Last Updated:
vaibhav sooryavanshi world record: मुंबई इंडियंस के खिलाफ दो रन बनाते ही वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया. दरअसल, राजस्थान रॉयल्स का यह ओपनर एक टी20 सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला ‘टीनएजर’ बन गया है. वैभव ने इन दूसरा रन लेते ही आईपीएल 2026 में अपने रनों की संख्या 581 पहुंचा दी, जिससे उन्होंने देवदत्त पडिक्कल (580 रन का पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया.
वैभव सूर्यवंशी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड से तहलका मचा दिया है. 15 साल के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ दूसरा रन बनाते ही इतिहास रच दिया. इस बार वैभव का नाम आईपीएल में नहीं, बल्कि टी20 क्रिकेट में गूंजा. 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में सीजन के आखिरी लीग मैच में वैभव ने एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे आज तक कोई भी ‘टीनएजर’ खिलाड़ी नहीं कर पाया था. दरअसल, वैभव टी20 क्रिकेट में किसी एक सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ‘टीनएजर’ बन गए हैं. उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को पीछे छोड़ा.
टूट गया देवदत्त पडिक्कल का वर्ल्ड रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी अब किसी भी एक टी20 सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टीनएजर बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने भारत के ही देवदत्त पडिक्कल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. पडिक्कल ने साल 2019-20 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए खेलते हुए कुल 580 रन बनाए थे. वैभव सूर्यवंशी 580 रन के आगे पहुंचने वाले पहले टीनएजर बने.
वानखेड़े में ऐसे रचा इतिहास
राजस्थान रॉयल्स के लिए इस सीजन अपना 14वां मैच खेल रहे वैभव को इस महारिकॉर्ड को तोड़ने के लिए सिर्फ 2 रनों की जरूरत थी. मुंबई इंडियंस के खिलाफ पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव ने मैच की पहली ही गेंद पर अपना खाता खोला. इसके बाद, पारी के दूसरे ओवर में इंग्लैंड के स्पिनर विल जैक्स की दूसरी गेंद पर जैसे ही उन्होंने अपना दूसरा रन पूरा किया, उनका नाम क्रिकेट के इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो गया. अब आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी के नाम 583 रन हो चुके हैं. क्रिकेट इतिहास में किसी एक टी20 सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टीनएजर की टॉप-10 लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी और देवदत्त पडिक्कल के अलावा 6 भारतीय और शामिल हैं, जिनमें तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, यश ढुल और पृथ्वी शॉ का नाम है.
बड़ी पारी नहीं खेल पाए वैभव
टूर्नामेंट में रनों का अंबार लगा रहे वैभव मुंबई के खिलाफ बड़ी पारी नहीं खेल पाए. वह 6 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. इस दौरान उनके बल्ले से कोई बड़ा शॉट नहीं आया. हालांकि, पहले ही ओवर में अपनी पहली गेंद पर वैभव ने छक्के से खाता खोलने की कोशिश की, जिसमें उन्हें विल जैक्स ने कामयाब नहीं होने दिया. वैभव ने दीपक चाहर की गेंद पर एक ताकतवर शॉट जरूर खेला और गेंद 6 रन के लिए जा रही थी, लेकिन बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे जैक्स ने शानदार फील्डिंग करते हुए गेंद को मैदान के अंदर धकेल दिया, जिससे इस गेंद पर कोई रन नहीं आया. वैभव के आईपीएल 2026 में कुल 583 रन हो गए हैं. वह ऑरेंज कैप की रेस में चौथे स्थान पर हैं.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


