28.7 C
Munich

8 साल पुराना रिकॉर्ड स्वाहा… वैभव सूर्यवंशी ने फील्डिंग में बनाया कीर्तिमान, आईपीएल में कैच लपकने वाले सबसे कम उम्र के फील्डर बने

Must read


होमखेलक्रिकेट

8 साल पुराना रिकॉर्ड स्वाहा… वैभव सूर्यवंशी ने फील्डिंग में रचा इतिहास

Last Updated:

Vaibhav Sooryavanshi becomes youngest fielder: वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ कैच लपककर आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र (15 साल 58 दिन) में कैच लेने का रिकॉर्ड बना दिया है. उन्होंने मुजीब उर रहमान का 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा. इस मैच को 30 रनों से जीतकर राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में पहुंच गई है. अब 27 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में वैभव (53 छक्के) के पास क्रिस गेल के एक सीजन में सर्वाधिक 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा.

Zoom

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में कैच लपकने वाले सबसे युवा फील्डर बन गए.

नई दिल्ली. आईपीएल इस समय अपने पूरे शबाब पर है. इस सीजन में अगर किसी एक खिलाड़ी ने क्रिकेट फैंस से लेकर दिग्गजों तक को सबसे ज्यादा प्रभावित और रोमांचित किया है, तो वह हैं राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी. वैभव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल ही में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में भले ही उनका बल्ला शांत रहा हो, लेकिन उन्होंने मैदान पर फील्डिंग के दौरान एक ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने आईपीएल के इतिहास में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया है.

राजस्थान रॉयल्स की टीम ने मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 30 रनों से शिकस्त देकर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह पूरी तरह पक्की कर ली है. इस अहम मैच में मैदान पर उतरे वैभव सूर्यवंशी से सभी को एक बार फिर बड़ी और तूफानी पारी की उम्मीद थी. हालांकि, क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और वैभव इस मुकाबले में सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. बल्ले से मिली इस निराशा को वैभव ने अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और फील्डिंग के दौरान एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में कैच लपकने वाले सबसे युवा फील्डर बन गए.

दरअसल, राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2025 में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी को इस सीजन के अधिकतर मैचों में टीम मैनेजमेंट ने एक ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर इस्तेमाल किया है. इस रणनीति के कारण उन्हें मैदान पर फील्डिंग करने के मौके बेहद कम मिले. लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. राजस्थान रॉयल्स ने बल्लेबाजी के दौरान शुभम दुबे को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतारा, लेकिन बाद में उनकी जगह पर अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को शामिल कर लिया गया. इस रणनीतिक फेरबदल की वजह से वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में मैदान पर फील्डिंग करने का सुनहरा मौका मिल गया.

वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा मुजीब उर रहमान का 8 साल पुराना रिकॉर्ड
जब मुंबई इंडियंस की टीम राजस्थान रॉयल्स द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो पारी के चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर यह ऐतिहासिक पल देखने को मिला. राजस्थान के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर की गेंद पर मुंबई के बल्लेबाज रेयान रिकल्टन ने मिडविकेट की तरफ एक बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया. वहां मुस्तैद खड़े वैभव सूर्यवंशी ने बिना कोई गलती किए एक बेहतरीन कैच लपक लिया.

इस कैच को पकड़ते ही वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया. वह अब आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र में कैच लेने वाले फील्डर बन गए हैं. वैभव ने महज 15 साल 58 दिन की उम्र में यह कारनामा अंजाम दिया है. इसके साथ ही उन्होंने अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान का करीब 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मुजीब ने साल 2018 के आईपीएल सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की तरफ से खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 17 साल 16 दिन की उम्र में कैच पकड़ा था.

अगर आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में कैच लपकने वाले खिलाड़ियों की सूची पर नजर डालें तो वैभव सूर्यवंशी (15 साल 58 दिन) अब पहले स्थान पर काबिज हो गए हैं. उनके बाद मुजीब उर रहमान (17 साल 16 दिन) दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं. राजस्थान रॉयल्स के ही रियान पराग इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 17 साल 163 दिन की उम्र में कैच लिया था. चौथे नंबर पर प्रदीप सांगवान हैं, जिन्होंने साल 2008 के पहले सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 17 साल 181 दिन की उम्र में यह कमाल किया था. वहीं, वाशिंगटन सुंदर इस मामले में पांचवें पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की तरफ से खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ ही 17 साल 201 दिन की उम्र में कैच लपका था.

अब ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल के महा-रिकॉर्ड पर नजर
इस ऐतिहासिक फील्डिंग रिकॉर्ड को अपने नाम करने के बाद वैभव सूर्यवंशी की नजरें अब आईपीएल के एक और बड़े और ऐतिहासिक रिकॉर्ड को ध्वस्त करने पर टिकी हुई हैं. राजस्थान रॉयल्स की टीम अब प्लेऑफ के एलिमिनेटर मुकाबले में पहुंच चुकी है, जिससे वैभव को अपनी बल्लेबाजी का जौहर दिखाने का एक और बड़ा मंच मिल गया है. वैभव सूर्यवंशी के पास अब आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है. वैभव ने आईपीएल 2026 में अब तक अपनी आतिशी बल्लेबाजी से कुल 53 छक्के उड़ाए हैं. वहीं, आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का सर्वकालिक रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने साल 2012 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए रिकॉर्ड 59 छक्के जड़े थे.

अब वैभव सूर्यवंशी इस ऐतिहासिक आंकड़े से महज 6 छक्के दूर हैं. राजस्थान रॉयल्स को अपना एलिमिनेटर मुकाबला आगामी 27 मई को मुल्लांपुर के स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेलना है. अगर इस नॉकआउट मुकाबले में वैभव का बल्ला चलता है और वह सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों के खिलाफ 7 छक्के लगाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह क्रिस गेल के 14 साल पुराने इस महारिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे. पूरे क्रिकेट जगत की नजरें अब 27 मई को होने वाले इस मुकाबले और वैभव सूर्यवंशी के बल्ले पर टिकी हुई हैं.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article