Last Updated:
IPL 2026 Orange Cap: विराट कोहली का बल्ला आईपीएल 2026 में आग उगल रहा है. गुजरात टाइटंस के खिलाफ 44 गेंदों पर 81 रनों की आतिशी पारी खेलकर उन्होंने ऑरेंज कैप की रेस में सनसनी मचा दी है. इस धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर किंग कोहली अब 7 मैचों में 328 रन बनाकर शीर्ष स्थान पर काबिज हो गए हैं. जो दिग्गज बल्लेबाज टॉप-5 से बाहर चल रहा था, उसने एक ही पारी से अभिषेक शर्मा और क्लासेन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ अपना दबदबा साबित कर दिया है.
विराट कोहली ऑरेंज कैप की रेस में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है. हर गुजरते मैच के साथ ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस और भी दिलचस्प होती जा रही है. टूर्नामेंट के 34वें मुकाबले में जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस की टीमें आमने-सामने उतरीं, तो किसी ने नहीं सोचा था कि एक ही मैच के बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग में इतना बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा. इस मैच में विराट कोहली के बल्ले से निकली आतिशी पारी ने न केवल बेंगलुरु को जीत दिलाई, बल्कि ‘किंग कोहली’ को एक बार फिर रनों के शिखर पर लाकर खड़ा कर दिया है.
मैच की शुरुआत गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की दमदार बल्लेबाजी से हुई. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया.गुजरात की पारी का मुख्य आकर्षण युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन रहे, जिन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाकर बेंगलुरु के गेंदबाजों को पस्त कर दिया। सुदर्शन ने महज 58 गेंदों का सामना करते हुए शानदार 100 रनों की शतकीय पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 11 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के जड़े. सुदर्शन की इस मैराथन पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 205 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.बेंगलुरु के सामने 206 रनों का कठिन लक्ष्य था, जिसे हासिल करना आसान नहीं माना जा रहा था.
कोहली का ‘विराट’ अवतार और बेंगलुरु का पलटवार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत संभली हुई लेकिन आक्रामक रही. सबकी निगाहें विराट कोहली (Virat Kohli) पर टिकी थीं, जो इस मैच से पहले ऑरेंज कैप की टॉप-5 रेस से बाहर चल रहे थे. कोहली ने इस मैच में अपनी क्लास दिखाई और 44 गेंदों पर 81 रनों की बेमिसाल पारी खेली. उनकी इस पारी में 8 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल थे. विराट ने मैदान के हर कोने में रन बटोरे और विपक्षी गेंदबाजों के आत्मविश्वास को हिलाकर रख दिया.
विराट कोहली ऑरेंज कैप की रेस में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं.
विराट का साथ निभाने के लिए देवदत्त पडिक्कल ने भी बखूबी जिम्मेदारी निभाई. पडिक्कल ने महज 27 गेंदों में 55 रन ठोक दिए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल थे. इन दोनों बल्लेबाजों की पारियों की बदौलत RCB ने 18.5 ओवर में ही 5 विकेट खोकर 206 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. हालांकि गुजरात की ओर से राशिद खान ने दो विकेट झटके, लेकिन वह काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में 49 रन लुटा दिए.
ऑरेंज कैप की रेस में मची ‘खलबली’
इस मैच के बाद आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप लिस्ट पूरी तरह बदल गई है. मैच से पहले जो विराट कोहली टॉप-5 से बाहर थे, अब वह सीधे पहले पायदान पर पहुंच गए हैं. विराट ने इस सीजन में अब तक 7 मैचों में 328 रन बना लिए हैं और वह फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. विराट के ठीक पीछे सनराइजर्स हैदराबाद के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का नाम है. अभिषेक ने भी इस सीजन में अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया है और वह 7 मैचों में 323 रनों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं. उनके ही साथी और हैदराबाद के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 7 मैचों में 320 रन बनाकर तीसरे स्थान पर बने हुए हैं. हैदराबाद के इन दो बल्लेबाजों और विराट कोहली के बीच रनों का अंतर बहुत कम है, जिससे आने वाले मैचों में यह जंग और भी रोचक होने वाली है.
गिल की वापसी और संजू का संघर्ष
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के लिए भले ही यह मैच टीम की जीत के लिहाज से अच्छा नहीं रहा, लेकिन व्यक्तिगत रूप से उन्होंने टॉप-5 में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है. गिल अब 6 मैचों में 297 रनों के साथ ऑरेंज कैप की लिस्ट में चौथे नंबर पर आ गए हैं. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेल रहे संजू सैमसन 7 मैचों में 293 रनों के साथ पांचवें पायदान पर खिसक गए हैं.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


