Last Updated:
तिरुमाला स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर मंदिर में एक भक्त की ओर से किए गए 121 किलोग्राम सोने के आभूषणों के दान ने सबका ध्यान खींचा है. इन आभूषणों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस महादान को देने वाले चेन्नई की हेल्थकेयर कंपनी Access Healthcare के को-फाउंडर और वाइस चेयरमैन वर्धमान जैन हैं.
चेन्नई के बिजनेसमैन वर्धमान जैन ने तिरुपति मंदिर में 160 करोड़ का सोना दान किया है.
Tirupati Balaji Mandir: आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुमाला मंदिर (तिरुपति बालाजी) में आस्था और भक्ति का एक ऐसा नजारा देखने को मिला है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. भगवान वेंकटेश्वर के दरबार में एक भक्त ने 121 किलोग्राम सोने के आभूषण दान किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 160 करोड़ रुपये आंकी गई है. अब तक इस महादान को करने वाले भक्त की पहचान को लेकर जो सस्पेंस बना हुआ था, वह आखिरकार खत्म हो गया है. 121 किलो सोना चढ़ाने वाले ये दिग्गज उद्योगपति चेन्नई की नामी कंपनी ‘एक्सेस हेल्थकेयर’ (Access Healthcare) के को-फाउंडर और वाइस चेयरमैन वर्धमान जैन हैं.
सीएम चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में होगी आभूषणों की प्रदर्शनी
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ट्रस्ट इन बेशकीमती सोने के आभूषणों को भव्य तरीके से रंगनायकुल मंडपम में प्रदर्शित करने जा रहा है. सुबह करीब 11:30 बजे आयोजित इस खास कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद रहेंगे. इस दौरान दानकर्ता वर्धमान जैन औपचारिक रूप से ये आभूषण TTD के कार्यकारी अधिकारी को सौंपेंगे. इतनी बड़ी मात्रा में सोने के दान की खबर सामने आते ही हर कोई इस अनोखे भक्त का नाम जानने के लिए बेताब था.
चेन्नई से अमेरिका तक का शानदार सफर, टेक और हेल्थकेयर सेक्टर में बड़ा नाम
वर्धमान जैन सिर्फ एक बड़े दानदाता ही नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट जगत की एक बेहद सफल हस्ती भी हैं. उनकी शुरुआती पढ़ाई चेन्नई के प्रतिष्ठित लोयोला कॉलेज से हुई, जहां से उन्होंने स्टैटिस्टिक्स (सांख्यिकी) में ग्रेजुएशन किया. इसके बाद हायर एजुकेशन के लिए वे अमेरिका चले गए और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट ऑस्टिन से कंप्यूटर साइंस की डिग्री हासिल की. बिजनेस ग्रोथ के साथ टेक्नोलॉजी का बेहतरीन तालमेल बिठाने वाले वर्धमान जैन इससे पहले ‘डेल सर्विसेज’ (Dell Services) के BPO डिवीजन में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर काम कर चुके हैं. वहां उन्होंने कंपनी को ग्लोबल लेवल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी.
हजारों लोगों को दिया रोजगार, सफलता को मानते हैं भगवान का आशीर्वाद
हेल्थकेयर BPO सेक्टर में बड़ा बदलाव लाने के मकसद से उन्होंने ‘एक्सेस हेल्थकेयर’ की नींव रखी. आज एंटरप्राइज ऑटोमेशन के क्षेत्र में उनकी कंपनी एक नया ट्रेंड सेट कर रही है और हजारों युवाओं को रोजगार दे रही है. इसके अलावा वे एशिया (चेन्नई) इंजीनियरिंग कंपनी में डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. वर्धमान जैन का मानना है कि बिजनेस की दुनिया में उन्होंने जो भी मुकाम हासिल किया है, वह सब तिरुमाला के भगवान वेंकटेश्वर की कृपा से ही संभव हुआ है. भगवान के प्रति इसी आभार को जताने के लिए उन्होंने 160 करोड़ रुपये के ये आभूषण मंदिर को भेंट किए हैं.
मंदिर ही नहीं, गरीबों और बच्चों की सेवा में भी सबसे आगे
वर्धमान जैन की दरियादिली सिर्फ मंदिरों में दान देने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा के मोर्चे पर भी वे लगातार सक्रिय रहते हैं:
बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी: वे चेन्नई के ‘कांची कामकोटि चाइल्ड्स ट्रस्ट अस्पताल’ में मैनेजिंग ट्रस्टी के रूप में काम कर रहे हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतरीन इलाज मिल सके.
फाउंडेशन के जरिए समाज सेवा: ‘श्री सरिता जैन फाउंडेशन ट्रस्ट’ के माध्यम से वे जरूरतमंदों का पेट भरने, बच्चों को शिक्षा देने और इमरजेंसी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रहे हैं.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
