Last Updated:
RCB vs DC IPL 2026 match highlight: डेविड मिलर ने तीन गेंदों पर आरसीबी से मैच छीन लिया.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली ने आखिरी ओवर में आरसीबी को 6 विकेट से हराकर पांच मैचों में तीसरी जीत दर्ज की.
डेविड मिलर ने आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के और एक चौका जड़कर दिल्ली को रोमांचक जीत दिलाई.
नई दिल्ली. डेविड मिलर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें ‘किलर मिलर’ क्यों कहा जाता है. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही थी और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी के कारण टीम ने पावरप्ले में मात्र 18 रन पर 3 विकेट खो दिए थे. हालांकि, केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स की संयमित बल्लेबाजी ने पारी को संभाला, लेकिन अंत में समीकरण मुश्किल हो गया. जब आखिरी ओवर में 15 रनों की दरकार थी, तब क्रीज पर मौजूद मिलर पर भारी दबाव था, खासकर तब जब वे गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में ऐसी ही स्थिति में मैच खत्म करने में असफल रहे थे.
अंतिम ओवर की पहली दो गेंदों पर केवल 2 रन आए, जिससे दबाव और बढ़ गया. लेकिन इसके बाद डेविड मिलर (David Miller) ने रोमारियो शेफर्ड की कमजोर गेंदों का भरपूर फायदा उठाया. तीसरी गेंद पर मिलर ने एक 87 मीटर का छक्का जड़कर मैच का रुख पलट दिया. अगली ही गेंद पर उन्होंने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से एक और शानदार छक्का जड़ा, जिसने आरसीबी के प्रशंसकों को खामोश कर दिया. अंत में 19.5 ओवर में लो फुल-टॉस पर चौका मारकर मिलर ने अपनी टीम को एक यादगार जीत दिलाई. जीत के बाद हेड कोच हेमांग बदानी ने उन्हें गले लगाकर बधाई दी, जो मिलर के लिए पिछले मैच की गलती सुधारने और दिल्ली के लिए टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने का एक बड़ा क्षण था. मिलर ने 10 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए जबकि स्टब्स ने 47 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए.
डेविड मिलर ने आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के और एक चौका जड़कर दिल्ली को रोमांचक जीत दिलाई.
आरसीबी की ओर से रखे गए 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पारी की शुरुआत पथुम निसंका और केएल राहुल की जोड़ी ने की. डीसी के कुल स्कोर में अभी दो रन ही जुड़े थे कि निसंका को भुवनेश्वर कुमार ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिल्ली को बहुत बड़ा झटका दिया. निसंका एक रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद करुण नायर भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए. नायर को भी भुवी ने आउट किया. समीर रिजवी को भी भुवी ने आउट कर आरसीबी को झटके पर झटका दिया. रिजवी 2 रन बनाकर आउट हुए. 18 के स्कोर पर दिल्ली ने अपने 3 बड़े विकेट गंवा दिए. केएल राहुल ने 34 गेंदों पर 57 रन बनाए जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल थे.
ओपनर फिल सॉल्ट की 38 गेंद में 63 रन की आक्रामक पारी के बावजूद आरसीबी ने दिल्ली के खिलाफ आठ विकेट पर 175 रन बनाए. सॉल्ट ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए, लेकिन अक्षर पटेल (18/2), कुलदीप यादव (32/2) और लुंगी एनगिडी (39/2) ने अन्य बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने का मौका नहीं दिया. मुकेश कुमार को भी एक सफलता मिली. सॉल्ट ने पहले विकेट के लिए विराट कोहली (19) के साथ 31 गेंद में 52 रन और दूसरे विकेट के लिए देवदत्त पडिक्कल (18) के साथ 29 गेंद में 47 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन 11वें ओवर में उनके आउट होने के बाद टिम डेविड (17 गेंद में 26 रन) के अलावा कोई भी बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सका.
सॉल्ट ने पहले ओवर में औकिब नबी के खिलाफ चौका जड़ा, जबकि कोहली ने मुकेश की गेंद पर कदमों का इस्तेमाल करते हुए एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से चार रन बटोरे. इसके बाद अगले ओवर में भी उन्होंने लेग स्टंप के बाहर जाकर चौका मारा. संभलकर खेल रहे सॉल्ट ने नबी के खिलाफ पांचवें ओवर में दो चौके और पारी का पहला छक्का लगाकर 18 रन बटोरे, जिससे टीम का अर्धशतक पूरा हुआ. लुंगी एनगिडी ने अगले ओवर में पहली ही गेंद पर कोहली को आउट कर पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी समाप्त की. सॉल्ट ने नटराजन का स्वागत चौके से किया, जबकि पडिक्कल ने भी इस गेंदबाज के खिलाफ छक्का लगाकर आक्रामक तेवर दिखाए. सॉल्ट ने कुलदीप यादव के खिलाफ छक्का लगाकर 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया.
कप्तान अक्षर पटेल ने अपने शुरुआती ओवर में ही पडिक्कल (18) को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया, जबकि कुलदीप ने 11वें ओवर में छक्का खाने के बाद सॉल्ट को ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया. शानदार लय में चल रहे टिम डेविड ने एनगिडी के खिलाफ छक्का और चौका जड़ा, लेकिन कप्तान रजत पाटीदार (आठ) मुकेश की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेटकीपर केएल राहुल को कैच दे बैठे. डेविड ने अक्षर पटेल के खिलाफ चौका लगाया, लेकिन बाद में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में शॉर्ट थर्ड मैन पर नटराजन द्वारा कैच कर लिए गए. कुलदीप ने रोमारियो शेफर्ड (एक) को एलबीडब्ल्यू आउट कर जल्दी पवेलियन भेज दिया.
कुणाल पंड्या (12) ने एनगिडी के खिलाफ छक्का लगाकर रनगति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वह आखिरी ओवर में रन आउट हो गए. जितेश शर्मा भी संघर्ष करते दिखे और उन्होंने 20 गेंद में 14 रन बनाए. आरसीबी ने आखिरी पांच ओवर में चार विकेट खोकर केवल 29 रन बनाए.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें


