Last Updated:
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में संपत्ति और पैसे हड़पने की नीयत से एक महिला पर अपने पति, बेटे और भांजे को जान से मारने की कोशिश की. अपने इरादे को अंजाम देने के लिए उस पर सभी को लेड पॉइजनिंग देने का आरोप लगा है. एसीपी इंदिरापुरम अभय डागा के अनुसार, सुशील भटनागर की की शिकायत पर पत्नी रेनू भटनागर को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने अपने इरादे बता दिए हैं.
गाजियाबाद में पति-बेटे को स्लो जहर देकर मारने की आरोप में जेल गई महिला को लेकर पुलिस ने क्या खुलासे किए.
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना पुलिस ने एक महिला को अपने पति, बेटे और भांजे को जान से मारने की नीयत से लेड पॉइजनिंग देने के आरोप में गिरफ्तार किया है. इस पूरे मामले का खुलासा एसीपी इंदिरापुरम अभय डागा ने किया है. उन्होंने पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर केस की जांच और आरोपी महिला की गिरफ्तारी पर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पति की शिकायत पर महिला की गिरफ्तारी हुई. महिला ने पूछताछ के दौरान उस पर लगे सभी आरोप को स्वीकार भी कर लिए.
एसीपी अभय डागा के बयान के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत 24 सितंबर 2026 को हुई, जब वादी सुशील भटनागर ने थाना इंदिरापुरम में एक लिखित तहरीर दी. अपनी शिकायत में उन्होंने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी रेनू भटनागर और उनके अन्य परिवारजनों ने मिलकर एक खौफनाक साजिश रची. तहरीर में कहा गया कि आरोपियों ने वादी सुशील भटनागर, उनके पुत्र और उनके भांजे को जान से मारने की नीयत से लेड पॉइजनिंग दी. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान लेने के इस कथित प्रयास की शिकायत मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई.
मुकदमा दर्ज कर गठित हुई टीम, 23 नवंबर को गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही थाना इंदिरापुरम पर सुशील भटनागर की तहरीर प्राप्त हुई, मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कानूनी कदम उठाए गए. पुलिस ने सुसंगत धाराओं में एक अभियोग पंजीकृत किया और अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया. छानबीन और लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार 23 नवंबर 2026 को इंदिरापुरम थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली. पुलिस टीम ने आरोपी पत्नी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूरे घटनाक्रम के संबंध में गहन पूछताछ शुरू की.
6 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ के बीमे का लालच
थाने में हुई पूछताछ के दौरान आरोपी रेनू भटनागर ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला रहा. एसीपी अभय डागा के अनुसार, रेनू ने बताया कि उसके पति की एक ट्रैवल एजेंसी है, जिसकी लागत कम से कम पांच से छह करोड़ रुपये की है. इसके अलावा उसके पति के नाम पर एक इंश्योरेंस पॉलिसी भी है, जिसकी कीमत दो करोड़ रुपये है और इस पॉलिसी में वह स्वयं नॉमिनी है.
पति के बाद सारी रकम हथियाने की थी नीयत
पुलिस पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी महिला ने यह पूरा कदम आर्थिक लालच के चलते उठाया था. रेनू ने यह सोचा कि पति के जाने के बाद ट्रैवल एजेंसी और बीमा पॉलिसी की यह सारी राशि व संपत्ति सीधे उसकी हो जाएगी. पुलिस के मुताबिक, इसी नीयत से उसने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल एसीपी इंदिरापुरम अभय डागा ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
