अमेठी-रायबरेली और… UP की 70 सीटों पर बाज की नजर गड़ाए है कांग्रेस, कहीं राहुल के प्लान को पलीता न लगा दें अखिलेश!

Date:


लखनऊ: लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है. एक तरफ जहां ओवैसी-चंद्रशेखर साथ आ गए तो वहीं दूसरी तरफ ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर मंथन तेज हो गया है. सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सपा को 172 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है, लेकिन पार्टी का सबसे ज्यादा फोकस केवल 70 खास सीटों पर है. कांग्रेस हर हाल में गठबंधन के तहत ये 70 सीटें अपने खाते में चाहती है. कहीं 70 सीटों के चक्कर में अखिलेश और राहुल के बीच पेच ना फंस जाए, क्योंकि अखिलेश यादव 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों को आधार मानकर इस विधानसभा के चुनावी मैदान में उतरे हैं. वे 2027 में किसी भी मौके को चूकना नहीं चाहते है.

किन 70 सीटों पर है कांग्रेस का विशेष फोकस?
पार्टी सूत्रों की मानें तो इन 70 सीटों में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्र शामिल हैं, हालांकि ग्रामीण सीटों की संख्या अधिक है. इनमें ज्यादातर वो सीटें हैं, जहां वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक काबिज हैं. इसके अलावा, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने यूपी की जिन 6 सीटों (रायबरेली, अमेठी, सहारनपुर, बाराबंकी, सीतापुर और प्रयागराज) पर जीत दर्ज की थी, उनके अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों पर पार्टी सबसे मजबूती से दावा ठोक रही है.

खास तौर पर अमेठी, रायबरेली और सहारनपुर लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली सभी विधानसभा सीटें (जैसे ऊंचाहार, हरचंदपुर, सरेनी, बछरावां, अमेठी, गौरीगंज, तिलोई, जगदीशपुर, सहारनपुर नगर, देवबंद और बेहट आदि) कांग्रेस की इस सूची में शामिल हैं.

शहरी और पारंपरिक सीटों पर भी नजर
इन 70 प्रमुख सीटों के अलावा, कांग्रेस उन शहरी सीटों पर भी चुनाव लड़ने की इच्छुक है जहां समाजवादी पार्टी का आधार अपेक्षाकृत कमजोर माना जाता है. 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने केवल दो सीटें रामपुर खास (प्रतापगढ़) और फरेंदा (महाराजगंज) जीती थीं. अब पार्टी की नजर मथुरा, वाराणसी (पिंडरा), कानपुर (कैंट/किदवई नगर), लखनऊ (मध्य/कैंट) और गाजियाबाद सीटों पर भी टिकी है. कांग्रेस नेतृत्व को विश्वास है कि इन चुनिंदा सीटों पर वह बेहतर प्रदर्शन कर अपने उम्मीदवारों को जिताने में सफल रहेगी.

सपा के सिटिंग विधायकों की सीटों पर फंस सकता है पेंच
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने जिन सीटों की मांग की है, उनमें से करीब 15 सीटों पर वर्तमान में समाजवादी पार्टी के विधायक हैं. ऐसे में सपा अपने मौजूदा विधायकों का टिकट काटकर कांग्रेस को सीट देगी, इसकी संभावना बेहद कम नजर आ रही है. दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से 172 से अधिक सीटों की शुरुआती मांग पर भी सपा असहमत दिख रही है.

पिछले आंकड़ों के आधार पर सपा कर रही आकलन
2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सपा के साथ गठबंधन कर 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था. 2027 में भी पार्टी 100 से अधिक सीटों पर लड़ना चाहती है, भले ही सपा 100 से कम सीटों का प्रस्ताव दे. हालांकि, अंतिम बातचीत के बाद 172 सीटों की संख्या कम होना तय माना जा रहा है. उधर, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस की चुनावी ताकत का आकलन करने के लिए एक रिपोर्ट तैयार की है.

2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 399 में से 387 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी और पार्टी को कुल 2.33 प्रतिशत (करीब 21.51 लाख) वोट मिले थे. पूरे प्रदेश में केवल 46 सीटें ही ऐसी थीं, जहां कांग्रेस प्रत्याशी 10 हजार से ज्यादा वोट पा सके थे. सपा इन्हीं आंकड़ों को आधार बनाकर कांग्रेस की सीटों की मांग पर सवाल उठा रही है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related