Last Updated:
Vaibhav Sooryavanshi 93 off just 38 balls: वैभव सूर्यवंशी कीह धुआंधार पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं. राजस्थान ने एलएसजी को 7 विकेट से हराया. वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. वैभव ने इसके साथ आईपीएल में 50 छक्के भी पूरे कर लिए. वह आईपीएल में 50 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय बन गए. इस जीत से राजस्थान के 13 मैचों में वह 14 अंक हो गए हैं और वह पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गया.
वैभव की तेजर्रार 93 रन की पारी से राजस्थान ने हासिल किया 221 का लक्ष्य.
नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जाइंट्स को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम ने बेहद आक्रामक शुरुआत की. कप्तान यशस्वी जायसवाल ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए मात्र 23 गेंदों में 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 43 रन बनाए और टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई. उनके आउट होने के बाद भी रनों की रफ्तार नहीं थमी और राजस्थान ने सिर्फ 19.1 ओवरों में 3 विकेट खोकर 225 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. इस जीत से राजस्थान के 14 अंक हो गए हैं और वह पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गया जबकि पंजाब 13 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर खिसक गया.
राजस्थान रॉयल्स की इस धमाकेदार जीत के असली हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने मैदान के चारों तरफ छक्कों की बरसात कर दी. वैभव ने महज 38 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के जड़कर 93 रनों की विस्फोटक पारी खेली, हालांकि वह अपने शतक से चूक गए और अब्दुल समद के हाथों कैच आउट हो गए. उनका बेहतरीन साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने निभाया, जिन्होंने सूझबूझ से बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 3 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत नाबाद 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. इसके अलावा लुआन-ड्रे प्रिटोरियस 7 रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि डोनोवन फरेरा 16 रन बनाकर ध्रुव जुरेल के साथ नाबाद लौटे. लखनऊ की तरफ से आकाश सिंह और मोहसिन खान को 1-1 विकेट मिला, लेकिन वे राजस्थान के बल्लेबाजों को रन बनाने से रोकने में पूरी तरह नाकाम रहे.
वैभव की तेजर्रार 93 रन की पारी से राजस्थान ने हासिल किया 221 का लक्ष्य.
इससे पहले मिचेल मार्श की 96 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 5 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर जोश इंग्लिस ने एलएसजी को तेज शुरुआत दिलाई. उन्होंने शुरुआती ओवरों में आक्रामक तेवर दिखाते हुए 29 गेंदों में 60 रन की तूफानी पारी खेली. इसके बाद ‘बाइसन’ के नाम से मशहूर मार्श ने अपनी दमदार बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 चौके और पांच छक्के जड़े. मौजूदा सत्र में यह तीसरी बार रहा, जब उन्होंने 90 से अधिक का स्कोर बनाया.
एलएसजी के लिए निराशाजनक रहे इस सत्र में मार्श का प्रदर्शन टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात साबित हुआ है. उन्होंने 13 मैचों में 563 रन बनाए हैं. अगर-मगर के बिना प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए राजस्थान के लिए आखिरी दो मैच जीतना जरूरी है, लेकिन टीम की गेंदबाजी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल के पहले गेंदबाजी करने के फैसले पर भी सवाल उठे, क्योंकि पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल दिखाई दे रही थी.
पावरप्ले में राजस्थान के गेंदबाज एक बार फिर प्रभाव छोड़ने में विफल रहे. इंग्लिस और मार्श ने पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 109 रन जोड़ दिए. इंग्लिस ने जहां सात चौके और तीन छक्के लगाए, वहीं मार्श ने खास तौर पर पुल शॉट्स से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. यश राज पुंजा की गेंद पर इंग्लिस के आउट होने के बाद भी मार्श ने रनगति कम नहीं होने दी. उनकी पारी का सबसे शानदार शॉट एक्स्ट्रा कवर के ऊपर लगाया गया छक्का रहा, जिसमें ताकत और टाइमिंग का बेहतरीन मेल देखने को मिला. निकोलस पूरन एक बार फिर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 35 रन बनाए.
पंत की बल्लेबाजी में हालांकि आत्मविश्वास की कमी साफ दिखी. भारतीय टेस्ट टीम की उपकप्तानी छिनने और वनडे टीम से बाहर किए जाने का असर उनके खेल पर दिखाई दिया. राजस्थान रॉयल्स के लिए सुशांत मिश्रा, बृजेश शर्मा और संदीप शर्मा लगातार गलत लेंथ पर गेंदबाजी करते रहे, जिसका मार्श ने पूरा फायदा उठाया. युवा लेग स्पिनर यश राज ने दो विकेट लेकर कुछ संघर्ष दिखाया. आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर ने चार डॉट गेंदें डालकर मार्श को दूसरे शतक से रोक दिया, लेकिन तब तक एलएसजी बड़े स्कोर के साथ मैच पर मजबूत पकड़ बना चुका था.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


