Last Updated:
India Art Festival 2026: इंडिया आर्ट फेस्टिवल 2026 3 अप्रैल से हैदराबाद में शुरू होने जा रहा है, जो देश के सबसे बड़े कला आयोजनों में से एक माना जाता है. इस फेस्टिवल में देश-विदेश के कलाकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे. पेंटिंग, स्कल्पचर और समकालीन कला के विभिन्न रूप यहां देखने को मिलेंगे. यह आयोजन कला प्रेमियों के लिए खास अवसर है, जहां वे नई प्रतिभाओं और कलात्मक से रूबरू हो सकते हैं.
हैदराबाद अपनी ऐतिहासिक पहचान जैसे स्वर्ण-पत्ती नक्काशी और आसफ जाही दौर की वास्तुकला के लिए विश्व प्रसिद्ध है, लेकिन वर्तमान में यह शहर अपनी पारंपरिक विरासत को संजोते हुए आधुनिक कला के एक ग्लोबल केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है. इसी सांस्कृतिक बदलाव को नई ऊंचाई देने के लिए इंडिया आर्ट फेस्टिवल (IAF) अपने तीसरे संस्करण के साथ वापसी कर रहा है. यह आयोजन न केवल कला का प्रदर्शन है बल्कि शहर की ऐतिहासिकता और आधुनिक रचनात्मकता का एक अनूठा संगम भी है.

इंडिया आर्ट फेस्टिवल 3.0 का आयोजन 3 से 5 अप्रैल, 2026 तक हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स स्थित कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा. इस बार महोत्सव का पैमाना पहले से कहीं अधिक विशाल है. यहाँ कुल 80 विशेष बूथ तैयार किए गए हैं जिनमें 3,000 से अधिक कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा. आयोजन का मुख्य उद्देश्य कला का लोकतांत्रीकरण करना है, जहाँ स्वतंत्र और उभरते हुए कलाकारों को देश की 30 प्रतिष्ठित आर्ट गैलरीज के साथ एक ही मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है.

हैदराबाद के साथ-साथ देशभर के लगभग 300 कलाकार इस उत्सव में शिरकत कर रहे हैं. मुंबई की आयुषी जैन अपनी Abstract Art के लिए जानी जाती हैं, जबकि भोपाल की अंजली प्रभाकर और बेंगलुरु की भावना वार्ष्णेय ब्रह्मांडीय चित्रण और विशिष्ट शैलियों को मंच पर उतारेंगी. इसके अतिरिक्त, कला प्रेमियों के लिए एम.एफ. हुसैन और लक्ष्मा गौड़ जैसे महान भारतीय दिग्गजों के कार्यों को करीब से देखने और समझने का यह एक दुर्लभ अवसर होगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस महोत्सव में डेक्कन की मिट्टी से जुड़ी प्रतिभाओं का विशेष बोलबाला रहेगा. स्थानीय कलाकारों में यू. विजय कुमार अपनी बेहतरीन Figurative Art के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे, वहीं कप्पारी कृष्ण पौराणिक विषयों को आधुनिक रंगत में पेश करेंगे. मूर्तिकला के क्षेत्र में एस. कंथा रेड्डी और डीवीएस कृष्णा की फाइबरग्लास से बनी अद्भुत कृतियां आकर्षण का केंद्र होंगी, जो हैदराबाद की समकालीन कलात्मक सोच को प्रदर्शित करती हैं.

कला का यह महाकुंभ जुबली हिल्स के रोड नंबर 51 स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा. महोत्सव का समय सुबह 11:00 बजे से रात 8:00 बजे तक रखा गया है. 3 अप्रैल को विशेष वीआईपी होगा, जिसके बाद 4 और 5 अप्रैल को यह आम जनता के लिए खुला रहेगा. इच्छुक व्यक्ति 199 रुपए की शुरुआती कीमत पर BookMyShow के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं.

यह फेस्टिवल केवल एक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है बल्कि एक संपूर्ण सांस्कृतिक अनुभव है. दर्शकों के मनोरंजन के लिए यहां लाइव पेंटिंग फ्यूजन शो का आयोजन किया जाएगा, जहां कलाकार संगीत की धुनों के साथ कैनवास पर अपनी कल्पनाएं उकेरेंगे. इससे कला प्रेमियों को रचना की जटिल प्रक्रिया को लाइव देखने का मौका मिलेगा. साथ ही माहौल को जीवंत बनाने के लिए लाइव म्यूजिक परफॉरमेंस भी पूरे समय जारी रहेगी.





