Last Updated:
Who is Suryansh Shedge: पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल 2026 में खेल रहे 23 साल के सूर्यांश शेडगे ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी की. शेडगे ने अपनी टीम के लिए 29 गेंद में 57 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में शेडगे ने 5 छक्के और 3 चौके भी लगाए. इस दौरान उन्होंने मानव सुथार के खिलाफ 5 गेंद में 26 रन कूटे.
सूर्यांश शेडगे ने पंजाब किंग्स के लिए लगाया अर्धशतक
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 46वें मैच में पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी गुजरात टाइटंस के खिलाफ कुछ खास नहीं रही. टीम ने जैसे-तैसे 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए. गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाजों के आगे खास तौर पर पंजाब की टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी फ्लॉप रही. एक समय ऐसा लगा कि पंजाब मुश्किल से 100 रन भी नहीं बना पाएगी, लेकिन तभी छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे सूर्यांश शेडगे नाम का एक तूफान आया, जिसने अकेले गुजरात के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी.
सूर्यांश शेडगे ने 29 गेंद में 57 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 5 छक्के और 3 चौके भी लगाए. इस दौरान उन्होंने मानव सुथार के ओवर में तो 26 रन कूट दिए, जिसमें 3 छक्के और 2 चौके शामिल थे. मानव सुथार के इस ओवर में कुल 27 रन बने. इसके साथ ही मानव सुथार के नाम एक शर्नाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया. सुथार आईपीएल में गुजरात की तरफ से एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने वाले दूसरे स्पिनर बने हैं. इससे मामले में राशिद खान पहले नंबर पर हैं, जिन्होंने 2024 में आरसीबी के खिलाफ 29 रन लुटाए थे.
कौन हैं सूर्यांश शेडगे
23 साल के सूर्यांश शेडगे घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते हैं. दाएं हाथ मीडियम पेसर सूर्यांश मिडिल ऑर्डर में तेज तर्रार बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी भी करते हैं. सूर्यांश को पंजाब ने आईपीएल 2025 में 30 लाख रुपए में खरीदा था और इस सीजन के लिए उन्हें रिटेन किया गया है. पिछले सीजन में उन्हें कुल 5 मैच में मौका मिला था, लेकिन वह कुछ खास नहीं कर पाए थे, लेकिन इस बार वह मौका नहीं चूके और टीम के लिए मुश्किल समय में अर्धशतकीय पारी खेली. टी20 में सूर्यांश को 24 मैचों में खेलने का अनुभव है, जिसमें उन्होंने 181.8 की स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में कुल 13 विकेट भी लिए हैं.
47 रन पर पंजाब ने गंवा दिए थे 5 विकेट
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में पंजाब किंग्स ने सिर्फ 47 रन के स्कोर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद निचले क्रम में शेडगे के अलावा मार्कस स्टोइनिस के 40 रनों की पारी से टीम 20 ओवर में 9 विकेट 163 रन के स्कोर तक पहुंची. गेंदबाजी में गुजरात के लिए जेसन होल्डर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. इसके साथ मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को 2-2 सफलताएं मिली.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


