नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय लिख दिया है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा. कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच में भले ही मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस मैच में उनके गेंदबाजों ने विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस मुकाबले में मुंबई के गेंदबाजों ने कोलकाता के छह बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई. इन छह विकटों की बदौलत मुंबई इंडियंस टी20 क्रिकेट के इतिहास में दुनिया की किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली फ्रेंचाइजी बन गई है.
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद मुंबई इंडियंस के नाम अब 312 टी20 मैचों में कुल 1862 विकेट दर्ज हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने किसी क्लब या फ्रेंचाइजी को नहीं, बल्कि एक पूरे देश की अंतरराष्ट्रीय टीम को पीछे छोड़ा है. मुंबई इंडियंस ने इस फॉर्मेट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम से चार विकेट अधिक चटकाए हैं, जो अब तक इस रिकॉर्ड की सरताज बनी हुई थी. पाकिस्तान की टीम ने अब तक खेले 303 टी20 मैचों में 1858 बल्लेबाजों को आउट किया है और वह इस सूची में दूसरे स्थान पर खिसक गई है.
मुंबई इंडियंस ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
इंग्लैंड की काउंटी टीमों का जलवा
वैश्विक स्तर पर यदि टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टीमों पर नजर डालें, तो मुंबई इंडियंस और पाकिस्तान के बाद इंग्लैंड की काउंटी टीमों का दबदबा देखने को मिलता है. इस लिस्ट में समरसेट की टीम 303 मैचों में 1823 विकटों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि हैम्पशायर ने 296 मैचों में 1800 विकेट लेकर चौथा स्थान हासिल किया है. इसके बाद एसेक्स की टीम का नंबर आता है, जिसके नाम 278 मैचों में 1787 विकेट दर्ज हैं. सरे ने 286 मैचों में 1774 विकेट, मिडिलसेक्स ने 272 मैचों में 1756 विकेट, केंट ने 280 मैचों में 1743 विकेट और लीसेस्टरशायर ने 274 मैचों में 1742 विकेट चटकाए हैं. इस वैश्विक सूची में दिल्ली कैपिटल्स की टीम भी अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है, जिसके गेंदबाजों ने 287 मैचों में 1737 शिकार किए हैं.
दिल्ली दूसरे नंबर पर, पंजाब और बेंगलुरु में कांटे की टक्कर
अगर केवल आईपीएल की टीमों की बात की जाए, तो मुंबई इंडियंस के बाद दिल्ली कैपिटल्स इस सूची में दूसरे पायदान पर खड़ी है. दिल्ली के गेंदबाजों ने अब तक 287 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 1737 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा है. आईपीएल टीमों के इस मुकाबले में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच बेहद दिलचस्प टक्कर देखने को मिलती है. पंजाब किंग्स ने जहां 281 मैचों में 1723 विकेट लिए हैं, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी 299 मैचों में इतने ही यानी 1723 विकेट अपने नाम किए हैं. मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 294 मैचों में 1712 बल्लेबाजों को आउट किया है, जबकि पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स 290 मैचों में 1546 विकटों के साथ इस सूची में थोड़ी पीछे नजर आती है. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने 256 मैचों में 1516 विकेट और सनराइजर्स हैदराबाद ने 215 मैचों में 1251 विकेट चटकाए हैं.
गेंद ही नहीं, बल्ले से भी मुंबई इंडियंस की बादशाहत
मुंबई इंडियंस की यह बादशाहत सिर्फ गेंदबाजी तक ही सीमित नहीं है. गेंद से कहर बरपाने वाली यह टीम बल्ले से भी दुनिया की सबसे खतरनाक टीमों में शुमार है. मुंबई इंडियंस के नाम टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज है. उनके बल्लेबाजों ने अब तक खेले 312 मैचों में सामूहिक रूप से कुल 50,792 रन बटोरे हैं, जो टी20 फॉर्मेट में किसी भी टीम द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन हैं. यह आंकड़ा दर्शाता है कि मुंबई इंडियंस ने पिछले डेढ़ दशक में इस फॉर्मेट पर किस कदर अपना वर्चस्व स्थापित किया है.
लसिथ मलिंगा का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
इस सफर में मुंबई इंडियंस के लिए अब तक कुल 107 गेंदबाजों ने मैदान पर उतरकर कम से कम एक विकेट हासिल किया है. लेकिन जब भी मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी और उनके गौरवशाली इतिहास की बात होती है, तो सबसे पहला नाम श्रीलंका के महान तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा का आता है. ‘यॉर्कर किंग’ के नाम से मशहूर मलिंगा ने साल 2009 से 2019 के बीच मुंबई इंडियंस के लिए 139 टी20 मैच खेले और इस दौरान उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा 195 विकेट चटकाए. उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 13 रन देकर 5 विकेट रहा. मलिंगा ने अपने इन कुल विकटों में से 170 विकेट 122 आईपीएल मैचों में हासिल किए, जबकि चैंपियंस लीग टी20 के 17 मुकाबलों में उन्होंने 25 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया.
मलिंगा की विरासत को आगे बढ़ाते जसप्रीत बुमराह
मलिंगा की इस विरासत को मौजूदा दौर में भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं. साल 2013 से लेकर 2026 तक मुंबई इंडियंस का अहम हिस्सा रहे बुमराह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. बुमराह ने अब तक 161 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 190 विकेट अपने नाम कर लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 रन देकर 5 विकेट रहा है. वह मलिंगा के सर्वकालिक रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं.
हरभजन, पोलार्ड और हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की सफलता के स्तंभ
इन दोनों दिग्गजों के अलावा मुंबई इंडियंस की सफलता में कई अन्य गेंदबाजों ने भी अपनी अहम भूमिका निभाई है. भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने 2008 से 2017 के बीच मुंबई के लिए 158 मैचों में 147 विकेट चटकाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देकर 5 विकेट था. वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने भी गेंद से अपना योगदान देते हुए 211 मैचों में 79 विकेट हासिल किए. न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन ने 56 मैचों में 71 विकेट चटकाकर मुंबई को कई मैच जिताए. टीम के मौजूदा कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी अब तक 130 मैचों में 71 विकेट अपने नाम किए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 36 रन देकर 5 विकेट रहा है.


