Last Updated:
UP Link Expressway: उत्तर प्रदेश में 5 नए लिंक एक्सप्रेसवे पर मुहर लग चुकी है. इसके लिए तकरीबन 17,104 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी चल रही है. इनकी सारी लिंक एक्सप्रेसवे की एकसाथ लंबाई 337.5 किलोमीटर है. ये एक्सप्रेसवे जैसे गंगा, यमुना, आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ेंगे. इससे एक एक्सप्रेसवे से दूसरे पर जाना भी आसान होगा. तीन साल में बनने वाले इन लिंक रास्तों से लोगों को एक एक्सप्रेसवे से दूसरे तक जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
यूपी में 5 लिंक एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी चल रही है. (AI Assist)
UP Link Expressway Latest News: उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क को और मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों को आपस में जोड़ने के लिए पांच नए लिंक एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे. खास बात यह है कि इन परियोजनाओं के लिए निर्माण एजेंसियों का चयन भी पूरा कर लिया गया है. उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) ने सभी आठ निर्माण पैकेजों के लिए कंपनियां फाइनल कर दी हैं. इन पांचों परियोजनाओं पर करीब 17,104 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. कुल 337.5 किलोमीटर लंबे इन लिंक एक्सप्रेसवे को तीन साल में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. इनके बनने से प्रदेश के कई जिलों में आवागमन आसान होगा और एक एक्सप्रेसवे से दूसरे तक पहुंचने के लिए वाहन चालकों को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
पांच नए लिंक एक्सप्रेसवे से जुड़ेंगे बड़े कॉरिडोर
यूपी में जिन पांच लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण होना है, उनमें पहला 51 किलोमीटर लंबा लिंक लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. दूसरा लिंक फर्रुखाबाद के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ेगा. इसकी लंबाई 91 किलोमीटर होगी. तीसरा 106 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को झांसी से कनेक्ट करेगा. इसके अलावा बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से चित्रकूट धाम तक 15 किलोमीटर लंबा लिंक बनाया जाएगा. पांचवीं परियोजना जेवर एयरपोर्ट के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है. इसके तहत 74.5 किलोमीटर लंबा लिंक गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा.
आठ पैकेज में बांटा गया निर्माण का काम
इन परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए निर्माण कार्य को आठ पैकेज में बांटा गया है. फर्रुखाबाद, झांसी और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए दो-दो पैकेज बनाए गए हैं. वहीं, लखनऊ-आगरा से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले लिंक और चित्रकूट धाम वाले प्रोजेक्ट को एक ही पैकेज में रखा गया है. UPEIDA ने कंपनियों की तकनीकी क्षमता और आर्थिक स्थिति की जांच के बाद प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए एजेंसियों का चयन किया है. प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने चयनित कंपनियों को काम सौंपने की मंजूरी भी दे दी है.
जल्द शुरू हो सकता है निर्माण कार्य
निर्माण एजेंसियां तय होने के बाद अब परियोजनाओं को जमीन पर उतारने की तैयारी है. UPEIDA की ओर से मुख्यमंत्री कार्यालय को भी इसकी जानकारी दे दी गई है. माना जा रहा है कि आने वाले कुछ हफ्तों में इन परियोजनाओं के लिए ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित की जा सकती है. इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा. हालांकि, अभी अलग-अलग पैकेज के लिए निर्माण शुरू होने और काम पूरा होने की तारीखों का विस्तृत कार्यक्रम सामने नहीं आया है.
एक्सप्रेसवे बदलने के लिए नहीं लेना पड़ेगा लंबा चक्कर
अभी प्रदेश के कई एक्सप्रेसवे आपस में सीधे जुड़े नहीं हैं. ऐसे में एक कॉरिडोर से दूसरे पर जाने के लिए वाहन चालकों को नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे या दूसरी स्थानीय सड़कों का सहारा लेना पड़ता है. इससे समय और ईंधन दोनों खर्च होते हैं. नए लिंक एक्सप्रेसवे बनने के बाद इस परेशानी में कमी आने की उम्मीद है. पश्चिमी यूपी से मध्य और पूर्वी यूपी तक सफर करना भी पहले के मुकाबले आसान हो सकेगा. इसके अलावा दिल्ली-NCR, बिहार और मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले वाहनों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती है.
जेवर एयरपोर्ट और बुंदेलखंड को मिलेगा फायदा
इन परियोजनाओं में फर्रुखाबाद और जेवर वाले लिंक की खास है. फर्रुखाबाद कॉरिडोर से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के बीच एक एक्सट्रा कनेक्शन देगा. वहीं, इटावा के कुदरैल में पहले से मौजूद इंटरचेंज के साथ सड़क मार्ग का नेटवर्क और भी मजबूत हो जाएगा. दूसरी ओर जेवर लिंक बनने से गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ जाएंगे. इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने में भी सुविधा हो जाएगी. बुंदेलखंड को झांसी और चित्रकूट से जोड़ने वाली परियोजनाओं से वहां पर्यटन, कारोबार और माल ढुलाई को बढ़ावा मिल जाएगी. (स्रोत-UPEIDA)
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
