bhojpur sharmila devi becomes self reliant by making bamboo and sik products

Date:


Last Updated:

Bhojpur Sharmila Devi Success Story: भोजपुर की जीविका दीदी शर्मिला देवी बांस और सिक से टिशू बॉक्स, अगरबत्ती स्टैंड समेत आकर्षक सामान बना रही हैं. उनका हुनर बिहार और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा, ग्रामीण महिलाओं को भी रोजगार मिल रहा है. जानें कहानी.

Bhojpur Sharmila Devi Success Story: हुनर हाथों में हो और कुछ नया करने का जज्बा दिल में, तो साधारण संसाधनों से भी सफलता की नई कहानी लिखी जा सकती है. भोजपुर जिले के अगिआंव प्रखंड की रहने वाली जीविका दीदी शर्मिला देवी इसकी मिसाल बन चुकी हैं. बांस और सिक (बांस की पतली तीलियों) से पारंपरिक हस्तकला को उन्होंने अपनी मेहनत और रचनात्मक सोच के जरिए आधुनिक घरेलू उपयोग के सामानों का रूप दिया है. आज उनके हाथों से तैयार उत्पादों की पहचान भोजपुर से निकलकर बिहार और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रही है. उनकी यह पहल न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है.

बांस और सिक से तैयार कर रहीं आकर्षक घरेलू सामान
शर्मिला देवी बांस और सिक की मदद से कई तरह के आकर्षक और उपयोगी उत्पाद तैयार करती हैं. इनमें टिशू पेपर रखने का खूबसूरत बॉक्स, अगरबत्ती स्टैंड और बॉक्स, पानी की बोतल और गिलास रखने की प्लेट समेत विभिन्न सजावटी एवं घरेलू उपयोग के सामान शामिल हैं. इन उत्पादों की खासियत यह है कि इन्हें पूरी तरह हाथों से तैयार किया जाता है. पारंपरिक कारीगरी के साथ आधुनिक डिजाइन का मेल इनके उत्पादों को खास बनाता है. यही वजह है कि बाजार में इनके सामानों की मांग बनी हुई है.

मायके से सीखा हुनर, शादी के बाद बनाया रोजगार का जरिया
शर्मिला देवी के हुनर की कहानी उनके मायके से शुरू होती है. वहां पहले से बांस की हस्तकला का काम होता था. इसी माहौल में उन्होंने बांस और सिक से विभिन्न प्रकार की वस्तुएं बनाने की कला सीखी. शादी के बाद उन्होंने अपने इस हुनर को केवल घरेलू कला तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे आजीविका का माध्यम बनाने का फैसला किया. शुरुआत में उन्होंने करीब नौ महिलाओं के साथ मिलकर उत्पादन का काम शुरू किया. धीरे-धीरे आसपास की दूसरी ग्रामीण महिलाओं को भी इस काम से जोड़ा और उन्हें प्रशिक्षण देकर हस्तकला के गुर सिखाने लगीं. आज उनके प्रयास से कई महिलाएं सामूहिक रूप से इस काम में भागीदारी कर रही हैं.

शेड में एक साथ काम करती हैं ग्रामीण महिलाएं
महिलाओं को काम करने की सुविधा देने के लिए शर्मिला देवी ने एक शेडनुमा कार्यस्थल भी तैयार किया है. यहां महिलाएं एक साथ बैठकर बांस और सिक से विभिन्न उत्पाद बनाती हैं. इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को घर और गांव के आसपास ही रोजगार का अवसर मिल रहा है. साथ ही उन्हें अपने हुनर को निखारने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने का मौका भी मिल रहा है.

स्थानीय बाजार से सरस मेले तक पहुंची पहचान
शर्मिला देवी के हाथों से तैयार सामानों की मांग अब भोजपुर तक सीमित नहीं है. बिहार के अलग-अलग जिलों के बाजारों में भी उनके उत्पादों की आपूर्ति की जाती है. राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित प्रदर्शनियों और सरस मेलों में उनके उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है. सरकारी स्तर पर आयोजित इन आयोजनों में उनके स्टॉल लगाए जाते हैं. जहां लोग उनके बनाए सामानों को देखते हैं. खरीदारी भी करते हैं. इससे उनके उत्पादों को व्यापक बाजार और नई पहचान मिल रही है. आरा की बाजार समिति स्थित जीविका मार्ट भी इन उत्पादों की बिक्री का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है. यहां भोजपुर की जीविका दीदियों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित सामानों को बिक्री के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है. इससे स्थानीय स्तर पर ग्राहकों तक उत्पाद पहुंचाने का अवसर मिल रहा है.

दूसरी महिलाओं को भी बना रहीं आत्मनिर्भर
शर्मिला देवी की कहानी सिर्फ एक महिला के आत्मनिर्भर बनने की नहीं, बल्कि पारंपरिक हुनर को रोजगार से जोड़ने की भी मिसाल है. बांस और सिक जैसी स्थानीय सामग्री से तैयार उत्पाद आधुनिक बाजार में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं. सबसे खास बात यह है कि शर्मिला देवी अपनी सफलता को खुद तक सीमित नहीं रख रही हैं.  वह दूसरी महिलाओं को भी इस काम से जोड़कर उन्हें हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही हैं.  उनकी यह पहल भोजपुर की ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है.

About the Author

Amit Ranjan

अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …

और पढ़ें



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related