Organic Fertilizer Startup Success Story: कहते हैं कि अगर सही जानकारी और जज्बा हो, तो मिट्टी से भी सोना उगाया जा सकता है. छपरा के मकेर प्रखंड अंतर्गत मछही गांव के युवा छात्र राहुल कुमार शर्मा ने इसे सच कर दिखाया है. एग्रीकल्चर के छात्र राहुल ने पढ़ाई के साथ-साथ गोबर से जैविक खाद (Organic Fertilizer) तैयार करने का ऐसा स्टार्टअप शुरू किया कि आज उनका टर्नओवर लाखों में पहुंच गया है. राहुल के शिक्षक भाई ने उन्हें पारंपरिक खेती के बजाय कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया. राहुल ने मांझी कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण लिया और ‘शिवांश’ नाम से अपना जैविक खाद उद्योग शुरू किया. जहर मुक्त खेती के प्रति उनके जुनून का नतीजा है कि पिछले साल उन्होंने 9 लाख रुपये की खाद बेची है. राहुल की खाद की मांग सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश, बंगाल और नेपाल तक उनके उत्पाद जा रहे हैं. वे बताते हैं कि रासायनिक खादों से धरती बंजर हो रही है और बीमारियां बढ़ रही हैं. जिसे रोकने के लिए जैविक खेती ही एकमात्र विकल्प है. आज 200 से अधिक किसान राहुल से जुड़कर अपनी मिट्टी को जहर मुक्त बना रहे हैं.




