12.3 C
Munich

फिरोजाबाद में भीषण अग्निकांड, कपड़ा मार्केट और सब्जी मंडी में लगी आग, कौशांबी में मिली नवविवाहिता की लाश

Must read


UP News Hindi LIVE: अगर आप उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध और हर जिले से जुड़ी ताज़ा खबरों पर नज़र रखना चाहते हैं, तो न्यूज18 हिंदी के इस लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें. यहां आपको प्रदेश के कोने-कोने से हर छोटी-बड़ी खबर, ब्रेकिंग अपडेट्स, राजनीतिक हलचल और आपराधिक घटनाओं की सटीक और तेज जानकारी लगातार मिलती रहेगी. हर पल बदलती खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे साथ बने रहें और जानें यूपी की हर अहम हलचल सबसे पहले…

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद नगर स्थित सब्जी मंडी और कपड़ा मार्केट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी विकराल थी कि जिले की सभी फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं. संकरी गलियों में मार्केट होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इस हादसे में करीब 50 से 60 दुकानें जलकर राख हो गई हैं, जिनमें रेडीमेड कपड़ों की कई दुकानें भी शामिल हैं. आग की चपेट में आकर मंडी में खड़े कई वाहन भी जल गए. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अब तक किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है.

मेरठ में हिंदू युवकों से मारपीट के आरोप पर हंगामा, तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के सद्दीक नगर में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब हिंदू युवकों के साथ मारपीट की सूचना सामने आई. आरोप है कि एक विशेष समुदाय के युवकों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया, जिसके बाद मौके पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के पहुंचने से माहौल और तनावपूर्ण हो गया. स्थिति बिगड़ने पर इलाके में हंगामा शुरू हो गया. सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

ललितपुर में दबंगई, मजदूरी मांगने पर युवक की सरेआम पिटाई, वीडियो वायरल
ललितपुर जिले के जखोरा थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मजदूरी के पैसे मांगने पर एक युवक की सरेआम पिटाई कर दी गई. आरोप है कि शराब दुकानदार ने युवक के साथ मारपीट की. घटना के चार दिन बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है.

कौशांबी में घर के बेसमेंट में मिली नवविवाहिता की लाश, सिर पर चोट के निशान, 3 टीमें जांच में जुटीं
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सैनी कोतवाली क्षेत्र के उसरैना गांव में 25 वर्षीय विवाहिता सोनाली की हत्या कर दी गई. देर शाम घर के अंदर बेसमेंट में उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. एसपी सत्यनारायन प्रजापत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है. गौरतलब है कि सोनाली की शादी महज एक साल पहले ही हुई थी.

लखनऊ में ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ का शुभारंभ आज, सीएम योगी करेंगे कार्यक्रम में शिरकत
लखनऊ में आज ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा उत्तर प्रदेश’ का भव्य शुभारंभ किया जाएगा. यह कार्यक्रम शाम 4 बजे गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे. इस यात्रा के जरिए सांस्कृतिक स्वाभिमान और ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा.

लखनऊ में आज सीएम योगी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, नारी शक्ति वंदन मुद्दे पर विपक्ष को घेरने की रणनीति तेज
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीजेपी राज्य मुख्यालय में सुबह 10:45 बजे अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न हो पाने को लेकर उत्पन्न जनाक्रोश के बीच बीजेपी ने विपक्ष को घेरने की पूरी रणनीति तैयार कर ली है. पार्टी अब सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की तैयारी में है. इसी क्रम में 21 अप्रैल को लखनऊ में महिला जन आक्रोश रैली और मार्च पास्ट का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत पूरा मंत्रिमंडल शामिल होगा. साथ ही, निंदा प्रस्ताव लाने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र 29 या 30 अप्रैल को बुलाए जाने की तैयारी है, जबकि स्थानीय निकायों में भी विशेष सत्र आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है.

लखनऊ न्यूज: स्मार्ट मीटर शिकायतों पर सख्त रुख, यूपीपीसीएल ने बनाई एक्सपर्ट कमेटी
लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है, जहां यूपीपीसीएल ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया है. यह कदम मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में उठाया गया है. कमेटी की रिपोर्ट आने तक प्रदेश में स्मार्ट मीटर बदलने की प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. अब सभी की नजरें कमेटी की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई और नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे.

इटावा न्यूज: ड्यूटी पर जा रहे 4 सुरक्षा कर्मियों के साथ हिंसा, घायल जवानों को सैफई रेफर
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ड्यूटी के लिए जा रहे चार सुरक्षा कर्मियों के साथ ग्रामीणों ने मारपीट कर दी. बताया जा रहा है कि बाहरपुरा के पास सड़क हादसे में घायल होने के बावजूद सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाया गया. घटना में दो कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले भरथना के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में हालत बिगड़ने पर सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया. मामले की जानकारी मिलते ही एक्सप्रेसवे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी विजय सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए लेकर गए.

औरैया न्यूज: लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ में तीन लुटेरे गिरफ्तार, दो घायल
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में पुलिस का “ऑपरेशन क्लीन” लगातार असर दिखा रहा है. कोल्ड ड्रिंक कारोबारी बृजेश गुप्ता से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन बाइक सवार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है. 17 अप्रैल की रात अवैध हथियारों के बल पर लूट को अंजाम देने वाले इन आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिन्हित किया गया. अछल्दा रोड पर दिबियापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए. आरोपियों के कब्जे से लूटी गई लाखों की नकदी, मोबाइल, लैपटॉप, अवैध तमंचे और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article