Last Updated:
Iran Infra Network : ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ अकेले महीनेभर युद्ध लड़कर यह तो साबित कर दिया कि उसके पास हथियारों का बड़ा जखीरा है, लेकिन देश में इन्फ्रा का बड़ा नेटवर्क बताता है कि यह देश ताकत के साथ सुविधाओं में भी कमतर नहीं है. ईरान में सड़क, रेल और हवाई सुविधाओं का बड़ा नेटवर्क बन चुका है.
ईरान का सबसे लंबा हाईवे करीब 1,800 किलोमीटर का है.
नई दिल्ली. अमेरिका और इजराइल के साथ करीब एक महीने से अकेले युद्ध लड़ रहे ईरान की मिसाइल और ड्रोन की ताकतों से तो अब दुनिया वाकिफ हो चुकी है. लेकिन, अगर आप सोच रहे हैं कि ईरान के पास सिर्फ युद्ध लड़ने की ही ताकत है तो एकदम गलत हैं. इन्फ्रा के क्षेत्र में भी ईरान कई देशों को टक्कर देता है. वहां सड़क, रेलवे और हवाई सेवाओं का भी अच्छा खास जाल है. अगर ईरान के सबसे लंबे हाईवे की बात करें यह सैकड़ों किलोमीटर का है. इसके अलावा कई हजार किलोमीटर का रेलवे नेटवर्क भी मौजूद है.
सबसे पहले बात करते हैं कि ईरान का सबसे लंबा हाईवे कौन सा है और उसकी कुल लंबाई कितनी है. ईरान के सबसे लंबे हाईवे को रोड 91 या हाईवे 91 कहा जाता है. इसकी लंबाई करीब 1,720 किलोमीटर है, जो पूर्वी ईरान के फयैजाबाद यानी रजावी खोरासान से शुरू होकर दक्षिणी ईरान के जास्क तक जाता है, जो होरमोजगान प्रांत का हिस्सा है. यह हाईवे 5 राज्यों को पार करता है, जिसमें रजावी खोरासान, दक्षिणी खोरासान, यज्द, केरमान और होरमोजगान शामिल हैं. इस हाइवे के जरिये ईरान के 6 बड़े शहरों से गुजरा जा सकता है.
क्यों सबसे महत्वपूर्ण है यह हाईवे
ईरान का हाईवे 91 पूर्वी छोर को दक्षिणी छोर से जोड़ता है, जो आसियान हाईवे 78 का प्रमुख हिस्सा है. इस हाईवे के जरिये ईरान का सबसे ज्यादा कारोबार होता है. वैसे तो यह कहीं दो लेन और कहीं 4 लेन वाली ट्रंक रोड है, लेकिन ईरान की सबसे जरूरी सड़क मानी जाती है. इसकी सिर्फ एक वजह है कि इस हाईवे के जरिये ईरान के दो सबसे जरूरी छोर आपस में जुड़ते हैं, जो समुद्री व्यापार के लिए भी एक संजीवनी की तरह काम करते हैं.
कितना बड़ा है सड़क नेटवर्क
ईरान में रोड नेटवर्क काफी विकसित और बड़ा है, जो इस देश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जरूरी होने के साथ-साथ इसकी ताकत को भी दर्शाता है. ईरान में पहाड़, रेगिस्तान और समुद्री तटों की काफी संख्या है. देश में कुल नेटवर्क करीब 2.20 लाख किलोमीटर से भी ज्यादा है. अगर कच्ची और पक्की सभी सड़कें शामिल की जाएं तो यह आंकड़ा 7.37 लाख किलोमीटर के आसपास पहुंच जाता है. देश में मुख्य हाईवे भी करीब 45 हजार किलोमीटर है. फिलहाल इस देश में एक्सप्रेसवे की शुरुआत हो चुकी है और अब तक 2,793 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे बन चुका है. सरकार हाईवे के नेटवर्क को बढ़ाकर 65 हजार किलोमीटर तक करने का लक्ष्य रखा है.
रेलवे का कितना नेटवर्क
ईरान में सिर्फ सड़कों का ही नहीं, रेल का भी बड़ा नेटवर्क है. देश में कुल रेलवे नेटवर्क करीब 13 हजार किलोमीटर का है, जिसमें से 1,500 किलोमीटर का डबल ट्रैक है. ईरान ने अपने रेल नेटवर्क का विद्युतिकरण भी शुरू कर दिया है, लेकिन अभी यह काम सिर्फ 150 किलोमीटर ट्रैक पर ही हुआ है. करीब 10 किलोमीटर ट्रैक पर अभी ट्रेनों को दौड़ाया जा रहा है, जबकि बाकी को ऑपरेशनल करने का काम अभी बाकी है. रेल नेटवर्क के जरिये ईरान हर साल 3.3 करोड़ टन माल और करीब 3 करोड़ यात्रियों को सर्विस देता है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें




