वह ओवरऑल महिला T20 क्रिकेट (घरेलू और फ्रेंचाइजी सहित) में भी संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. इससे पहले मैरी केली ने 2022 में वार्विकशायर के लिए खेलते हुए ग्लूस्टरशायर के खिलाफ और लौरा हैरिस ने पिछले साल ओटागो की तरफ से कैंटरबरी के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था. अगर पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बात करें, तो फातिमा सना ने अपनी ही टीम की सीनियर खिलाड़ी निदा डार का रिकॉर्ड ध्वस्त किया है. निदा डार ने साल 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया था, जो अब तक पाकिस्तान की ओर से सबसे तेज था. कप्तान फातिमा सना की इस तूफानी और रिकॉर्डतोड़ पारी ने विश्व क्रिकेट में सनसनी मचा दी है.
पाकिस्तान महिला टीम: फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग, एमान फातिमा, गुल फिरोजा, इरम जावेद, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), नशरा संधू, नतालिया परवेज, रमीं शमीम, सादिया इकबाल, साइरा जबीन, तस्मिया रुबाब और तुबा हसन.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


