Last Updated:
UP CM Yogi Adityanath: YEIDA कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले यूपी में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ का राज था और शाम 5 बजे के बाद जिंदगी थम जाती थी. उन्होंने कहा कि आज सुरक्षा और बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के दम पर यूपी निवेश का सबसे बड़ा गढ़ बन चुका है. साथ ही सीएम ने बड़ा अपडेट देते हुए एलान किया कि आगामी 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से घरेलू उड़ानें शुरू होने जा रही हैं.
UP CM Yogi Adityanath: साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की कोई नीति नहीं थी, न ही सरकार की कोई साफ नीयत थी. उस दौर में यूपी के हर जिले में भय और दहशत का माहौल हुआ करता था. प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ का राज चलता था, जहां थानों और जिलों का संचालन आपराधिक गिरोह करते थे. यह हमला सीएम योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के एक कार्यक्रम के दौरान पिछली सरकारों पर बोला. इस दौरान सीएम योगी ने अलॉटमेंट लेटर वितरण के दौरान जेवर और उसके आसपास के इलाकों की तुलना करते हुए कहा कि आज का उत्तर प्रदेश सुरक्षा और बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर की एक नई मिसाल बन चुका है.
सूर्यास्त के बाद थम जाती थी जिंदगी, अब जेवर की जमीन है सोना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जेवर और यमुना एक्सप्रेसवे के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि आज से 9 साल पहले यह इलाका भारत के सबसे डरावने क्षेत्रों में गिना जाता था. यहां शाम के 5 बजते ही लोगों का आना-जाना पूरी तरह बंद हो जाता था. लोगों की जिंदगी सिर्फ सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच सिमट कर रह गई थी. हर तरह के जघन्य अपराध यहां आम बात थे. सीएम योगी ने कहा,
आज जो बदलाव आपको जेवर और यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी के आस-पास दिख रहा है, वह नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की असली तस्वीर है. आज जिन लोगों को यहां प्लॉट या जमीन का अलॉटमेंट मिला है, वे केवल भूमि का टुकड़ा नहीं पा रहे हैं, बल्कि यह जमीन आज के दिन सोने के भाव है. यह पूरे भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे उपजाऊ निवेश भूमि बन चुकी है.
15 जून से शुरू होगी जेवर एयरपोर्ट से उड़ान
जेवर में बन रहे देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने एक बड़ा अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका उद्घाटन किए जाने के बाद अब आगामी 15 जून से यहां से घरेलू (डोमेस्टिक) विमान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इसके ठीक बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू कर दी जाएंगी. इस एयरपोर्ट में भारत की पहली बार कार्गो और एमआरओ की आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं, जो इसे एक बहुत बड़ा ग्लोबल हब बनाएंगी. उन्होंने समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए YEIDA के सीईओ अरुण वीर सिंह और उनकी पूरी टीम की तारीफ की.
विकास की पहली शर्त है सुरक्षा
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बेटियां स्कूल नहीं जा सकती थीं और व्यापारी व्यापार नहीं कर सकते थे. अगर घर की कोई महिला शाम को बाहर जाती थी, तो पूरे परिवार को चिंता सताने लगती थी. खराब सड़कें, गड्ढे और बिजली के नाम पर सिर्फ 4-5 घंटे की सप्लाई ही नसीब होती थी. सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा, ‘विकास की पहली और सबसे बड़ी शर्त सुरक्षा है. अगर सुरक्षित माहौल ही नहीं होगा, तो कोई चाहकर भी कुछ नहीं कर पाएगा. आज हमारी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के, बिना किसी लेन-देन के, चेहरा देखकर नहीं बल्कि एक ठोस नीति बनाकर हर नागरिक और निवेशक को सुरक्षा की गारंटी दी है. यही वजह है कि आज रोड इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में उत्तर प्रदेश देश के टॉप राज्यों में प्रतिस्पर्धा कर रहा है.’
गोरखपुर और देवरिया में भी बदल रही निवेश की हवा
उत्तर प्रदेश के चौतरफा विकास का उदाहरण देते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले जब वे गोरखपुर में निवेशकों से निवेश की बात करते थे, तो लोग हंसकर टाल देते थे. लेकिन पिछले 5 सालों में अकेले गोरखपुर में इतना भारी निवेश हुआ है कि वहां 50,000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है. वहीं देवरिया जैसे क्षेत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि आज भयमुक्त माहौल और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण वहाँ पेपर मिल जैसी इंडस्ट्री सफलतापूर्वक चल रही हैं. आज पूरे उत्तर प्रदेश के पास पर्याप्त लैंड बैंक, सुरक्षा और निवेशकों के लिए बेहतरीन सुविधाएं मौजूद हैं.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें


