Last Updated:
jofra archer vs priyansh arya: जोफ्रा आर्चर और प्रियांश आर्य के बीच पारी के तीसरे ओवर में जबरदस्त जंग देखने को मिली, जिसे अंत में राजस्थान रॉयल्स के पेसर ने जीता. आर्चर ने ओवर में उन्हें आउट करने के दो मौके बनाए, लेकिन प्रियांश बच निकले. हालांकि, 5वीं गेंद पर उन्होंने पंजाब के ओपनर को रफ्तार से चकमा देकर आखिरकार अपने जाल में फंसा ही लिया.
जोफ्रा आर्चर ने किया प्रियांश को आउट.
नई दिल्ली. पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए आईपीएल मुकाबले में जोफ्रा आर्चर और प्रियांश आर्य के बीच गेंद को बल्ले की जबरदस्त जंग हुई. आर्चर उन्हें बार-बार आउट करने की कोशिश करते, लेकिन प्रियांश किसी तरह बचे निकलते. हालांकि, आखिरकार राजस्थान रॉयल्स के इस स्टार पेसर को सफलता मिल ही गई, जब 150.1 kph की रफ्तार वाली गेंद पर कैच आउट करा दिया. आईपीएल 2026 का यह 40वां मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया, जिसमें टॉस गंवाने के बाद पंजाब किंग्स पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी.
बर्गर के ओवर में कूटे 21 रन
पंजाब के लिए ओपनिंग करने उतरे प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य. जोफ्रा आर्चर ने मैच का पहला ओवर फेंका, जिसमें प्रियांश को स्ट्राइक नहीं मिली. प्रभसिमरन ने पूरा ओवर खेला, जिसमें आठ रन आए. दूसरे ओवर में स्ट्राइक पर आए प्रियांश ने नांद्रे बर्गर की जमकर धुनाई कर डाली. पहली गेंद पर दो रन लेने के बाद उन्होंने लगातार चार बाउंड्री जड़ दीं, जिसमें एक छक्का और तीन चौके शामिल रहे. प्रियांश ने ओवर में 21 रन बटोरे. आखिरी गेंद पर एक रन की मदद से अगले ओवर के लिए स्ट्राइक उनके ही पास रही.
आर्चर के सामने असली टेस्ट
दूसरे ओवर में आसानी से चौके-छक्के लगाने के बाद प्रियांश का असली टेस्ट तीसरे ओवर में हुआ, जब आर्चर सामने आए. आर्चर ने पहली ही गेंद शॉर्ट फेंकी, जिस पर प्रियांश के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और बॉल पहली स्लिप से होते हुए चौके के लिए निकल गई. प्रियांश लकी रहे कि फर्स्ट स्लिप में कोई खिलाड़ी नहीं खड़ा था. अगली दो गेंदों पर आर्चर ने प्रियांश से तीखे सवाल पूछे और कोई रन नहीं बना. फील्ड के हिसाब से आर्चर ने चौथी गेंद बैक ऑफ लेंथ फेंकी, जिसे खेलते वक्त प्रियांश असमजंस में नजर आए और गेंद उनके बल्ले से लगती हुई डीप फर्स्ट स्लिप में खड़े यशस्वी जायसवाल की ओर गई. यहां भी प्रियांश बच निकले, क्योंकि यशस्वी ने छलांग लगाकर इसे लपकने की पूरी कोशिश की, लेकिन गेंद उंगलियों से लगती हुई फिर चौके के लिए निकल गई. आखिरकार 5वीं गेंद पर आर्चर ने प्रियांश को अपने जाल में फंसा ही लिया. एक 150.1 kph की तेज रफ्तार गेंद पर प्रियांश बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद हवा में खड़ी हो गई. मिड ऑफ पर खड़े बर्गर ने एक अच्छा कैच लेकर प्रियांश की पारी को समाप्त कर दिया. प्रियांश ने 11 गेंदों में 5 चौके और एक चक्के के साथ 29 रन बनाए.
Third time is the charm! 😎
🎥 Edged, then a drop, and Jofra Archer finally gets his man🔥


