Last Updated:
HPCA stadium Dharamsala pitch report RCB vs GT IPL 2026 Qualifier 1: तेज गेंदबाजों की मददगार धर्मशाला की पिच पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सीजन में बल्लेबाजों ने सहजता से बड़े स्कोर बनाए हैं और मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आसीबी) और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले पहले क्वालीफायर मैच में मुख्य मुकाबला बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के बीच होने की संभावना है.
आरसीबी vs गुजरात, क्वालीफायर-1
धर्मशाला: आईपीएल 2026 में धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के स्टेडियम में खेले गए तीनों मुकाबलों में पहली पारी का स्कोर 200 रन के आंकड़े तक पहुंचा या उससे आगे निकला. तेज गेंदबाजों को यहां सीम मूवमेंट और अतिरिक्त उछाल मिलती है, लेकिन इस सीजन के आंकड़े बताते हैं कि धर्मशाला अब केवल गेंदबाजों के लिए मुफीद विकेट नहीं रह गया है. बल्लेबाज अगर पिच की समान गति और सही उछाल की शुरुआती चुनौती पार कर लें, तो उन्हें खुलकर खेलने का मौका मिलता है.
बाउंस और पेस की ऐशगाह पिच
धर्मशाला की सबसे खास बात अब भी पारी के शुरुआती ओवरों में गेंद की हरकत है. समुद्र तल से लगभग 1450 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह मैदान भारत के उन चुनिंदा स्थलों में शामिल है, जहां तेज गेंदबाजों को नई गेंद से लगातार स्विंग और अतिरिक्त उछाल मिलती है. पहाड़ी इलाकों की ठंडी और हल्की हवा गेंदबाजों को हार्ड लेंथ पर प्रभावी गेंदबाजी करने में मदद करती है.
हाई स्कोरिंग ग्राउंड में कोई भी स्कोर सेफ नहीं
अन्य मैदानों के विपरीत यहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलने का मतलब कम स्कोर वाला मैच नहीं होता. तेज आउटफील्ड और संतुलित उछाल बल्लेबाजों को भी तेजी से रन बनाने का मौका देती है. इस सीजन के तीनों मुकाबलों में कुछ ऐसा ही देखने को मिला. पावरप्ले में गेंदबाजों ने विकेट चटकाने के साथ बल्लेबाजों को चकमा भी दिया, लेकिन गेंद पुरानी होते ही रनों की झड़ी लग गई.
गुजरात के सामने आरसीबी का पलड़ा इसलिए भारी
पहले क्वालीफायर में काफी कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन-सी टीम शुरुआती छह ओवरों में गेंद से बेहतर प्रदर्शन करती है. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आरसीबी को यहां मामूली बढ़त हासिल नजर आती है. भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की अगुवाई वाला उनका तेज आक्रमण नियंत्रण, स्विंग और सटीक हार्ड लेंथ पर आधारित है. धर्मशाला की परिस्थितियों में ये गुण हमेशा कारगर साबित हुए हैं. रोशनी में गेंद को स्विंग कराने और आखिरी ओवरों में गति में बदलाव करने वाले गेंदबाज यहां बड़े स्कोर वाले मुकाबलों में भी असरदार रहे हैं.
जिसके पास पेसर्स वही जीतेंगे मैच
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस के पास अधिक रफ्तार वाला गेंदबाजी आक्रमण है, जिसे धर्मशाला की अतिरिक्त उछाल और खतरनाक बना सकती है. स्पिन गेंदबाजों की सीमित भूमिका उनकी रणनीति को प्रभावित कर सकती है. राशिद खान आमतौर पर प्रभावी रहते हैं, लेकिन यह पिच उनकी परीक्षा ले सकती है. हाल के मुकाबलों के आंकड़े बताते हैं कि यहां अधिकांश विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए हैं और निर्णायक चरणों में टीमों ने स्पिन का अपेक्षाकृत कम इस्तेमाल किया है.
टॉस जीतकर पहले बैटिंग या बॉलिंग
टॉस भी इस मैदान पर अहम भूमिका निभा सकता है. इस सीजन के तीन में से दो मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीते हैं. इसकी बड़ी वजह यह रही कि गेंद पुरानी होने और ओस पड़ने के बाद बल्लेबाजी आसान हो जाती है. ऐसे में मंगलवार रात भी पहले गेंदबाजी करना टीमों की प्राथमिकता हो सकती है. ऐसे में आरसीबी का संतुलित तेज गेंदबाजी आक्रमण, पावरप्ले जैसे निर्णायक चरण में परिस्थितियों का बेहतर फायदा उठाने के मामले में गुजरात टाइटंस पर मामूली बढ़त दिला सकता है.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रेटजी मेकिंग का रोल संभाल रहे अ…और पढ़ें


