Last Updated:
SRH vs RR IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग की माने तो बीती रात सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टीम को मिली सीजन की पहली हार के कई कारण रहे, जिनमें उनके विस्फोटक बल्लेबाजों का गेंदों की गति को समझने में नाकाम रहना भी शामिल है.
हुसैन और हिंगे ने राजस्थान को हिला डाला
हैदराबाद: आखिरकार राजस्थान रॉयल्स का विजयी रथ थम चुका है. बीती रात सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान के रजवाड़ों को 57 रन से रौंदते हुए सीजन की पहली हार थमाई. इस सीजन में राजस्थान की कप्तानी संभाल रहे रियान पराग ने हार के बाद अपनी टीम की हार की वजहें गिनाईं. पहले राजस्थान के गेंदबाजों की पिटाई हुई और फिर यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल पहले ओवर में ही पवेलियन लौट गए, जिससे रॉयल्स की 216 रन के जवाब में 159 रन ही बना पाई.
पराग ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘मुझे लगता है कि हमारी हार के लिए कई कारण जिम्मेदार रहे. गेंद हाथ से निकलने के बाद जिस गति से आ रही थी, उसे देखकर हम थोड़े हैरान रह गए थे. मुझे लगता है कि वैभव को गेंद के थोड़ा तेज गति से आने की उम्मीद थी, लेकिन वह रुककर आई. ध्रुव के साथ भी ऐसा ही हुआ, गेंद अंदर की ओर मुड़ी. जायसवाल 10 में से नौ बार ऐसा शॉट मारता है लेकिन इस बार गेंद रुककर उनके पास पहुंची थी.’
पराग ने कहा, ‘मुझे बहुत ही फुललेंथ गेंद मिली और मैं उसे हिट नहीं कर पाया. मैं यह नहीं कहूंगा कि हम बदकिस्मत थे, लेकिन कई ऐसे कारण थे जिससे हम अपने शॉट सही तरह से नहीं लगा पाए.
इस सत्र में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी संभालने वाले पराग ने कहा कि उनके गेंदबाज भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन फिर बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. मुझे लगता है कि हम बेहतर विकल्प ढूंढ सकते थे, विकेट का थोड़ा और इस्तेमाल कर सकते थे, धीमी गेंदों का अधिक उपयोग कर सकते थे, शायद धीमी बाउंसर, वाइड यॉर्कर या जो भी हो.’
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें


