20.3 C
Munich

दीप्ति शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड… महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं, झूलन गोस्वामी का महारिकॉर्ड टूटा

Must read


होमखेलक्रिकेट

दीप्ति शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड… सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं

Last Updated:

Deepti Sharma world records: भारतीय स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच में बेथ मूनी का विकेट लेकर इतिहास रच दिया. वह झूलन गोस्वामी के सबसे अधिक विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं. आगरा की इस 28 वर्षीय खिलाड़ी के नाम अब 279 मैचों में 356 विकेट दर्ज हैं, जिसमें टी20 इंटरेनशनल के सबसे ज्यादा 168 विकेट शामिल हैं.

Zoom

दीप्ति शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.

नई दिल्ली. भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम हमेशा-हमेशा के लिए दर्ज करा लिया. दीप्ति अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं. उन्होंने यह अद्भुत कीर्तिमान आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में हासिल किया.

इस ऐतिहासिक मैच से पहले दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) महान भारतीय तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के 355 इंटरनेशनल विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी पर थीं. उन्हें इतिहास रचने के लिए केवल एक विकेट की दरकार थी. लॉर्ड्स के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रन चेज के दौरान, जब ऑस्ट्रेलियाई पारी का 10वां ओवर फेंकने दीप्ति आईं, तो उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर खतरनाक सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. इस विकेट को लेते ही दीप्ति ने झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

दीप्ति शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.

279वें मैच में हासिल किया यह जादुई आंकड़ा
भारतीय महिला टीम की जर्सी में अपना 279वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरीं आगरा की रहने वाली दीप्ति शर्मा के नाम अब कुल 356 अंतरराष्ट्रीय विकेट हो गए हैं. दीप्ति का यह सफर बेहद शानदार रहा है। हाल ही में उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में बर्मिंघम के मैदान पर चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट चटकाए थे, जिससे साफ था कि वह बेहद शानदार फॉर्म में चल रही हैं.

अगर दीप्ति के तीनों फॉर्मेट के करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने अब तक खेले 6 टेस्ट मैचों में 22 विकेट हासिल किए हैं, जिसमें 7 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है. वहीं, वनडे क्रिकेट में उनका दबदबा साफ नजर आता है, जहां उन्होंने 124 मैचों में 166 विकेट अपने नाम किए हैं. वनडे में उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 20 रन देकर 6 विकेट चटकाना रहा है, और वह इस फॉर्मेट में 4 बार पांच या उससे अधिक विकेट ले चुकी हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय की बात करें, तो उन्होंने 149 मैचों में 168 विकेट झटके हैं, जिसमें 10 रन देकर 5 विकेट उनका बेस्ट रहा है। इस तरह उन्होंने अपने पूरे अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 7 बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है.

झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड टूटा
दीप्ति ने जिस महान खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा है, वह कोई और नहीं बल्कि भारत की दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी हैं. झूलन गोस्वामी ने अपने शानदार करियर में 284 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे और 355 विकेटों के साथ संन्यास लिया था. झूलन ने अपने टेस्ट करियर के 12 मैचों में 44 विकेट चटकाए थे, जबकि 204 वनडे मैचों में उन्होंने रिकॉर्ड 255 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था. टी20 अंतरराष्ट्रीय में झूलन के नाम 68 मैचों में 56 विकेट दर्ज हैं. झूलन ने अपने पूरे करियर में 6 बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया था, और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 31 रन देकर 6 विकेट रहा था.

विश्व क्रिकेट के दिग्गजों को छोड़ा पीछे
महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में अब दीप्ति शर्मा (356 विकेट) और झूलन गोस्वामी (355 विकेट) पहले और दूसरे स्थान पर काबिज हैं. भारतीय गेंदबाजों के इस दबदबे के बाद इस सूची में तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिसा पेरी का नाम आता है, जिन्होंने 362 मैचों में 336 विकेट लिए हैं. उनके बाद इंग्लैंड की कैथरीन साइवर-ब्रंट का नंबर है, जिनके नाम 267 मैचों में 335 विकेट दर्ज हैं. इंग्लैंड की ही फिरकी गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन भी इस रेस में ज्यादा पीछे नहीं हैं, उन्होंने 204 मैचों में 333 विकेट चटकाए हैं. वहीं, छठे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका की पूर्व तेज गेंदबाज शबनम इस्माइल हैं, जिन्होंने 246 मैचों में 323 विकेट अपने नाम किए थे.

टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी दीप्ति का राज
दीप्ति शर्मा का जादू सिर्फ ओवरऑल विकेटों तक ही सीमित नहीं है। वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम 168 विकेट हैं. उन्होंने थाईलैंड की स्पिनर थिपाचा पुथावोंग को पीछे छोड़ रखा है, जो 105 मैचों में 165 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article