Last Updated:
Hitech City Railway Station: देश में रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की दिशा में तेजी से काम जारी है और इसी कड़ी में हाईटेक सिटी रेलवे स्टेशन का नया रूप लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है. स्टेशन को आधुनिक डिजाइन, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं और हाईटेक इंफ्रास्ट्रक्चर से तैयार किया गया है. यहां यात्रियों के लिए बेहतर वेटिंग एरिया, एस्केलेटर, डिजिटल डिस्प्ले, साफ-सफाई, आधुनिक लाइटिंग और सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं. स्टेशन का नया लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे रेलवे स्टेशन कम, एयरपोर्ट ज्यादा बता रहे हैं. भारतीय रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है.
हैदराबाद का प्रमुख आईटी हब अब न केवल अपनी इमारतों, बल्कि अपने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भी जाना जाएगा. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हाईटेक सिटी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अपने अंतिम चरण में पहुँच गया है. यह प्रोजेक्ट शहर की शहरी कनेक्टिविटी को एक नई ऊँचाई देने के लिए तैयार है.

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए 36 करोड़ रुपए से अधिक की लागत खर्च की गई है. यह भारी निवेश स्टेशन की क्षमता बढ़ाने और यहाँ आने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को बेहतर सुरक्षा और आराम सुनिश्चित करने के लिए किया गया है.

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुआ यह बदलाव भारतीय रेलवे के आधुनिकिकरण के दृष्टिकोण को दर्शाता है। हाईटेक सिटी रेलवे स्टेशन अब केवल एक स्टॉप नहीं, बल्कि हैदराबाद की बढ़ती प्रगति और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का एक चमकता हुआ प्रतीक बन गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर ही एयरपोर्ट जैसा वर्ल्ड क्लास अनुभव प्रदान करना है. स्टेशन के अग्रभाग को बेहद आधुनिक और आकर्षक बनाया गया है जो पहली नजर में ही यात्रियों को प्रभावित करता है. अंदरूनी सुविधाओं को भी इसी अंतरराष्ट्रीय मानक को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है.

हाईटेक सिटी स्टेशन का यह मेकओवर हैदराबाद की स्मार्ट और सीमलेस शहरी कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. आईटी कॉरिडोर में स्थित होने के कारण यह स्टेशन उन पेशेवरों के लिए जीवन रेखा साबित होगा जो शहर के विभिन्न हिस्सों से काम पर आते हैं.

ताजा अपडेट के अनुसार इस स्टेशन के पुनर्विकास का 98% कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. रेल मंत्रालय और दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा संचालित यह प्रोजेक्ट अब फिनिशिंग टच की ओर बढ़ रहा है. जिससे यात्रियों को जल्द ही एक पूरी तरह से बदला हुआ स्टेशन देखने को मिलेगा.

स्टेशन पर आवाजाही को सुगम बनाने के लिए कई तकनीकी बदलाव किए गए हैं. यहाँ 12 मीटर चौड़ा एक नया फुट-ओवर-ब्रिज (FOB) बनाया गया है, ताकि प्लेटफॉर्म के बीच भीड़भाड़ न हो. बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा के लिए नई लिफ्ट और आधुनिक एस्केलेटर लगाए गए हैं. प्लेटफॉर्म्स का सौंदर्यीकरण किया गया है और यात्रियों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है.


