Last Updated:
विदेश में नौकरी करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए शानदार मौका सामने आया है. जर्मनी में नर्सिंग और सऊदी अरब में तकनीकी पदों पर बंपर भर्ती निकली है, जहां युवाओं को 2.25 लाख रुपये तक सैलरी मिलने का अवसर मिलेगा. रोजगार संगम पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. योग्य उम्मीदवार पासपोर्ट और जरूरी शैक्षणिक योग्यता के साथ आवेदन कर सकते हैं.
मेरठ: क्रांति धरा मेरठ से ताल्लुक रखने वाले जो भी युवा विदेश में नौकरी करने की सोच रहे हैं और इसके लिए ऐसे माध्यम की तलाश कर रहे हैं, जिससे उन्हें विदेश में नौकरी पाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, तो ऐसे सभी युवाओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय ऐसे युवाओं को विदेश में नौकरी उपलब्ध कराने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इन बातों को ध्यान में रखते हुए लोकल-18 की टीम ने क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशिभूषण उपाध्याय से खास बातचीत की.
इन देशों में मिलेगा जाने का अवसर
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशिभूषण उपाध्याय ने लोकल-18 की टीम से बातचीत करते हुए बताया कि जर्मनी और सऊदी अरब में युवाओं के लिए रोजगार के सुनहरे अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इसके तहत जर्मनी में नर्सिंग और सऊदी अरब में तकनीकी योग्यता से जुड़े विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. युवा सेवायोजन विभाग के पोर्टल Rojgaar Sangam Portal पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में रोजगार संगम पोर्टल पर जर्मनी में 1000 रिक्त पद और सऊदी अरब में 91 पद प्रदर्शित किए गए हैं. जर्मनी में नर्सिंग पदों के लिए मासिक वेतनमान 2,25,000 रुपये तक निर्धारित किया गया है, जबकि सऊदी अरब में विभिन्न पदों के लिए वेतनमान 30,000 रुपये से लेकर 2,25,000 रुपये तक तय किया गया है. ऐसे में जो भी युवा इस क्षेत्र में रुचि रखते हैं, वे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी.
क्या है योग्यता
बताते चलें कि जो भी युवा जर्मनी में नौकरी करना चाहते हैं, उनके पास एएनएम, जीएनएम या बीएससी नर्सिंग की डिग्री होना अनिवार्य है. वहीं, सऊदी अरब में नौकरी के इच्छुक युवाओं के पास तकनीकी ज्ञान होना चाहिए. इसके साथ ही पासपोर्ट होना अनिवार्य है. युवाओं को अंग्रेजी के साथ संबंधित देश की भाषा का भी ज्ञान होना चाहिए, जिसके लिए संबंधित संस्थानों द्वारा प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा. अधिक जानकारी के लिए युवा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय का दौरा कर सकते हैं, जहां उन्हें हर प्रकार की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जाएगी.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें


