Last Updated:
Abhimanyu Mithun 5 wickets in over record: भारतीय गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन ने ये कारनामा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में किया था. 2019 में उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में 5 विकेट लेकर अनोखा रिकॉर्ड बनाया. इसके साथ ही वह डोमेस्टिक क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में हैट्रिक लेने वाले पहले भारतीय भी बन गए.
अभिमन्यु मिथुन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में एक ओवर में 5 विकेट लिए थे.
नई दिल्ली. टी20 क्रिकेट में आमतौर पर बल्लेबाजों का बोलबाला रहता है. बल्लेबाजों ने अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग से कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिनका टूटना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन जैसा लगता है. हालांकि, बल्लेबाजों का फॉर्मेट कहे जाने वाले टी20 क्रिकेट में कई बार गेंदबाजों ने भी करिश्मे किए हैं. किसी ने इकनॉमिकल स्पेल का रिकॉर्ड बनाया तो किसी ने विकेटों की झड़ी लगाकर कीर्तिमान बना दिए, लेकिन क्या आप जानते हैं इस फॉर्मेट में एक ओवर में 5 विकेट लेने का असंभव दिखने वाला कारनामा भी हो चुका है, वो भी पारी के आखिरी यानी 20वें ओवर में. यह कमाल करने वाला कोई विदेशी नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेटर है. चलिए आपको बताते हैं इस स्टार के बारे में…
दरअसल, यह रिकॉर्ड भारत के लिए टेस्ट और वनडे खेल चुके अभिमन्यु मिथुन ने किया है. अभिमन्यु मिथुन ने 2019 में घरेलू क्रिकेट में ये अनोखा कारनामा किया है, जो बड़े-बड़े दिग्गज गेंदबाज भी नहीं कर पाए. उन्होंने कर्नाटक की ओर से खेलते हुए हरियाणा के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में इतिहास रचा था. पारी के आखिरी ओवर (20वें ओवर) में मिथुन ने कुल 5 विकेट चटकाए, जिसमें हैट्रिक भी शामिल थी. ओवर की पहली चार गेंदों पर उन्होंने लगातार 4 विकेट लिए और आखिरी गेंद पर 5वां विकेट झटककर हरियाणा की पारी को तहस-नहस कर दिया. मिथुन ने पहली चार गेंदों पर हिमांशु राणा, राहुल तेवतिया, सुमित कुमार और अमित मिश्रा जैसे बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया. फिर आखिरी बॉल पर जयंत यादव का विकेट लेकर उन्होंने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की.
अभिमन्यु मिथुन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में एक ओवर में 5 विकेट लिए थे.
तीनों फॉर्मेट में हैट्रिक का अनोखा रिकॉर्ड
अभिमन्यु मिथुन भारत के ऐसे पहले क्रिकेटर हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में हैट्रिक लेने का कारनामा किया है. उन्होंने रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ हैट्रिक ली. विजय हजारे ट्रॉफी में तमिलनाडु के खिलाफ अपने जन्मदिन पर हैट्रिक ली. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ हैट्रिक ली. भारत में कई दिग्गज रहे, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट खेला है, लेकिन तीनों फॉर्मेट में हैट्रिक लेने का अनोखा रिकॉर्ड नाम नहीं कर सके. अभिमन्यु मिथुन का यह रिकॉर्ड भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे यादगार पलों में से एक है.
भारत के लिए खेले सिर्फ 9 मैच
अभिमन्यु मिथुन का इंटरनेशनल करियर भले ही छोटा रहा हो, लेकिन उन्होंने बहुत कम समय में अपनी छाप छोड़ी थी. घरेलू क्रिकेट के दिग्गज माने जाने वाले मिथुन को उनकी तेज गेंदबाजी और सटीक लाइन-लेंथ के लिए जाना जाता था. 18 जुलाई 2010 को श्रीलंका के खिलाफ गाले में उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट की पहली पारी में 4 विकेट झटके थे. वहीं, 27 फरवरी 2010 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में उन्होंने वनडे डेब्यू किया. मिथुन ने भारत के लिए कुल 4 टेस्ट और 5 वनडे मैच खेले, जिनमें कुल 12 विकेट चटकाए. मिथुन सिर्फ एक गेंदबाज नहीं थे, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर लेते थे. टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत 24.00 का रहा. उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट जून 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ और आखिरी वनडे दिसंबर 2011 में वेस्टइंडीज के ही खिलाफ खेला था.
अभिमन्यु मिथुन ने 7 अक्टूबर 2021 को भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी थी. उन्होंने अपने संन्यास के पीछे अन्य लीग्स में खेलने और परिवार के साथ समय बिताने की इच्छा जताई थी. भले ही उन्हें टीम इंडिया में ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन कर्नाटक के लिए 300 से ज्यादा फर्स्ट क्लास विकेट और घरेलू क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में हैट्रिक लेकर उन्होंने अपना नाम इतिहास में अमर कर लिया.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


