Last Updated:
Shahjahanpur Latest News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक गजब का मामला सामने आया है. जहां एक पुलिसवाला लड़की को प्यार का झांसा देकर घुमा रहा था. मगर जब एसपी को इस बात की भनक हुई तो एसपी ने बिना देर किए पुलिसवाले के साथ उस लड़की की शादी थाने के ही मंदिर में करा दी. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
शादी का वायरल वीडियो.
शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर में बीते दिन शनिवार को एसपी के आदेश पर शुभ मुहूर्त देख अनोखी शादी हुई है. आरोप है कि शाहजहांपुर पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही हरदोई की रहने वाली एक लड़की से पिछले कई साल से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना रहा था. लड़की जब भी शादी की जिद करती सिपाही टालमटोल कर देता. अब लड़की ने जब जिद पकड़ी तो सिपाही वर्दी की धौंस देने लगा. लेकिन लड़की ने हार नहीं मानी और वह हरदोई से चलकर शाहजहांपुर एसपी के दरबार में पहुंच गई.
लड़की ने सबूत के साथ सिपाही की करतूत एसपी के सामने उजागर कर दी. तेज तर्रार माने जाने वाले नवागत एसपी शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित ने फौरन ही सिपाही को अपने दरबार में बुला लिया. दोनों का आमना-सामना करवाया और शनिवार शाम को एक मंदिर में दोनों का ब्याह करवा दिया गया. फिलहाल शाहजहांपुर में हुई यह शादी पूरे पुलिस महकमा में चर्चा का विषय बनी हुई है.
पूरा मामला शाहजहांपुर जिले का है. दरअसल शाहजहांपुर पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही हरदोई की लड़की से दिखावटी प्रेम करता था. शादी का झांसा देकर पढ़ी-लिखी लड़की को गुमराह कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था. 1 साल गुजरा, 2 साल गुजरे, चार साल गुजरे लड़की जब भी शादी के लिए कहती सिपाही टालमटोल कर देता था. लड़की ने शादी के लिए जब ज्यादा जिद पकड़ी तो पिछले कुछ दिनों से सिपाही ने लड़की से बात करना भी बंद कर दी.
सिपाही ने कबूली हकीकत
लड़की ने एसपी शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के दरबार में सिपाही की एक-एक करतूत और एक-एक सबूत सामने रख दिए. एसपी ने फौरन ही आरोपी सिपाही को अपने दरबार में तलब कर लिया. सिपाही ने हकीकत कबूल कर ली. जिला के सुपर वास के आदेश और जांच पड़ताल के बाद पुलिसकर्मी साथी सिपाही को मंदिर ले गए और थाने में ही बने मंदिर में पुजारी को बुलाकर सिपाही और लड़की का ब्याह करवा दिया गया.
वायरल हुई वीडियो
शाहजहांपुर पुलिस महकमा सुबह से इस पूरी लव स्टोरी को छिपाए रहा. लेकिन छुप ना सकी. रात होते-होते वीडियो सामने आ गए और पूरे पुलिस महकमा में सिपाही की शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. फिलहाल सिपाही की शादी पर शाहजहांपुर का कोई भी पुलिस अधिकारी मुंह खोलने को तैयार नहीं है.
About the Author

न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें


