Last Updated:
Riyan Parag Press conference Controversy: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग आईपीएल 2026 के दौरान उस वक्त गहरे विवाद में फंस गए थे, जब ड्रेसिंग रूम में उनका वेपिंग करता हुआ वीडियो लाइव टीवी पर कैद हो गया था. तब बीसीसीआई ने उन्हें सिर्फ जुर्माना ठोककर छोड़ दिया था, अब उस केस के बाद रियान पराग पहली बार सामने आए और खुलकर अपनी भड़ास निकाली.
रियान पराग आईपीएल विवाद
जयपुर: रियान पराग (Riyan Parag) भले ही बीती रात लखनऊ सुपरजायंट्स पर मिली जीत का हिस्सा नहीं थे, लेकिन उनकी टीम प्लेऑफ की दहलीज पर पहुंच चुकी है. इंजरी के चलते रियान पराग मैच नहीं खेल पाए. लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए और वहां खुलकर अपनी भड़ास निकाली. लखनऊ के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे राजस्थान के कप्तान ने साफ शब्दों में कहा कि क्रिकेटर्स की निजी जिंदगी पर टिप्पणी करना बंद होना चाहिए और कमेंटेटर्स को सिर्फ क्रिकेट पर बात करनी चाहिए.
दरअसल, हाल ही में ‘वेपिंग विवाद’ में फंसे रियान पराग से जब पूछा गया कि वह अपने बारे में हो रही आलोचनाओं और चर्चाओं को कैसे संभालते हैं, तो उन्होंने कहा कि अब उन्हें समझ आ गया है कि लोग हर हाल में बातें करेंगे. पराग ने कहा:
पिछले चार साल में मैंने एक बात तो समझ ली कि मैं कुछ भी करूं, लोग बातें तो करेंगे ही. इन बातों का मेरे खेल, मेरी फॉर्म या मेरी मानसिकता पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए. इस साल आईपीएल में जो कुछ भी हो रहा है, बहुत सी बातें बाहर हो रही हैं.’
रियान पराग यहीं नहीं रुके. उन्होंने आईपीएल एक्सपर्ट्स और कमेंटेटर्स को भी निशाने पर लिया. उनका कहना था कि खिलाड़ी भी इंसान हैं और उनसे गलतियां हो सकती हैं, लेकिन निजी जिंदगी पर टिप्पणी करना गलत है. पराग आगे बोलते हैं:
जब कोई टीम 75 या 80 रन पर ऑलआउट हो जाती है तो लोग कह देते हैं कि खिलाड़ियों को खेलना नहीं आता या वो खेलना नहीं चाहते, लेकिन उस मैच से पहले तीन-चार दिन की तैयारी होती है. खिलाड़ी 220-250 रन बनाने की सोचकर उतरते हैं, लेकिन हर दिन वैसा नहीं होता. हम भी इंसान हैं, हमसे भी गलतियां होती हैं. मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि जिन कमेंटेटर्स की आवाज लाखों लोगों तक पहुंचती है, वो क्रिकेट से प्यार करें और क्रिकेट की ही बात करें. क्रिकेट के अलावा दूसरी चीजों पर बात नहीं होनी चाहिए.’
प्लेऑफ में पहुंचने से एक जीत दूर राजस्थान
लखनऊ के खिलाफ जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. टीम की प्लेऑफ की उम्मीदों को जबरदस्त बढ़ावा मिला है. प्लेऑफ में पहुंचने से टीम सिर्फ एक जीत दूर है. 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसकी रियान पराग ने जमकर तारीफ की. टीम का आखिरी लीग मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से है, उसे जीतते ही राजस्थान सीधे प्लेऑफ में एंट्री बना लेगा.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रेटजी मेकिंग का रोल संभाल रहे अ…और पढ़ें


