Last Updated:
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के लिए जब चेन्नई सुपर किंग्स की टीम मैदान पर उतरी तो उसके लिए ये पल काफी भावुक था. सीएसके के स्क्वाड के साथ पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी साथ थे. इस दौरान टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना की भी वहां मौजूदगी दिखी. वहीं अब रैना के हवाले से ये कहा जा रहा है कि उन्होंने धोनी को रिटायरमेंट नहीं लेने की अपील की है.
महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना
नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 18 मई को चेपॉक के मैदान पर नजर आए. धोनी चोट के कारण आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं. इस मैच में उम्मीद थी कि वह शायद सीएसके के लिए आखिरी बार खेलते हुए दिखे. ऐसे में दर्शकों से खचाखच भरे चेपॉक में सीएसके के खिलाड़ियों के लिए भी यह एक भावुक पल था. इस सीजन सीएसके आखिरी बार अपने घरेलू मैदान पर खेलने उतरी. ऐसे में पूरी टीम और धोनी ने मैदान का चक्कर लगाते हुए अपने फैंस का अभिवादन किया.
इसके बाद ये समझा गया कि धोनी ने आईपीएल से रिटायरमेंट ले ली है, लेकिन उन्होंने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की. वहीं, अब सीएसके के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और धोनी के बाद टीम में सबसे बड़े सुपरस्टार रहे सुरेश रैना ने उनके आईपीएल रिटायरमेंट को लेकर एक अहम खुलासा किया है. 18 मई को सुरेश रैना भी चेपॉक में मौजूद थे. धोनी के साथ सुरेश रैना की मौजूदगी ने सीएसके फैंस में जोश भर दिया.
रैना ने खत्म किया धोनी के रिटायरमेंट पर सस्पेंस
सुरेश रैना अभी आईपीएल में कमेंट्री पैनल के सदस्य हैं. स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए धोनी के रिटायरमेंट को लेकर उन्होंने कहा, “मैंने उनसे कहा कि आईपीएल 2026 सिर्फ एक मिस्ड कॉल था, जिसे मैं नहीं गिनता हूं. आपको अगले साल फिर से वापस आना होगा. इस पर उन्होंने मुझसे कहा कि मेरा शरीर अब थोड़ा कमजोर पड़ रहा है. फिर मैंने कहा कि हम सब इसमें विश्वास नहीं रखते हैं. आपको अगले साल खेलना ही होगा. ये उनका निजी फैसला हो सकता है, लेकिन मुझे लगा कि उनकी तरफ से पॉजिटिव था और टीम भी यही चाहती है कि वह अगले साल खेलें.”
चेपॉक में सीएसके को नहीं मिली जीत
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले की बात करें तो सीएसके को उसे अपने घर में 5 विकेट से करारी हार मिली. मैच में सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में 180 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में सनराइजर्स ने ईशान किशन के अर्धशतक और हेनरिक क्लासेन की तूफानी बैटिंग से 1 पहले ही 181 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


