उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में होने वाली बड़ी घटनाएं, प्रशासनिक फैसले और सामाजिक बदलावों की पूरी अपडेट आपको सबसे पहले यहां मिलेगी. हर दिन की बड़ी और जरूर खबरों को आसान भाषा में और फटाफट देखने के लिए जुड़े रहे इस लाइव ब्लॉग के साथ. राज्य की हर छोटी-बड़ी हलचल पर नजर रहती है ऐसे में आपको सटीक और तेज़ अपडेट मिलता है. यहां आपको राजनीति, अपराध, विकास कार्यों और स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें सरल और स्पष्ट रूप में मिलती हैं, ताकि आप हर स्थिति से हमेशा अपडेट रहें.
देवरिया पुलिस लाइन में 485 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड, DM दिव्या मित्तल ने ली सलामी
देवरिया पुलिस लाइन में 485 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सलामी लेकर उनका उत्साहवर्धन किया. परेड में महिला सशक्तिकरण की झलक देखने को मिली, जहां प्रशिक्षित महिला आरक्षियों ने अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया. परेड के दौरान महिला आरक्षियों ने अपने प्रशिक्षण का प्रदर्शन करते हुए समाज में सुरक्षा और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई. इस मौके पर बड़ी संख्या में उनके परिजन भी मौजूद रहे, जिन्होंने उनका हौसला बढ़ाया. अब ये सभी प्रशिक्षित महिला आरक्षी प्रदेश के विभिन्न थानों में तैनात होकर अपनी सेवाएं देंगी और समाज के लिए प्रेरणा बनेंगी.
अयोध्या में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू, 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा
रामनगरी अयोध्या में 25 से 27 अप्रैल तक होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है, जो 10 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हो रही है. पूरी परीक्षा प्रक्रिया CCTV निगरानी में कराई जा रही है और हर केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं. रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है, जबकि पुलिस प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को प्राथमिकता बताया है.
कानपुर में होमगार्ड परीक्षा में बड़ी धांधली का भंडाफोड़, AI तकनीक से नकल की कोशिश नाका
कानपुर से होमगार्ड परीक्षा में बड़ी धांधली का मामला सामने आया है, जहां AI तकनीक और हाई-टेक उपकरणों की मदद से नकल की कोशिश की जा रही थी. बी.एन.एस.डी. इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में आयोजित परीक्षा के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया. मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से सील्ड प्रश्न-पत्र समेत कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है. कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है.
लखनऊ में सिपाहियों की दीक्षांत परेड, सीएम योगी करेंगे निरीक्षण और सम्मान
लखनऊ पुलिस लाइन में आज महिला सिपाहियों की दीक्षांत परेड आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रशिक्षण पूरा कर चुके सिपाही औपचारिक रूप से सेवा में शामिल होंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परेड का निरीक्षण करेंगे और मान प्रणाम स्वीकार करेंगे. ट्रेनिंग के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिपाहियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे.
हापुड़ में जयमाला के दौरान दूल्हा बेहोश, शादी में हंगामा, अस्पताल में भर्ती
जयमाला की स्टेज पर चक्कर ख़ाकर दूल्हा गिर गया. दुल्हन पक्ष ने शादी में दूल्हे पर शराब पीने का आरोप लगाया है. तबियत बिगड़ने पर दूल्हा अस्पताल में भर्ती कराया गया. शादी टूटने पर जमकर हंगामा किया गया. हापुड़ के बुलंदशहर रोड मैरिज हॉल की घटना बताई जा रही है.
Bulandshahr News: खुर्जा में मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन लोगों की मौत से हड़कंप
बुलंदशहर के खुर्जा से बड़ी खबर सामने आई है. थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के नेहरुपुर चुंगी, सुभाष रोड पर मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना हुई. इस घटना में तीन लोगों को सिर में गोली लगने की सूचना है और तीन लोगों की मौत बताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है. इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
Agra News: आगरा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार
आगरा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया. बायोमेट्रिक जांच में डेटा मैच न होने पर मामले का खुलासा हुआ. आरोपी ने दूसरे व्यक्ति के रोल नंबर पर अपना फोटो लगाकर परीक्षा देने की कोशिश की थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है. मामले की जांच जारी है. डीसीपी सिटी ने बताया कि इस रैकेट के मास्टरमाइंड को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.


