Last Updated:
Indians Hitting first ball in T20I career for a six: अपने देश के लिए खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है. भारत और आयरलैंड के बीच दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान दो भारतीय क्रिकेटर्स का यह ड्रीम पूरा हुआ. भले ही टीम इंडिया को इस मैच में हार के साथ आयरलैंड से शर्मनाक सीरीज क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा, लेकिन एक डेब्यूटेंट ने अनोखी रिकॉर्ड लिस्ट में नाम दर्ज करा लिया. यह रिकॉर्ड है टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली ही गेंद का सामना करते हुए छक्का जड़ने का. दिलचस्प यह है कि बल्लेबाज नहीं, बल्कि गेंदबाज ने ऐसा किया है. चलिए जानते हैं…
भारतीय टीम रविवार को बड़ा उलटफेर का शिकार हो गई. टीम इंडिया ने सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले को महज 1 रन के अंतर से गंवा दिया. इसी के साथ भारत को टी20 इतिहास में पहली बार आयरलैंड के खिलाफ सीरीज गंवानी पड़ी. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए. जवाब में भारत निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 153 रन ही बना सका. इससे पहले भारत ने 26 जून को इसी मैदान पर खेले गए सीरीज के पहले मैच को 34 रन से गंवा दिया था.

इस मैच से पहले तक भारत के दो ही ऐसे क्रिकेटर थे, जिन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली गेंद का सामना करते हुए छक्का जड़ा. सूर्यकुमार यादव ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज थे. भारत के टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार ने 2021 में अहमदाबाद में जोफ्रा आर्चर की गेंद पर छक्का लगाया था. यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली गेंद थी.

इसके बाद 2024 में ऐसा हुआ, जब रमनदीप सिंह ने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर पहली ही गेंद का सामना करते हुए छक्का उड़ाया. रमनदीप ने सेंचुरियन में एंडिले सिमेलने की गेंद पर सिक्स लगाकर इस रिकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम शामिल किया. रमनदीप सिंह एक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस लिस्ट में अब तीसरा नाम जुड़ चुका है. ये नाम प्रिंस यादव का है, जिन्होंने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया. प्रिंस वैसे तो एक तेज गेंदबाज हैं, लेकिन भारतीय बैटिंग की पारी की आखिरी गेंद पर स्ट्राइक लेते हुए उन्होंने एक शानदार छक्का जड़ दिया. इसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए.

अपने डेब्यू मैच में प्रिंस यादव ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया। उन्होंने चार ओवर के अपने स्पेल में सिर्फ 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए. प्रिंस ने आयरलैंड के अर्धशतकीय पारी खेलने वाले हैरी टेक्टर को चलता करके उन्हें बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोका। प्रिंस ने लोर्कन टकर और लियाम मैकार्थी को भी आउट किया। हालांकि, उनका यह स्पेल टीम की जीत के काम न आ सका.

प्रिंस यादव को टीम में जगह मिलने और डेब्यू करने का मौका देने के पीछे उनका आईपीएल 2026 के प्रदर्शन का बड़ा योगदान है. प्रिंस को डेब्यू कैप दिग्गज ऑलराउंडर शिवम दुबे ने सौंपी. प्रिंस का कैप नंबर 121 है. प्रिंस ने आईपीएल 2026 में कमाल की गेंदबाजी करते हुए विराट कोहली जैसे दिग्गजों के विकेट निकाले. प्रिंस के पास गति, उछाल, स्विंग, यॉर्कर है जो बल्लेबाजों को परेशान करती है. इस गेंदबाज ने आईपीएल 2026 में एलएसजी के लिए 14 मैचों में 16 विकेट लिए थे. हाल ही में खत्म हुई अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने इंटरनेशनल डेब्यू किया था.


