12.3 C
Munich

अभिषेक शर्मा बनाम मुकेश चौधरी…क्या रिपीट होगा 27 रनों वाला इतिहास? SRH और CSK मैच में ये 5 खिलाड़ी पलट सकते हैं पासा

Must read


नई दिल्ली. ‘नवाबों के शहर’ हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स से होगा. एक तरफ हैदराबाद की टीम अपने युवा तेज गेंदबाजों के दम पर विरोधी खेमे में खौफ पैदा कर रही है, तो दूसरी तरफ सीएसके अपनी खोई हुई लय वापस पा चुकी है. हैदराबाद ने अपने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स को जिस तरह से शिकस्त दी, उसने टूर्नामेंट की अन्य टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है. प्रफुल्ल हिंगे (4/34) और साकिब हुसैन (4 विकेट) की जोड़ी ने अपनी रफ्तार और स्विंग से तहलका मचा रखा है. वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ की खराब फॉर्म के बावजूद संजू सैमसन की वापसी ने CSK के खेमे में नई जान फूंक दी है. हालांकि एमएस धोनी, नाथन एलिस और खलील अहमद की गैरमौजूदगी चेन्नई के लिए सिरदर्द बनी हुई है.

संजू सैमसन बनाम प्रफुल्ल हिंगे (Praful Hinge) इस मैच की सबसे बड़ी हेडलाइन है. एक तरफ संजू सैमसन (Sanju Samson) हैं, जो पिछले मैच में शानदार शतक जड़कर ‘रेड हॉट फॉर्म’ में हैं. दूसरी ओर हैदराबाद के युवा सनसनी प्रफुल्ल हिंगे हैं, जिन्होंने पिछले मैच में इतिहास रच दिया था. हिंगे ने अपने पहले ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुहान-ड्रे प्रिटोरियस जैसे दिग्गजों को शून्य पर पवेलियन भेजकर खलबली मचा दी थी. पावरप्ले में संजू का आक्रामक रुख और हिंगे की शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने की काबिलियत के बीच यह मुकाबला पूरे मैच की टोन सेट करेगा.

सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स मुकाबले में इन पांच खिलाड़ियों पर रहेगी नजर.

हैदराबाद की बल्लेबाजी की जान ट्रेविस हेड हैं
सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी की जान ट्रेविस हेड (Travis Head) हैं. अगर हेड क्रीज पर टिक गए, तो वह किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस कर सकते हैं. लेकिन उनके सामने होंगे इस सीजन के ‘ब्रेकआउट स्टार’ अंशुल कंबोज (Anshul Kamboj) . कंबोज ने इस सीजन के 5 में से 4 मैचों में कम से कम 2 विकेट झटके हैं. हेड का लक्ष्य कंबोज की लय बिगाड़ना होगा, जबकि कंबोज अपनी सटीक लाइन-लेंथ से हेड को जल्दी पवेलियन भेजने की फिराक में होंगे.

हेनरिक क्लासेन और नूर अहमद में होगी जंग
मिडल ओवर्स में जब हेनरिक क्लासेन क्रीज पर होते हैं, तो रन गति को रोकना नामुमकिन सा लगता है. हालांकि, अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद उनके लिए पहेली रहे हैं. आंकड़ों की बात करें तो क्लासेन ने नूर के खिलाफ 48 गेंदों में 62 रन बनाए हैं, लेकिन दो बार अपना विकेट भी गंवाया है. नूर अहमद अपनी विविधताओं (Variations) से क्लासेन को बांधने की कोशिश करेंगे, और यह देखना दिलचस्प होगा कि क्लासेन इस ‘स्पिन ट्रैप’ से कैसे निकलते हैं.

अभिषेक शर्मा और मुकेश चौधरी की प्रतिद्वंद्विता पुरानी है
अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) और मुकेश चौधरी (Mukesh Choudhary) की प्रतिद्वंद्विता काफी पुरानी है. साल 2025 में इसी मैदान पर अभिषेक ने मुकेश के एक ही ओवर में 27 रन कूट डाले थे. अब एक बार फिर दोनों आमने-सामने होंगे. खलील अहमद की अनुपस्थिति में मुकेश चौधरी पर जिम्मेदारी ज्यादा है. क्या मुकेश पुराने जख्मों को भरते हुए अभिषेक को शांत रख पाएंगे या एक बार फिर अभिषेक का बल्ला आग उगलेगा? यह ‘हाई-रिस्क, हाई-रिवॉर्ड’ वाला मुकाबला होगा.

गायकवाड़ के लिए यह सीजन अब तक बुरे सपने जैसा रहा है
सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के लिए यह सीजन अब तक किसी बुरे सपने जैसा रहा है. उनके पिछले स्कोर (6, 28, 7, 15, 7) उनकी काबिलियत के साथ न्याय नहीं करते. लेकिन हैदराबाद के खिलाफ उनका औसत 56 से ज्यादा का है, जो उन्हें उम्मीद देता है। उनके सामने होंगे ईशान मलिंगा, जो अपनी घातक यॉर्कर और सटीकता के लिए जाने जाते हैं. गायकवाड़ की तकनीक और मलिंगा की रफ्तार के बीच यह मुकाबला अनुभव और जोश की सीधी भिड़ंत है.

बल्लेबाजों की मददगार रही है उप्पल की पिच
हैदराबाद की पिच हमेशा से बल्लेबाजों की मददगार रही है, लेकिन जिस तरह से युवा गेंदबाज इस सीजन में प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि गेंद और बल्ले के बीच बराबरी का मुकाबला होगा. क्या हैदराबाद अपने घर में जीत का सिलसिला जारी रखेगी, या धोनी के बिना उतरी ‘येलो आर्मी’ अपना दबदबा कायम करेगी? जवाब 18 अप्रैल की शाम को उप्पल स्टेडियम में मिलेगा.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article